खंडवा
इंदौर सांसद शंकर लालवानी की गाड़ी का खंडवा में चालान काट दिया गया। वे यहां लोकसभा उपचुनाव के संबंध में आए थे। इस दौरान करीबी के यहां भोजन करने चले गए। उनकी गाड़ी में हूटर और नेमप्लेट लगी थी। गाड़ी नो एंट्री में भी खड़ी थी। इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए ट्रैफिक इंचार्ज ने 1500 रुपए का चालान काट दिया। वाहन को लॉक करते देख सांसद के करीबी भड़क उठे। इसके बाद सांसद लालवानी बाइक पर बैठकर रवाना हो गए।
उपचुनाव के बीच बीजेपी नेताओं समेत इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने खंडवा में डेरा डाल रखा है। वे सोमवार दोपहर 3.30 बजे वे केवलराम चौराहा स्थित अपने करीबी के डिग्रीलाल रेस्टोरेंट पर भोजन करने चले गए। यहां ट्रैफिक पुलिस के जवान ने उनकी गाड़ी लॉक कर दी। ट्रैफिक जवान ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इतने में मीडियाकर्मी भी मौके पर पहुंच गए।

ट्रैफिक इंचार्ज देवेंद्र सिंह परिहार ने काटा चालान।
घटनाक्रम देख सांसद लालवानी ने करीबी से बाइक बुलवाई और निकल गए। ट्रैफिक इंचार्ज देवेंद्र सिंह परिहार ने सांसद के वाहन पर हूटर और नेमप्लेट लगी होने से चालानी कार्रवाई की। परिहार ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों व आचार संहिता का उल्लंघन होने पर संबंधित वाहन मालिक से 1500 रुपए का जुर्माना वसूला है।
बीजेपी नेता के कहने पर हटाए गए थे, सप्ताहभर पहले किया जॉइन
लालवानी के वाहन का चालान काटने वाले सूबेदार देवेंद्र सिंह परिहार पहले भी चर्चाओं में रहे हैं। इससे पहले कमलनाथ सरकार में पंधाना से बीजेपी विधायक राम दांगोरे के वाहन पर लगी ‘मैं भी चौकीदार’ लिखी प्लेट हटा दी थी। बीजेपी नेता के वाहन का चालान काटने पर पार्टी के तत्कालीन जिलाध्यक्ष हरिश कोटवाले ने उन्हें थाने से हटवाकर लाइन अटैच करवा दिया था। हफ्ताभर पहले ही थाना इंचार्ज का चार्ज लेने वाले परिहार पुलिस परिवार से हैं।





