कर्नाटक में बजरंग दल और RSS बैन करने की बयानबाजी लगातार जारी है। भाजपा ने दावा किया है कि अगर कांग्रेस ने बजरंग दल या फिर RSS को बैन किया तो वह खाक में मिल जाएगी। वहीं, दूसरी तरफ आतंकवादी संगठन ISIS की मदद करने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हम आपको आगे बताएंगे कि कैसे ये आरोपी ISIS की मदद कर रहे थे।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नए संसद भवन का उद्घाटन करेंगे। लोकसभा में स्पीकर की कुर्सी के पास सेंगोल की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम में PM मोदी 75 रुपए का स्पेशल सिक्का और स्टाम्प भी जारी करेंगे। वहीं, विपक्ष के 20 दलों ने इस समरोह के बायकॉट का फैसला किया है।
- IPL-2023 का फाइनल मैच आज गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। गुजरात लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी। वहीं, चेन्नई 5वीं बार खिताब जीतना चाहेगी। फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।
नीति आयोग की बैठक में नहीं आए 8 मुख्यमंत्री, BJP बोली- मोदी के विरोध में कहां तक जाएंगे?

दिल्ली में PM मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग के गवर्निंग काउंसिल की 8वीं मीटिंग हुई।
PM मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक हुई। इसमें केजरीवाल, ममता बनर्जी और नीतीश कुमार सहित 8 राज्यों के मुख्यमंत्री नहीं आए। दिल्ली में अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर लाए गए अध्यादेश के विरोध में 5 मुख्यमंत्रियों ने बैठक का विरोध किया। वहीं, राजस्थान के CM गहलोत ने तबीयत खराब होने का हवाला दिया।
मामले में भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नीति आयोग देश के विकास और योजनाओं के लिए बहुत जरूरी है। जो मुख्यमंत्री बैठक में नहीं आए, वे जनता विरोधी और गैर-जिम्मेदार हैं। मोदी विरोध में आप कहां तक जाएंगे?
नागपुर के 4 मंदिरों में ड्रेस कोड लागू; कटी-फटी जीन्स, स्कर्ट पहनने पर नहीं मिलेगी एंट्री
महाराष्ट्र के नागपुर में चार मंदिरों में ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है। अब कटी फटी जीन्स, स्कर्ट और आपत्तिजनक कपड़े पहनकर मंदिर जाने पर एंट्री नहीं मिलेगी। महाराष्ट्र मंदिर महासंघ ने कहा कि श्रद्धालु आपत्तिजनक कपड़े पहनकर मंदिर में न आएं। महासंघ ने आगे कहा कि हमारा उद्देश्य मंदिरों की पवित्रता की रक्षा करना है। मई की शुरुआत में उस्मानाबाद जिले के तुलजा भवानी मंदिर ने भी आपत्तिजनक कपड़ों पर रोक लगाने की कोशिश की थी। लेकिन इस फैसले के बाद हंगामा शुरू हो गया था। इसके चलते कुछ ही घंटों में आदेश वापस लेना पड़ा था।
मंदिरों की पवित्रता की रक्षा करना उद्देश्य
महाराष्ट्र मंदिर महासंघ के कोऑर्डिनेटर सुनील घनवट ने कहा कि मंदिर के बाहर पोस्टर भी लगाए गए हैं। जिसमें लिखा है कि कटी फटी जीन्स, स्कर्ट जैसै आपत्तिजनक कपड़े पहनकर मंदिर में न आएं। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य मंदिरों की पवित्रता की रक्षा करना है।
पहले भी कई मंदिरों में ड्रेस कोड लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अनुरोध करेंगे की वे सरकार के नियंत्रण वाले मंदिरों में भी ड्रेस कोड लागू करें।
तुलजा भवानी मंदिर में नियम लागू करने पर हुआ था हंगामा
कुछ दिन पहले यानी मई की शुरुआत में उस्मानाबाद जिले के तुलजा भवानी मंदिर ने भी आपत्तिजनक कपड़ों पर रोक लगाने की कोशिश की थी। लेकिन इस फैसले के बाद हंगामा शुरू हो गया था। इसके चलते कुछ ही घंटों में आदेश वापस लेना पड़ा था।
कर्नाटक में 24 नए मंत्रियों ने ली शपथ, BJP से आए नेताओं को नहीं बनाया गया मंत्री

कर्नाटक कैबिनेट में CM सिद्धारमैया, डिप्टी CM डीके शिवकुमार समेत कुल 34 मंत्री हो गए हैं।
कर्नाटक में CM सिद्धारमैया की टीम तैयार है। 24 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें एच.के. पाटिल, कृष्णा बायरेगौड़ा, डी. सुधाकर, बी. नागेंद्र, शिवानंद पाटिल के नाम शामिल हैं। अब कैबिनेट में CM सिद्धारमैया, डिप्टी CM डीके शिवकुमार समेत कुल 34 मंत्री हो गए हैं।
चुनाव के पहले भाजपा से कांग्रेस में आए सीनियर लीडर जगदीश शेट्टार और लक्ष्मण सावदी को मंत्री नहीं बनाया गया। हालांकि, इन दोनों नेताओं के आने से कांग्रेस को लिंगायत वोट बैंक साधने में मदद मिली थी। सूत्रों के मुताबिक, इनके मंत्री बनने का कांग्रेस का एक गुट विरोध कर रहा था।
. RSS को बैन किया तो कांग्रेस खाक हो जाएगी, कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष का खड़गे को जवाब
कर्नाटक में RSS को बैन करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार ने कहा है कि कांग्रेस अगर बजरंग दल या RSS को बैन करने की कोशिश करती है तो जलकर खाक हो जाएगी। PM मोदी RSS के स्वयंसेवक हैं और वे केंद्र में बड़े स्तर पर हैं। नेहरू और इंदिरा गांधी ने भी शाखा को बैन करना चाहा, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
कर्नाटक के भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील ने कहा है कि अगर कांग्रेस ने राज्य में बजरंग दल या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को बैन करने की कोशिश की तो जलकर खाक हो जाएगी। उन्होंने कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे को जुबान पर लगाम लगाने की नसीहत दी।
दरअसल, 24 मई को प्रियांक खड़गे ने कहा था कि अगर कोई भी संस्थान कर्नाटक की शांति भंग करने, समुदायों के बीच नफरत फैलाने और राज्य का नाम खराब करने की कोशिश करेगा तो हमारी सरकार कानूनी तौर से उससे डील करने या उसे बैन करने में जरा भी नहीं हिचकेगी। चाहे ये संगठन RSS हो या बजरंग दल या कोई और धार्मिक संगठन। कटील ने प्रियांक खड़गे के इसी बयान का जवाब दिया है।

प्रियांक खड़गे का 24 मई का ट्वीट, जिसमें उन्होंने कहा था कि चाहे कोई संस्थान हो, अगर वह शांति भंग करेगा या नफरत फैलाएगा तो हमारी सरकार उसे बैन करने में हिचकिचाएगी नहीं।
नलिन बोले- पहले भी कई सरकारों ने कोशिश की, पर सफलता नहीं मिली
नलिन ने कहा कि प्रियांक खड़गे RSS को बैन करने की बात करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी RSS के स्वयंसेवक हैं और वे केंद्र में बड़े स्तर पर हैं। हम सभी RSS के स्वयंसेवक हैं। पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और नरसिम्हा राव की सरकारों ने भी RSS पर बैन लगाने की कोशिश की थी, पर उन्हें सफलता नहीं मिली।
उन्होंने खड़गे को चेतावनी देते हुए कहा कि आप भी कोशिश करके देख लीजिए, कांग्रेस जलकर खाक हो जाएगी। प्रियांक खड़गे के लिए बेहतर होगा कि वे इस देश के इतिहास के बारे में जान लें। उन्हें अपनी जुबान पर लगाम लगानी चाहिए।

कर्नाटक चुनाव मेनिफेस्टो में कांग्रेस ने बजरंग दल को बैन करने का वादा किया था
कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव के लिए अपने घोषणा पत्र में सरकार बनने पर बजरंग दल जैसे संगठनों को बैन करने का वादा किया था। कांग्रेस ने बजरंग दल और PFI का जिक्र करते हुए कहा था कि धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वालों पर एक्शन लेंगे।
इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस की आलोचना की थी। पीएम मोदी ने विजय नगर की चुनावी रैली में कहा था कि ये वही कांग्रेस है जिसने पहले श्रीराम को ताले में बंद किया, अब बजरंगबली को बंद करने की बात कह रहे।
MP में ISIS से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा, 3 लोग गिरफ्तार; गोला-बारूद बरामद

ये गिरफ्तारियां 26-27 मई को जबलपुर में 13 जगहों पर रातभर की छापेमारी के बाद की गईं।
MP में जांच एजेंसी NIA ने आतंकवादी संगठन ISIS से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। मामले में जबलपुर से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। 13 जगहों पर हुई छापेमारी में एजेंसी को गोला-बारूद, आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस मिले। तीनों आरोपियों को भोपाल की विशेष NIA कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने आरोपी सैयद ममूर अली, मोहम्मद आदिल खान और मोहम्मद शाहिद को 7 दिन की रिमांड पर सौंप दिया है। NIA ने बताया कि तीनों आरोपी ISIS के लिए प्रचार करते थे। स्थानीय मस्जिदों और घरों में बैठक करके देश में आतंक फैलाने की साजिशें रच रहे थे।
गिरफ्तार तीन आरोपियों को भोपाल की विशेष NIA कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी सैयद ममूर अली, मोहम्मद आदिल खान और मोहम्मद शाहिद को 7 दिन की रिमांड पर सौंप दिया है। तीनों को तीन जून को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जबलपुर से गिरफ्तार तीन आरोपियों को भोपाल की NIA कोर्ट में पेश किया गया।
ISIS के प्रचार-प्रसार में लगे थे आरोपी
NIA के प्रवक्ता ने बताया कि अगस्त 2022 में आरोपी मोहम्मद आदिल खान का नाम जांच एजेंसी के जानकारी में आया था। तब से उसकी जांच की जा रही थी। ISIS समर्थक गतिविधियों की जानकारी मिलते ही NIA ने 24 मई को मामला दर्ज किया।
आदिल और उसके सहयोगियों पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ ही जमीनी प्रोग्राम ‘दावा’ के जरिए ISIS के प्रचार-प्रसार में शामिल होने का आरोप है। यह मॉड्यूल स्थानीय मस्जिदों और घरों में बैठकें करता था और देश में आतंक फैलाने की साजिशें रच रहा था। खान केई यूट्यूब चैनल्स, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप ग्रुप चला रहा था।
जांच से पता चला कि तीनों आरोपी कट्टरपंथी हैं। इनके मंसूबे हिंसक जिहाद को अंजाम देने के थे। वे फंड जमा करने, ISIS प्रचार सामग्री का प्रसार करने, युवाओं को बरगलाने, भर्ती करने और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के मकसद से हथियार और गोला-बारूद खरीदने की कोशिश में लगे थे।
सैयद ममूर अली ने ‘फिसाबिलिल्लाह’ के नाम से एक ग्रुप बनाया था। वह इसी नाम से एक वॉट्सऐप ग्रुप भी चला रहा था। वह अपने साथियों के साथ पिस्तौल खरीदने की कोशिश कर रहा था। इसके लिए अवैध रूप से हथियार सप्लाई करने वाले के संपर्क में था।
जांच में पता चला कि तीसरा आरोपी शाहिद हथियार जमा करने की कोशिश में लगा था। उसने पिस्तौल के साथ ही IED और ग्रेनेड खरीदने का प्लान बनाया था। ताकि हिंसक वारदातों को अंजाम दे सके।
NIA और MP-ATS ने जबलपुर में 13 जगहों पर मारे छापे
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने जबलपुर के 13 इलाकों में छापे मारे। टीम ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील ए. उस्मानी को भी हिरासत में लिया है। NIA ने देर रात उनके घंटाघर और ओमती स्थित मकानों समेत ऑफिस पर दबिश दी। सिविल लाइन इलाके के सुप्रीम प्लाजा अपार्टमेंट से भी दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि NIA टीम ने उस्मानी समेत करीब 13 लोगों को हिरासत में लिया है।
अबू सलेम की पैरवी करने वाले वकील को तलब किया
NIA ने सिविल लाइन इलाके के सुप्रीम प्लाजा अपार्टमेंट में रहने वाले एडवोकेट नईम खान को नोटिस देकर भोपाल बुलाया है। वे अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम के मामले में पैरवी कर चुके हैं। NIA की टीम नईम के घर रात में ही पहुंची थी। नईम ने भास्कर को बताया कि 25 से 30 अफसरों ने घर की तलाशी ली। उनके बेटे के बारे में भी जानकारी ली। NIA ने नईम खान को नोटिस देकर कहा है कि वे अपने बेटे को लेकर भोपाल स्थित CID ऑफिस पहुंचें।

एडवोकेट नईम खान को नोटिस देकर भोपाल बुलाया गया है।
मानसिक रूप से बीमार युवक को थाने ले गई टीम, बाद में छोड़ा
जबलपुर के ओमती इलाके से NIA ने दो भाइयों- मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद बिलाल को हिरासत में लिया था। मां अफसाना ने बताया- पूरी रात बच्चों को नहीं छोड़ा। मैंने पूछा भी क्यों ले जा रहे, लेकिन कुछ नहीं बताया। बिलाल चार साल से मानसिक बीमार है। इसकी मेडिकल रिपोर्ट भी टीम को दिखाई, लेकिन उसे नहीं छोड़ा। जब कहा कि बच्चे को कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी आपकी होगी, तब बिलाल को छोड़ दिया। शनिवार सुबह 11 बजे शाहिद को भी छोड़ दिया। शाहिद सब्जी मंडी में काम करता है।ओमती से NIA अफसाना के दो बेटों को ओमती थाने ले गई थी। एक बेटा मानसिक बीमार है। महिला के दोनों बेटों को छोड़ दिया गया।
दो दिन पहले उत्तर प्रदेश में भी छापे मारे थे
बांग्लादेश के प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन, बांग्लादेश (JMB) से जुड़े भोपाल टेरर फंडिंग मामले में NIA ने 25 मई को उत्तर प्रदेश में भी दो जगह छापेमारी की थी। इसके बाद जबलपुर में छापे मारे गए। JMB के 10 गिरफ्तार सदस्यों में 6 बांग्लादेशी नागरिक हैं। ये अवैध रूप से भारत में घुसे और अपने सहयोगियों की मदद से जाली पहचान पत्र भी बनवा लिए।
NIA का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी 10 आरोपी देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध जिहाद करने के लिए भारतीय मुस्लिम युवाओं को प्रभावित करने, कट्टरपंथी बनाने और बरगलाने में शामिल थे। उन्होंने मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और असम सहित विभिन्न राज्यों में मजबूत नेटवर्क बना लिया था।
घेराबंदी, इलाका छावनी में तब्दील
वकील ए. उस्मानी के मुस्लिम बहुल इलाके स्थित घर पर NIA की टीम शुक्रवार रात करीब 11 बजे पहुंची। टीम में दिल्ली और भोपाल के करीब एक दर्जन IPS अफसर और 200 पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने वकील के घर के अंदर जाकर छानबीन और पूछताछ की।
कार्रवाई शुरू होने के साथ ही उनके घर की घेराबंदी कर घंटाघर और ओमती में रोड के दोनों सिरों पर बैरिकेड लगा दिए गए। आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई थी। जबलपुर SP तुषारकांत विद्यार्थी भी बाद में पहुंचे थे।
घरों से बाहर निकले लोगों को पुलिस ने अंदर भेजा
कार्रवाई शुरू होने के साथ ही घंटाघर और ओमती में आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई थी। सड़क पर सिर्फ पुलिस के वाहन ही दिख रहे थे। जब आसपास के लोग घरों से निकलकर आने लगे तो पुलिस बल ने उन्हें रोका और भीतर ही रहने के निर्देश दिए।
प्रदेशव्यापी कार्रवाई में मिले थे महत्वपूर्ण इनपुट
NIA ने हाल ही में MP में कार्रवाई करते हुए बड़वानी, सिवनी, भिंड और खंडवा में छापे मारकर संदिग्ध लोगों को पकड़ा था। उनसे कड़ी पूछताछ की गई तो फॉरेन फंडिंग और हथियारों से जुड़े कई इनपुट हाथ लगे। जानकारों का कहना है कि इसी आधार पर NIA ने ये कार्रवाई की।
हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के घर मिला था हथियारों का जखीरा
दो साल पहले जबलपुर पुलिस ने गैंगस्टर अब्दुल रज्जाक के घर दबिश दी थी। तलाशी में 12 बोर की एक पंप एक्सन गन, 12 बोर की दोनाली बंदूक, 315 बोर की राइफल, स्पोर्टिंग 315 बोर, 0.22 बोर की इटली मेड राइफल, 10 कारतूस और 15 बकानुमा चाकू जब्त किए थे। राइफल और बंदूकों के बारे में रज्जाक कोई लाइसेंस नहीं दिखा पाया। सभी हथियारों को जब्त करते हुए ओमती थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया गया था।
नए संसद भवन की खुशी में खलल न पड़े, दिल्ली में खापों का मार्च रोकने की जबर्दस्त तैयारियां
नई संसद के उद्घाटन के पहले आज शाम को पहलवानों ने कहा कि सरकार उनसे धरना समाप्त करने का दवाब डाल रही है। वहीं कल नए संसद भवन के बाहर महिला पंचायत भी आयोजित करने का प्लान है। इसके लिए किसानों के साथ महिलाएं भी आएंगी। इसे रोकने के लिए अभी से तैयारी की जा रही है। महिलाओं और किसानों को दिल्ली के बॉर्डरों टिकरी और सिंघू बॉर्डर को पत्थरों के साथ सील किया जा रहा है। वहीं महिला पहलवानों का भी कहना है कि महिला पंचायत होकर रहेगी। पहलवान साक्षी मलिक ने वीडियो जारी कर ज्यादा से ज्यादा लोगों से महिला पंचायत में शामिल होने की अपील की है।
एक के बाद एक आए भूकंप के झटकों से कांपा महाराष्ट्र का पालघर
महाराष्ट्र के पालघर में आज एक के बाद एक दो भूकंप के झटके महसूस किए गए। नैशनल सेंटर फॉर सिसमोलॉजी ने बताया कि पालघर में आज शाम 5 बजकर 15 मिनट और 5 बजकर 28 मिनट पर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.5 और 3.3 मापी गई है। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
विश्व की 20 पर्सेंट वर्कफोर्स भारत में होगी…नीति आयोग के CEO ने दी गुड न्यूज
नीति आयोग के CEO बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम ने आज नीति आयोग की 8वीं बैठक के बाद मीटिंग के बाद प्रेस को संबोधित किया। उन्होंने गुड न्यूज देते हुए कहा कि ‘विकासशील भारत’ थीम पर आज नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की आठवीं बैठक संपन्न हुई। इस समय भारत टेक ऑफ मोमेंट में है। हम सिर्फ जनसंख्या के मामले में विश्व के सबसे बड़े देश हैं। कुछ साल में विश्व के 20% काम करने वाले आयुवर्ग के लोग भारत में होंगे। अगर इस समय(अगले 25 साल) सही चीजें की गई तो भारत निरंतरता के साथ लंबी अवधि तक तेज़ गति से विकास कर सकता है।
नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार एक तरह का अपमान : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करने संबंधी विपक्ष के फैसले को लेकर शनिवार को निशाना साधा। ठाकुर ने कहा कि यह एक तरह का अपमान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को नए संसद भवन का उद्घाटन करने वाले हैं और कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित करीब 20 विपक्षी दलों ने समारोह का बहिष्कार करने की घोषणा की है। विपक्षी दलों का तर्क है कि संसद के नये भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को करना चाहिए क्योंकि वह न केवल गणराज्य की प्रमुख हैं, बल्कि संसद की भी प्रमुख हैं। ठाकुर ने कहा, ‘यह अलग बात है कि कुछ लोगों को संसद से हटाया गया। पहले वे संसद को न चलने देने के बहाने ढूंढते थे। अब बहिष्कार की बात कर रहे हैं, जो अपमान भी है।’वह मोदी सरकार की नौवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दूरदर्शन द्वारा आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर ने कहा कि भारत को लोकतंत्र की जननी होने पर गर्व है और प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को एक नया संसद भवन दिया है, जो दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है।





