पहलवानों की चेतावनी- एशियन गेम्स नहीं खेलेंगे:कहा- हमें धमकी मिल रही; ओडिशा हादसे वाले स्टेशन पर फिलहाल ट्रेन नहीं रुकेंगीमणिपुर हिंसा को लेकर केंद्र सरकार ने पीस कमेटी गठित की है। राज्यपाल इसके अध्यक्ष होंगे। सीएम, मंत्री, सांसद व विधायकों के अलावा सिविल सोसायटी के लोगों को भी सदस्य बनाया गया है। उधर, केरल से आगे बढ़ते हुए मॉनसून आज कर्नाटक और तमिलनाडु में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। दिन के वक्त तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे दिन का खेल होगा। ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर 296 रनों की बढ़त ले रखी है।
कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे पहलवानों की रही। इन्होंने एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं लेने की बात कही है। एक खबर ओडिशा के उस स्टेशन की थी, जहां 9 दिन पहले देश का तीसरा सबसे बड़ा रेल हादसा हुआ था।
पहले आज के प्रमुख इवेंट्स
- केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करेगी। अरविंद केजरीवाल, पंजाब के CM भगवंत मान समेत पार्टी सांसद और मंत्री शामिल होंगे। आप ने एक लाख से भी अधिक लोगों के जुटने का दावा किया है।
- वाराणसी में G20 देशों के डेवलपमेंट मिनिस्टर्स मीटिंग की शुरू होगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर अध्यक्षता करेंगे। मीटिंग में पर्यावरण और जलवायु एजेंडे के बीच तालमेल को बढ़ावा देने के लिए सभी देशों के बीच सहमति बन सकती है।
साक्षी बोलीं- समझौते के लिए धमकी मिल रही, मुद्दा सुलझने तक एशियन गेम्स नहीं खेलेंगे

हरियाणा के सोनीपत में खाप पंचायत हुई। बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक ने पंचायत को संबोधित करने के बाद मीडिया के सामने अपनी बात रखी।
कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी पर अड़े पहलवानों ने मुद्दा हल होने तक एशियन गेम्स नहीं खेलने का फैसला लिया है। एशियन गेम्स का आयोजन इस साल 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक होना है। साक्षी मलिक ने बताया कि समझौते के लिए पहलवानों पर दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘हमें धमकी भरे कॉल भी आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि समझौता कर लो, नहीं तो करियर खत्म हो जाएगा।’ वहीं, बजरंग पूनिया ने कहा, ‘सरकार बृजभूषण की गिरफ्तारी के लिए तैयार नहीं है।केंद्र ने 15 जून तक का समय लिया है। कार्रवाई नहीं हुई तो गिरफ्तारी के लिए फिर से धरना दिया जाएगा।’
ओडिशा हादसे वाले स्टेशन पर कोई ट्रेन नहीं रुकेगी; CBI ने बहानगा स्टेशन को सील किया
ओडिशा रेल हादसे की जांच कर रही CBI ने बहानगा स्टेशन को सील कर दिया है। अगले आदेश तक स्टेशन पर कोई भी पैसेंजर ट्रेन या मालगाड़ी नहीं रुकेगी। हर दिन यहां से करीब 170 ट्रेन गुजरती हैं। हादसे के बाद यहां 7 ट्रेन रुक रही थीं। पहले कितनी ट्रेन रुकती थी, इसकी जानकारी नहीं है।
CBI ने स्टेशन में मौजूद सभी दस्तावेज चेक किए। साथ ही लॉग बुक और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर लिए। 2 जून को बालासोर में दो सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी की टक्कर हुई। जिसमें 288 लोगों की मौत हो हुई थी, 1208 लोग घायल हुए थे।
INS विक्रमादित्य-विक्रांत पहली बार एक साथ दिखे; नेवी की एक्सरसाइज में शामिल हुए

दोनों एयरक्रॉफ्ट कैरियर से फाइटर जेट MiG-29K, हेलिकॉप्टर MH60R, कामोव, सी-किंग, चेतक और ALH ने उड़ान भरी।
नेवी ने पहली बार एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रमादित्य और INS विक्रांत को एक साथ समुद्र में उतारा। ऐसा अरब सागर में चल रही नेवी एक्सरसाइज के दौरान हुआ। इन एयरक्राफ्ट कैरियर से फाइटर जेट्स और हेलिकॉप्टर्स ने उड़ान भरी। इसके अलावा सबमरीन की भी टेस्टिंग हुई।
हिंद महासागर में चीन के बढ़ते दखल का मुकाबला करने के लिए इंडियन नेवी ने शनिवार को अरब सागर में सबसे बड़ी एक्सरसाइज की। नेवी ने पहली बार अपने दोनों एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रमादित्य और INS विक्रांत को एकसाथ समुद्र में उतारा।
इन एयरक्राफ्ट से MiG-29K सहित 35 लड़ाकू विमान भी उड़ाए गए। साथ ही समुद्र के अंदर अपनी शक्ति दिखाने के लिए इंडियन नेवी ने सबमरीन की भी टेस्टिंग की।

नेवी की इस एक्सरसाइज में पहली बार दोनों एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रमादित्य (बाएं) और INS विक्रांत (दाएं) शामिल हुए।
एक्सरसाइज में फाइटर जेट, हेलिकॉप्टर, सबमरीन शामिल
भारतीय नौसेना की पिछले कुछ सालों में अब तक की यह सबसे बड़ी एक्सरसाइज है। मिग के अलावा भारतीय सेना के हेलिकॉप्टर MH60R, कामोव, सी-किंग, चेतक और ALH ने भी उड़ान भरी। इसके अलावा रात में भी एयरक्राफ्ट कैरियर से लड़ाकू विमानों ने टेक ऑफ किया।
नेवी ने कहा- हमारा मकसद समुद्री सीमा की सुरक्षा
इंडियन नेवी के स्पोक्सपर्सन कमांडर विवेक मधवाल ने बताया- इंडियन नेवी ने यह एक्सरसाइज अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने, क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और समुद्री सीमा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की है।

हिंद महासागर में एक्सरसाइज के दौरान INS विक्रमादित्य (ऊपर) और INS विक्रांत (नीचे)।

एक्सरसाइज के दौरान एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत पर रोमियो हेलिकॉप्टर की लैंडिंग।

INS विक्रांत के डेक पर फाइटर जेट मिग-29 की नाइट लैंडिंग भी कराई गई।

INS विक्रांत के डेक से टेक ऑफ करता हुआ नेवी का मिग-29 के।

एक्सरसाइज के दौरान नेवल फाइटर हेलिकॉप्टर रोमियो ने INS विक्रांत पर नाइट लैंडिंग की।

INS विक्रमादित्य के डेक पर पार्क किए हुए नेवी के लड़ाकू विमान मिग-29 के।

एक्सरसाइज के दौरान एयर टू एयर रिफलिंग करते हुए नेवल फाइटर मिग-29 के।
25 साल बाद नौसेना में लौटा INS विक्रांत
31 जनवरी 1997 को नेवी से रिटायर हुए INS विक्रांत को 25 साल बाद फिर नौसेना में शामिल किया गया था। PM नरेंद्र मोदी ने 2 सितंबर 2022 को देश में बने इस सबसे बड़े युद्धपोत को नौसेना के हवाले किया था।
साल 1971 की जंग में INS विक्रांत ने अपने सीहॉक लड़ाकू विमानों से बांग्लादेश के चिटगांव, कॉक्स बाजार और खुलना में दुश्मन के ठिकानों को तबाह कर दिया था।
मणिपुर हिंसा: BJP विधायक ने लगाया ड्रॉप बॉक्स, लिखा- छीने गए हथियार यहां जमा करें
मणिपुर की राजधानी इंफाल में एक भाजपा विधायक ने घर के बाहर बॉक्स रखा है। इस पर लिखा गया है कि जिन लोगों ने पुलिस से हथियार लूटे हैं, उन्हें यहां जमा कर दें। हथियार जमा करने वालों की पहचान का खुलासा नहीं किया जाएगा।
दरअसल, हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने मणिपुर राइफल्स और असम पुलिस के हथियार लूटे थे। सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन में अब तक 953 हथियार बरामद किए हैं। राज्य में 39 दिन से जारी हिंसा में 100 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। 37 हजार से ज्यादा लोग 272 राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।
मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच जातिगत हिंसा जारी है। इस बीच राजधानी इंफाल में भाजपा विधायक के घर के बाहर एक बॉक्स रखा गया है। उसमें लिखा गया है कि जिन लोगों ने पुलिस से हथियार लूटे हैं, उन्हें यहां जमा कर दें।
बॉक्स में आगे लिखा है कि अगर लूटे हुए हथियार जमा करते हैं तो आपसे कोई सवाल नहीं पूछा जाएगा। यहां तक की आपकी पहचान का खुलासा भी नहीं किया जाएगा। दरअसल, मणिपुर हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने मणिपुर राइफल्स और आईआरबीएन के थानों और हथियारघर से हथियारों को लूट लिया था।
मणिपुर में 39 दिन से जारी हिंसा में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 310 घायल हैं और 37 हजार से ज्यादा लोग 272 राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। इस बीच असम के CM हिमंत सरमा शनिवार सुबह मणिपुर पहुंचे। वे राज्य के CM एन. बीरेन सिंह से मिले। इस दौरान दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच मणिपुर में जारी हिंसा पर भी बात हुई।

दिल्ली में 7 जून को कुकी समुदाय के लोगों ने गृहमंत्री अमित शाह के घर के बाहर प्रदर्शन किया था। ये राज्य में जल्द से जल्द शांति स्थापित करने की मांग कर रहे थे।
11 अफसरों का तबादला किया गया
शनिवार को राज्य के 11 अफसरों का तबादला कर दिया गया है। इनमें IAS और IPS अफसर शामिल हैं। इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह इस महीने की शुरुआत में 4 दिन के दौरे पर यहां आए थे। इस दौरान राज्य के DGP पी. डोंगल को हटा दिया गया। उनकी जगह राजीव सिंह को कमान सौंपी गई।
गृह मंत्रालय ने गवर्नर की अध्यक्षता में शांति समिति बनाई
गृह मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि केंद्र सरकार ने मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए राज्यपाल की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। कमेटी के सदस्यों में मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के कुछ मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल हैं।
समिति में पूर्व सिविल सेवक, शिक्षाविद्, साहित्यकार, कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न जातीय समूहों के प्रतिनिधि भी शामिल किए गए हैं।

मणिपुर के हिंसा प्रभावित जिलों में असम राइफल्स की ओर से मेडिकल कैंप लगाए गए हैं।
9 जून को फिर हिंसा हुई, 3 लोग मारे गए
9 जून को राजधानी इंफाल के पास कुकी बहुल खोकेन गांव में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को मणिपुर पुलिस ने बताया कि बीते 24 घंटों में मणिपुर के इंफाल ईस्ट, काकचिंग, टेंग्नौपाल और बिष्णुपुर जिलों में 57 हथियार, 1,588 गोला-बारूद और 23 बम बरामद किए गए हैं। हिंसा के बाद से अब तक राज्य में कुल 953 हथियार, 13,351 गोला बारूद और 223 बम बरामद किए गए हैं।
CBI ने 6 केस दर्ज किए, जांच के लिए SIT बनाई
उधर, 9 जून को ही CBI ने मणिपुर हिंसा के संबंध में 6 केस दर्ज किए। जांच के लिए SIT बनाई है, इसमें 10 सदस्य हैं। इसी दिन सुप्रीम कोर्ट की वेकेशनल बेंच ने राज्य में 3 मई से लगे इंटरनेट बैन पर फौरन सुनवाई से इनकार कर दिया। जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस राजेश बिंदल की बेंच ने कहा कि मामला पहले से हाईकोर्ट में है। इस पर सुनवाई होने दें। याचिका एडवोकेट चोंगथम विक्टर सिंह और बिजनेसमैन मायेंगबाम जेम्स ने दायर की थी।
पूर्व ब्रिटिश PM बॉरिस जॉनसन ने सांसदी छोड़ी, बोले- मुझे साजिशन फंसाया जा रहा

बॉरिस जॉनसन लंदन में अपने घर से बाहर निकलते हुए। तस्वीर 21 मार्च 2023 की है।
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बॉरिस जॉनसन ने सासंदी से इस्तीफा दे दिया है। उन पर कोरोना के दौरान PM दफ्तर में पार्टी करने के आरोप हैं। इसकी जांच कर रही संसद की कमेटी ने उनके इस्तीफे से पहले अपनी रिपोर्ट सौंपी। जिसमें बॉरिस पर पाबंदियां लगाने की बात कही गई है।
वहीं बोरिस का आरोप है कि जांच में शामिल सांसद उनका पॉलिटिकल करियर खत्म करना चाहते हैं। इस्तीफे के बाद बोरिस जॉनसन ने कहा- कुछ लोग साजिशन मुझे फंसा रहे हैं, वो अभी तक कोई सबूत नहीं दे पाए हैं। चंद लोग मिलकर मुझे बाहर निकाल रहे हैं।
जानिए क्या नहीं कर पाने से दुखी हैं नितिन गडकरी
नई दिल्ली: केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने देश में हो रहे सड़क हादसों पर दुख जताया। एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में गडकरी ने कहा कि मैं ट्रांसपोर्ट मंत्री के नाते हादसे हो रही मौतों को रोक नहीं पा रहा हूं। उन्होंने कहा कि सबकुछ तो किया, लेकिन ये बात बहुत कचोटती है। गडकरी ने कहा कि 2014 के बाद से देश की सड़कें तो अच्छी बनी हैं और इसे आगे और अच्छी बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुझे इसमें स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं है कि मैं मंत्री रहते लोगों की जान नहीं बचा पाया। गडकरी ने यह भी कहा कि बिना लोगों के सहयोग के इन सड़क हादसों को कम नहीं किया जा सकता।
इलेक्ट्रिक वाहन पर लोगों के सवाल पर नितिन गडकरी ने बताया कैसे होगा पॉसिबल
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज इलेक्ट्रिक वाहन को लेकर उठ रहे लोगों के सवाल पर जवाब दिया। वह एक निजी चैनल को इंटरव्यू दे रहे थे। इस बीच उनसे पूछा गया कि लोगों के मन में सवाल है कि इलेक्ट्रिक वाहन को लेकर लोग अभी भी पूरी तरह तैयार नहीं हैं। दाम और चार्जिंग प्वाइंट को लेकर लोगों के मन में सवाल है। गडकरी ने कहा कि मुझे भी पता है कि यह बहुत कठिन है लेकिन, इंपॉसिबल में भी पॉसिबल छुपा हुआ है।
गांधी के हत्यारे का मंदिर बनाने वाले बाबू लाल चौरसिया पर चुप क्यों
कांग्रेस ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को लेकर एक बार फिर मोदी सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। हालांकि कांग्रेस यह भूल जाती है कि आज से 2 साल पहले पार्टी ने मध्य प्रदेश में गोडसे के उपासक बाबू लाल चौरसिया को कांग्रेस में क्यों शामिल किया था?
संसद में झूठ बोलने को लेकर जयराम रमेश और अमित मालवीय में ट्विटर वॉर
संसद में झूठ बोलने को लेकर शनिवार को कांग्रेस नेता जयराम रमेश और भाजपा नेता अमित मालवीय के बीच जबरदस्त ट्विटर वॉर हुआ। जयराम रमेश ने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का उदाहरण देते हुए बिना नाम लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। कहा- ब्रिटेन में एक संसदीय समिति की जांच में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन द्वारा संसद में झूठ बोलने का तथ्य सामने आने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया और राजनीति भी छोड़ दी जबकि कुछ और प्रधानमंत्री भी हैं जो संसद और देश को रोजाना ट्रूथफ्री स्वीटनर की खुराक देते हैं। जयराम रमेश के इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए भाजपा नेता अमित मालवीय ने कहा कि, राहुल गांधी सबसे बड़े झूठे हैं, जिन्होंने अयोग्य घोषित किए जाने से पहले अक्सर सदन के पटल का इस्तेमाल झूठ और प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए किया।’ (IANS)
सैन फ्रांसिस्को में नौ को मारी गोली
सैन फ्रांसिस्को के मिशन डिस्ट्रिक्ट इलाके में कम से कम नौ लोगों को गोली मार दी गई, जिसे अधिकारियों ने लक्षित घटना करार दिया है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार तड़के एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, सैन फ्रांसिस्को पुलिस विभाग के अधिकारी ईव लोकवानसथिताया ने कहा कि पीड़ितों को शुक्रवार रात एक पार्टी में गोली मार दी गई। (IANS)





