BRTS… 14 करोड़ में बनेंगे डिवाइडर, लगेगी सेंट्रल लाइट
टेंडर आने के बाद निगम एक साल में पूरा करेगा काम
इंदौर निरंजनपुर चौराहा से राजीव गांधी चौराहा तक बीआरटीएस कॉरिडोर को हटाने का फैसला हो गया है। इसके चलते नगर निगम ने जहां पिछले दिनों 90 दिन में रैलिंग और बस स्टॉप तोड़ने के टेंडर जारी किया, वहीं अब डिवाइडर बनाने और सेंट्रल लाइट लगाने का टेंडर जारी किया है। इन दोनों कामों की लागत 14 करोड़ रुपए से अधिक है। साथ ही टेंडर आने के बाद काम पूरा करने की मियाद एक साल रखी गई है।
राज्य सरकार ने निरंजनपुर चौराहा से राजीव गांधी प्रतिमा तक बीआरटीएस कॉरिडोर को तोड़ने का फैसला लिया और फिर इस फैसले पर हाईकोर्ट ने भी मुहर लगा दी। इसके बाद निगम ने जीपीओ चौराहा से शिवाजी प्रतिमा तक एक हिस्से में बीआरटीएस की रैलिंग और बस स्टॉप को तोड़ दिया, लेकिन बाकी के हिस्से में यह काम नहीं हुआ। बीआरटीएस पर तोड़फोड़ के लिए निगम ने पिछले दिनों टेंडर जारी कर दिए, जो कि अभी नहीं आए है। कारण टेंडर आने और खोलने की तारीख में अभी समय है।
इधर, निगम जनकार्य विभाग ने बीआरटीएस पर तोड़फोड़ के बाद अब निरंजनपुर चौराहा से राजीव गांधी चौराह तक आरसीसी के मिडियन डिवाइडर का
निर्माण करने और सेंट्रल लाइट लगाने के कार्य का टेंडर जारी कर दिया है। यह टेंडर 26 मई को आएंगे और 28 मई को खोले जाएंगे। टेंडर के अनुसार निगम 14 करोड़ 58 लाख 97 हजार 682 रुपए खर्च कर यह दोनों काम करेगा, जिसकी मंजूरी मेयर इन-कौंसिल से होना बताया जा रहा है। बीआरटीएस की रेलिंग और बस स्टॉप के साथ अन्य निर्माण हटने के बाद डिवाइडर का निर्माण और सेंट्रल लाइट लगाने का काम होगा। जिस कंपनी को यह ठेका मिलेगा, उसे एक साल में काम पूरा करना पड़ेगा।
सर्वे कर तय की गई है कमाई
बीआरटीएस को तोड़ने से पहले निगम ने सर्वे करवाया। इसमें देखा गया कि बीआरटीएस को तोड़ने में कितनी राशि खर्च करना पड़ेगी और तोड़ने के बाद मलबा सहित अन्य सामान बेचने से कितनी राशि मिलेगी। सर्वे के अनुसार बीआरटीएस के कॉरिडोर को तोड़ने का कार्य करने पर निगम को 34.70 लाख रुपए की राशि खर्च करना पड़ेगी। इस कॉरिडोर से निकलने वाला मलबा, स्टील, लोहे की जालियां और अन्य सामान बेचने से निगम को 3 करोड़ 37 लाख 11 हजार 608 रुपए की कमाई होगी। यह देखते हुए निगम जनकार्य विभाग ने पिछले दिनों बीआरटीएस कॉरिडोर की बीम, स्टील व लोहे की रैलिंग और बस स्टॉप तोड़ने के टेंडर जारी कर दिए हैं जो कि अभी लाइव होने के साथ 19 मई को आएंगे। टेंडर खोलने की तारीख 21 मई रखी गई है। टेंडर के अनुसार बीआरटीएस का ठेका लेने वाली एजेंसी को 90 दिन में तोड़फोड़ करने का काम पूरा करना होगा।





