भोपाल. बीजेपी में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र खटीक अब विपक्ष के खिलाफ आशीर्वाद यात्रा पर निकलेंगे. ये यात्राएं 16 से 24 अगस्त तक होंगी. सिंधिया की इन यात्राओं पर कांग्रेस ने सवाल खड़े करना शुरू कर दिया है. पूर्व विधानसभा स्पीकर और कांग्रेस विधायक एनपी प्रजापति ने कहा कि सिंधिया और वीरेंद्र खटीक के आशीर्वाद यात्रा से क्या महंगाई कम हो जाएगी, क्या बेरोजगारी दूर हो जाएगी, और पेट्रोल-डीजल के दाम कम हो जाएंगे.

कांग्रेस नेता एनपी प्रजापति ने कहा कि बीजेपी यात्राओं के नाम पर लाखों रुपए खर्च कर सिर्फ प्रोपेगंडा कर रही है. जनता इन आशीर्वाद यात्राओं के बहकावे में नहीं आएगी. जनता का मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की यात्राओं का सहारा लिया जा रहा है. कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि यह शर्म की बात है कि प्रदेश में ग्वालियर-चंबल में बाढ़ से करोड़ों का नुकसान हुआ है और ऐसे में आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है. इससे सवाल खड़े होते हैं.विज्ञापन
बीजेपी ने किया पलटवार
सिंधिया और वीरेंद्र खटीक की आशीर्वाद यात्रा पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि बीजेपी की आशीर्वाद यात्रा जनसंपर्क के लिए है. सरकार के मंत्री जनता को केंद्र सरकार की रीति-नीति बताएंगे. विश्वास सारंग ने कहा कि बीजेपी के नेता पद पर बैठकर AC रूम में नहीं बैठते. ये परंपरा कांग्रेस की है. कमलनाथ 15 महीने मुख्यमंत्री रहे, लेकिन 15 जिलों में नहीं गए. सिंधिया और वीरेंद्र खटीक जनता के बीच जाकर जनसंपर्क करेंगे.
जनता से रूबरू होंगे बीजेपी नेता
गौरतलब है कि लोकसभा और राज्यसभा में हुए भारी हंगामे के बीच मोदी सरकार में शामिल नए मंत्रियों को बोलने का मौका नहीं मिला. ऐसे में पार्टी ने अब सिंधिया की यात्रा का खाका तैयार किया है. इसके तहत नवनियुक्त मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र खटीक 16 अगस्त से 24 अगस्त तक यात्राओं के जरिए लोगों से सीधे रूबरू होंगे. यात्राओं के दौरान केंद्रीय मंत्री धार्मिक स्थलों, संत-महात्माओं, शहीदों, लोकतंत्र सेनानियों से आशीर्वाद लेंगे.




