अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

कांग्रेस ने बीजेपी-जेडी (एस) से 75 सीटें छीनीं,कांग्रेस को बहुमत दिला गए बजरंगबली

Share

कर्नाटक चुनाव में बजरंगबली बीजेपी के काम तो न आ सके, लेकिन कांग्रेस को बहुमत दिला गए। चुनाव आयोग के शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस 136 सीटें, बीजेपी 64 और जेडी (एस) 20 सीटों पर जीत चुकी है या बढ़त बनाए हुए है।

कांग्रेस ने 2018 के मुकाबले 2023 में 75 नई सीटें जीती हैं। 2018 में ये सीटें बीजेपी, जेडी (एस) या किसी और पार्टी के पास थीं। ऐसी नई सीटों में से कांग्रेस ने 52 सीटें बीजेपी से और 23 सीटें जेडी (एस) से छीनीं।

बीजेपी का वोट प्रतिशत लगभग 2018 के बराबर रहा। जेडी (एस) का वोट 5% घट गया, वहीं कांग्रेस का वोट बैंक 5% बढ़ गया। राजनीतिक एक्सपर्ट्स का मानना है कि बजरंग दल पर बैन लगाने जैसी घोषणाओं की वजह से जेडी (एस) के मुस्लिम वोटर कांग्रेस की तरफ ट्रांसफर हो गए।

कर्नाटक को राजनीतिक रूप से 6 भागों में बांटा जाता है…

1. बेंगलुरु कर्नाटक: ये बेंगलुरु और आस-पास का इलाका है। यहां बीजेपी, कांग्रेस और जेडी (एस) तीनों पार्टियां जीतती रही हैं। 2023 के नतीजों में इस इलाके में जेडी (एस) को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां से जेडी (एस) की 6 सीटें कम हो गईं, वहीं बीजेपी की 5 सीटें बढ़ गईं।

2. बाॅम्बे कर्नाटक: लिंगायत बहुल ये इलाका बीजेपी का गढ़ माना जाता है। 2023 के नतीजों में बीजेपी को यहां 14 सीटों का नुकसान हुआ है, वहीं कांग्रेस को 16 सीटों का फायदा हुआ है।

3. सेंट्रल कर्नाटकः 2018 में बीजेपी यहां सबसे ज्यादा सीटें जीती थी, लेकिन 2023 के चुनाव में बीजेपी को यहां से सबसे ज्यादा 16 सीटों का नुकसान हुआ। कांग्रेस ने 2018 के मुकाबले दोगुनी सीटें जीतीं।

4. कोस्टल कर्नाटकः इस इलाके में भी बीजेपी को नुकसान हुआ है और कांग्रेस ने फायदा उठाया।

5. हैदराबाद कर्नाटकः इस इलाके में बीजेपी की सीटें 12 से घटकर 8 रह गई हैं और कांग्रेस की सीटें 15 से बढ़कर 20 हो गई हैं।

6. ओल्ड मैसूरुः वोक्कालिगा बहुल ये इलाका जेडी (एस) का गढ़ रहा है। 2023 के नतीजों में यहां से जेडी (एस) को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। उसकी सीटें 14 से घटकर महज 2 रह गई हैं। यहां कांग्रेस को सबसे ज्यादा फायदा मिला। इसी इलाके में राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की थी।

बीजेपी ने कैंडिडेट्स बदले, लेकिन एंटी इनकम्बेंसी बनी रही

बीजेपी ने 224 विधानसभा सीटों पर 72 नए चेहरे उतारे। 6 मंत्री-पूर्व मंत्री के साथ ही 21 विधायकों के टिकट काट दिए गए। इसमें पूर्व सीएम और डिप्टी सीएम के नाम भी शामिल थे। यह सब कुछ एंटी इनकम्बेंसी कम करने के लिए किया गया था, लेकिन नतीजे बता रहे हैं कि इतने नए चेहरे उतारने के बाद भी एंटी इनकम्बेंसी का असर कम नहीं हुआ।

पार्टी ने एक फैमिली से एक ही व्यक्ति को टिकट का फॉर्मूला भी लागू किया। ये भी बेअसर रहा। सीनियर जर्नलिस्ट समीउल्ला बेलागारू के मुताबिक, बीजेपी में टिकट बंटवारे में सिर्फ एक-दो लोगों की सुनी गई। इसमें बीएल संतोष और प्रहलाद जोशी शामिल थे। येदियुरप्पा को साइडलाइन कर दिया गया था।

राहुल कर्नाटक के जिन 7 जिलों से गुजरे, कांग्रेस वहां 66% सीटें जीती

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक में 21 दिन चली, 7 जिलों से गुजरी। इन जिलों में 48 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 32 सीटें कांग्रेस ने जीत ली है। यानी 66% का स्ट्राइक रेट। ये 2018 से दो गुने से भी अधिक है। 2018 के विधानसभा चुनाव में यहां कांग्रेस 15 सीटें जीत पाई थी। बीजेपी ने 17, जेडीएस ने 14 और बाकी बची 2 सीट अन्य के पास थी।

पीएम मोदी ने 19 जिलों में कैंपेनिंग की, वहां बीजेपी ने 33% सीटें जीतीं

पीएम नरेंद्र मोदी ने जिन 19 जिलों में रैली और जनसभा की, वहां कुल 164 विधानसभा सीटें हैं। 2023 चुनाव में बीजेपी ने यहां 55 सीटें जीती। यानी स्ट्राइक रेट करीब 33% है। यहां की 19 सीटों पर जेडी (एस) और 90 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली है।

बीजेपी कम्युनिटी को साध नहीं पाई, लिंगायत बंट गए

कर्नाटक के सीनियर जर्नलिस्ट अशोक चंदारगी के मुताबिक, तीन दशकों से बीजेपी को वोट दे रहे लिंगायत वोट इस बार बीजेपी-कांग्रेस में बंट गए। करीब 50% लिंगायत वोट कांग्रेस की तरफ जाते दिख रहे हैं। एससी-एसटी के तो 80 परसेंट से ज्यादा वोट कांग्रेस को गए हैं। इसकी एक बड़ी वजह बोम्मई सरकार की फेल रिजर्वेशन पॉलिसी रही।

राज्य सरकार ने शेड्यूल कास्ट (SC) को मिलने वाले आरक्षण को इस वर्ग की अलग-अलग जातियों में बांट दिया। जिसका बंजारा और भोवी समुदाय ने विरोध किया था। मुस्लिमों का आरक्षण खत्म कर लिंगायत-वोक्कालिगा को दिया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी। नतीजों में अलग-अलग कम्युनिटी के लोगों की नाराजगी साफ दिख रही है।

बजरंगबली, सांप, हिजाब जैसे विवाद बेअसर

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर बयान देते हुए कहा, ‘मोदी एक जहरीले सांप की तरह हैं। अगर आपको लगता है कि यह जहर है या नहीं और आप इसे चाटते हैं तो आप मर चुके हैं।’ इस बयान के बाद बीजेपी के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में यह एक महत्वपूर्ण मोड़ होगा, लेकिन यह मुद्दा 24 से 48 घंटों तक ही सुर्खियों में रहा। इसके बाद फीका पड़ गया।

हिजाब बैन का पूरे चुनाव में कोई असर नहीं दिखा। पीएम ने यह भी कहा कि 91 बार कांग्रेस ने मुझे तरह-तरह की गालियां दीं, लेकिन बयान का इम्पैक्ट नजर नहीं आया। चंदारगी कहते हैं- लोग महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से इतना परेशान थे कि इन बयानों का उन पर कोई असर नहीं हुआ। बोम्मई गवर्नमेंट के खिलाफ जो गुस्सा था, उसके सामने हिंदुत्व की राजनीति फेल साबित हुई।

40% कमीशन के दाग को हटा नहीं पाए

मुंबई कर्नाटक में आने वाले बेलगावी के ठेकेदार संतोष पाटिल की मौत के बाद अप्रैल 2022 में 40% कमीशन विवाद शुरू हुआ। पाटिल ने अपने सुसाइड नोट में बीजेपी नेता केएस ईश्वरप्पा पर एक सरकारी योजना के लिए 40% कमीशन की मांग करने का आरोप लगाया था। कर्नाटक कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन ने भी आरोप लगाया था कि ज्यादा कमीशन देना मजबूरी हो गया है।

उन्होंने पीएम मोदी को लेटर भी लिखा था, लेकिन बीजेपी इस पर कोई एक्शन लेते नहीं दिखी और कांग्रेस हमलावर हो गई। सितंबर 2022 में कांग्रेस ने पेसीएम कैंपेन शुरू कर दिया। सीएम बोम्मई के चेहरे के साथ क्यूआर कोड लगाकर फोटो चस्पा की गई। कैंपेन के आखिरी दिन तक कांग्रेस ने इस मुद्दे को छोड़ा नहीं।

बसवराज बोम्मई ने सीएम बनने के बाद एक भी स्ट्रिक्ट एक्शन नहीं लिया। करप्शन की तमाम शिकायतें उन तक पहुंचाई गईं, लेकिन उन्होंने हमेशा यही कहा कि इसकी जांच करवाएंगे। चंदारगी कहते हैं- कांग्रेस नेता सिद्धारमैया तक के खिलाफ करप्शन की शिकायत हुई थी, लेकिन बोम्मई ने कोई एक्शन नहीं लिया।

कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन की शिकायत पीएम मोदी तक पहुंच गई, फिर भी कुछ नहीं हुआ। एडमिनिस्ट्रेशन एक तरह से गिर चुका था। हर जगह करप्शन का खेल चल रहा था। इसी ने बीजेपी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया।

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

Follow us

Don't be shy, get in touch. We love meeting interesting people and making new friends.

चर्चित खबरें