अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

देश-दुनिया: इस्राइली हमले में ईरान के दो शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों की मौत; देशभर में फिर आंधी-बारिश के आसार

Share

देश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने भी खेल बदला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहने वाला है। वहीं, इस्राइल के हालिया हमले में ईरान के वरिष्ठ नेता अली लारीजानी और कमांडर सुलेमानी की मौत की पुष्टि ईरानी सरकारी मीडिया ने की है, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है। असम में भी राजनीतिक तूफान मचा हुआ है। कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी में अपमान और अकेलेपन के चलते इस्तीफे का एलान किया, जबकि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस पर प्रतिक्रिया दी। वहीं, होर्मुज प्रायद्वीप पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की नाराजगी के बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने साफ किया कि बमबारी रोकने के बाद ही मदद की जाएगी, जिससे मध्य-पूर्व की जटिल परिस्थितियों पर वैश्विक निगाहें टिक गई हैं।

आज : असम में भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी, आई-पैक मामले पर सुनवाई

आज 18 मार्च 2026 को कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी है। बुधवार को भाजपा असम विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। वहीं, आज से भारत के कई शहरों से कतर के लिए एक बार फिर से उड़ान शुरू होगी। 

भाजपा उम्मीदवारों की लिस्ट होंगी जारी

असम में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। असम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव की वोटिंग होनी है। नतीजे 4 मई को आएंगे। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि पार्टी अपने सभी उम्मीदवारों की एक ही सूची जारी करेगी।  

कतर से भारत के इन शहरों के लिए उड़ान शुरू
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने एक लिस्ट जारी की है। इसमें बताया गया है कि 18 मार्च को किन शहरों के लिए कतर से विमान उड़ान भरेंगे। इनमें अहमदाबाद, अमृतसर, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोच्चि, कोझिकोड और मुंबई जैसे शहर शामिल हैं।कतर एयरवेज 18 मार्च से 28 मार्च 2026 तक सीमित संख्या में संशोधित फ्लाइट चलाएगा।

आदिवासी  कांग्रेस के साथ बैठक
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय आदिवासी कांग्रेस के साथ बैठक में शामिल होंगे।

आई-पैक मामले पर सुनवाई
पश्चिम बंगाल में तलाशी अभियान के दौरान राज्य सरकार की  ओर से बाधा डालने के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर सर्वोच्च न्यायालय बुधवार को सुनवाई करेगा। इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय ने कथित कोयला चोरी घोटाले में राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया था। निदेशालय ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी छापेमारी के दौरान परिसर में दाखिल हुईं और महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हटा दिए, जिससे जांच में बाधा आई।

भारत ट्राइब्स फेस्ट का आयोजन
भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ (टीआरआईएफईडी) भारत सरकार के जनजातीय मामलों के मंत्रालय के साथ मिलकर बुधवार से  नई दिल्ली स्थित सुंदर नर्सरी में भारत ट्राइब्स फेस्ट 2026 का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम 30 मार्च तक चलेगा। इसमें देश भर के जनजातीय कारीगर, उद्यमी और सांस्कृतिक कलाकार भाग लेंगे। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम और जनजातीय मामलों के राज्य मंत्री दुर्गादास उइके इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय का कार्यक्रम
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय बुधवार को बिहार के पटना में दो दिन की एक कार्यशाला आयोजित कर रहा है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य तीन महत्वपूर्ण पहलुओं- सतत विकास लक्ष्य, पर्यावरण और लैंगिक समानता- में क्षमता विकास करना है। इस कार्यशाला में बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री, स्वास्थ्य एवं विकास मंत्रालय सचिव और बिहार सरकार के मुख्य सचिव के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, बिहार सरकार के अधिकारी और संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

इस्राइल के हमले में अली लारीजानी और कमांडर सुलेमानी की मौत
ईरान ने मंगलवार की देर रात बासिज फोर्स के कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी और अली लारीजानी की मौत की पुष्टि कर दी। ईरानी सरकारी मीडिया ने यह खबर दी है। इससे पहले इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने दावा किया था कि सुलेमानी और ईरान की सर्वोच्च सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी को एक रात पहले मार गिराया गया।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 18 March 2026 Updates on amar ujala

देशभर में फिर बारिश-आंधी और तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार
देश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न हिस्सों में बने चक्रवाती प्रसार के कारण कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट में आने वाले दिनों के लिए देश के अलग-अलग क्षेत्रों में आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश तक की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 18 March 2026 Updates on amar ujala

इस्तीफे पर बोले सांसद प्रद्युत बोरदोलोई
असम से कांग्रेस के लोकसभा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने कहा ‘आज मैंने अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण सिद्धांतों में से एक को छोड़ दिया है और इसके लिए मैं खुश नहीं हूं। लेकिन मैंने यह निर्णय इसलिए लिया क्योंकि कांग्रेस पार्टी, विशेष रूप से असम कांग्रेस के भीतर, मुझसे संपर्क करने वाले लोग मुझे बार-बार अपमानित कर रहे थे। कांग्रेस नेतृत्व भी मेरे प्रति सहानुभूति नहीं दिखा रहा था।’

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 18 March 2026 Updates on amar ujala

बमबारी रुकी तो ही करेंगे मदद- फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मंगलवार को साफ किया कि मौजूदा युद्ध जैसी परिस्थितियों में फ्रांस होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा में किसी भी तरह की सैन्य भूमिका नहीं निभाएगा। उन्होंने यह बयान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस अपील के जवाब में दिया, जिसमें उन्होंने सहयोगी देशों से इस रणनीतिक जलमार्ग की सुरक्षा में मदद मांगी थी।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 18 March 2026 Updates on amar ujala

UP Board: आज से 250 केंद्रों पर शुरू होगा 10वीं और 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आज से 250 केंद्रों पर शुरू होगा। इसमें हाईस्कूल की कॉपियों की जांच के लिए 117, इंटरमीडिएट स्तर की कॉपियों की जांच के लिए 111 और दोनों कॉपियों की जांच के लिए 22 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इस कार्य में 1.53 लाख कार्मिक लगाए गए हैं।  परिषद के सचिव भगवती सिंह ने कहा कि 18 मार्च से एक अप्रैल तक प्रदेश के 250 केंद्रों पर मूल्यांकन होगा।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 18 March 2026 Updates on amar ujala

सऊदी अरब में आज चांद दिखा तो देश में जुमे को मनाई जाएगी ईद
सऊदी अरब में यदि आज चांद दिखाई देता है तो भारत में जुमे को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। इसे लेकर मस्जिदों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ईद की नमाज सुबह 6:00 बजे से 9:00 बजे के बीच अलग-अलग मस्जिदों में अदा की जाएगी। स्थानीय प्रशासन और मस्जिद कमेटियों ने समय निर्धारित कर जारी कर दिया है।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 18 March 2026 Updates on amar ujala

देश में 1.1 करोड़ स्नातक बेरोजगार; रिपोर्ट में हुआ खुलासा
देश में 20 से 29 साल के 6.3 करोड़ स्नातकों में से 1.1 करोड़ बेरोजगार हैं। चिंता की बात यह है कि बेरोजगार के रूप में पंजीकरण कराने के एक वर्ष के भीतर सिर्फ सात फीसदी स्नातकों को स्थायी वेतन वाली नौकरी मिल पाती है। हाल के वर्षों में स्नातकों की बढ़ती संख्या के कारण यह समस्या और बढ़ गई है।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 18 March 2026 Updates on amar ujala

चीन-पाक नौसैनिक गठजोड़ पर संसद समिति की चेतावनी
संसद की विदेश मामलों की समिति ने चीन और पाकिस्तान के बीच बढ़ते नौसैनिक सहयोग को लेकर गंभीर चिंता जताई है। समिति ने सरकार को सुझाव दिया है कि भारत को इस उभरते खतरे से निपटने के लिए पहले से ज्यादा सक्रिय रणनीति अपनानी चाहिए। समिति, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस सांसद शशि थरूर कर रहे हैं, ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि चीन-पाकिस्तान का बढ़ता नौसैनिक गठजोड़ भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक हितों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। 

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 18 March 2026 Updates on amar ujala

क्या ‘धुरंधर 2’ के बाद रिलीज होगी ‘धुरंधर 3’?
‘धुरंधर 2’ को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं। पहली फिल्म ‘धुरंधर’ दिसंबर 2025 में रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की। यह फिल्म रॉ एजेंट की कहानी पर आधारित है, जो पाकिस्तान के अंडरवर्ल्ड और आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं से इंस्पायर्ड है।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 18 March 2026 Updates on amar ujala

आरसीबी को लग सकता है झटका, SRH की भी बढ़ेंगी मुश्किलें!
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, लेकिन इससे पहले ही कई टीमों के लिए खिलाड़ियों की चोट चिंता का विषय बन गई है। गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के बिना अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए तैयार नजर आ रही है, जो फिलहाल चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं। इस चोट की वजह से वह पूरी एशेज सीरीज और टी20 विश्व कप से बाहर रहे। 

‘पाकिस्तान हमलों के बाद अफगानिस्तान का भरोसा टूटा’, मुत्ताकी ने उठाए सवाल; US में वोटिंग बिल पर बहस

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। अमीर खान मुत्ताकी ने कहा है कि काबुल पर हालिया हवाई हमलों के बाद अफगानिस्तान का पाकिस्तान की कूटनीतिक मंशा पर से भरोसा पूरी तरह उठ गया है। विदेश मंत्री मुत्ताकी ने काबुल में राजनयिकों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान कहा कि पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई यह दर्शाती है कि वह विवादों को बातचीत से सुलझाने के बजाय बल प्रयोग का रास्ता अपना रहा है।

अफगान विदेश मंत्री ने कहा कि जब तक पाकिस्तान अपनी आक्रामक कार्रवाई बंद नहीं करता, तब तक किसी भी तरह की बातचीत या समझौता संभव नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना ने पिछले कुछ वर्षों में कई बार अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। मुत्ताकी ने चेतावनी दी कि यह स्थिति केवल अफगानिस्तान तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने पड़ोसी देशों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे इस मुद्दे पर हस्तक्षेप कर हालात को और बिगड़ने से रोकें।

इक्वाडोर राष्ट्रपति ने कोलंबिया पर बमबारी के आरोपों का किया खंडन
इक्वाडोर के राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ ने कोलंबिया में अपने देश द्वारा बमबारी करने के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका देश नार्को आतंकवाद के खिलाफ अपने क्षेत्र में कार्रवाई कर रहा है और केवल इक्वाडोरियन क्षेत्र में ही छिपे नार्को गिरोहों के ठिकानों को निशाना बना रहा है। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सोमवार को दावा किया कि इक्वाडोर ने उनके देश की सीमा पर बमबारी की, लेकिन कोई सबूत पेश नहीं किया। पेट्रो ने अमेरिकी राष्ट्रपति से नोबोआ से संपर्क कर कार्रवाई रोकने का अनुरोध भी किया।

अमेरिका में रिपब्लिकन वोटिंग बिल बहस
अमेरिका में रिपब्लिकन सांसदों ने मंगलवार को सीनेट में मतदान नियमों को कड़ा करने वाले बिल पर बहस शुरू की, जिसे पास कराना मुश्किल है। यह टॉकथॉन कई दिनों या हफ्तों तक चल सकता है। राष्ट्रपति ट्रंप ने सीनेट नेता जॉन थून पर दबाव डाला है कि वे फिलिबस्टर को खत्म करें या बिल पास करने का कोई रास्ता खोजें, लेकिन थून ने बार-बार कहा कि उनके पास पर्याप्त वोट नहीं हैं।

कोलंबिया का वेनेजुएला निवेश प्रयास
कोलंबिया ने वेनेजुएला की बिजली और गैस परियोजनाओं में निवेश के लिए अमेरिकी प्रतिबंधों से छूट मांगी। ऊर्जा मंत्री एडविन पाल्मा ने कहा कि राज्य की तेल कंपनी इकोपेट्रोल अमेरिकी अधिकारियों से नियामक शर्तों पर चर्चा कर रही है। कोलंबिया राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो लंबे समय से अमेरिकी प्रतिबंधों के विरोध में रहे हैं।

अंतरिक्ष में लगेंगे 50,000 विशाल दर्पण, रात में भी चमकेगा सूर्य
अंतरिक्ष में 50,000 विशाल दर्पण लगाए जाएंगे। इनके जरिये सौर ऊर्जा फार्मों को 24 घंटे धूप मिलेगी। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित स्टार्टअप रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल ने अंतरिक्ष से पृथ्वी पर सूर्य की रोशनी भेजने की एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। कंपनी का लक्ष्य पृथ्वी की कक्षा में 50,000 विशाल दर्पण स्थापित करना है, जो रात के अंधेरे में भी सौर ऊर्जा फार्मों और विशिष्ट क्षेत्रों को रोशन कर सकेंगे।
हॉथोर्न स्थित इस कंपनी ने एक प्रोटोटाइप तैयार किया है, जो एक छोटे फ्रिज के आकार का उपग्रह है। इसमें 60 फीट चौड़ा एक मुड़ने वाला दर्पण लगा है। यह दर्पण अंतरिक्ष से सूर्य की किरणों को परावर्तित कर जमीन पर लगभग तीन मील चौड़े क्षेत्र में रोशनी फैलाएगा।

इस कृत्रिम धूप का लाभ उठाना सस्ता नहीं होगा। यदि कोई ग्राहक सालाना 1,000 घंटे का अनुबंध करता है, तो उसे एक घंटे की रोशनी के लिए लगभग 4.6 लाख रुपये चुकाने होंगे। कंपनी ने अब तक निवेशकों से 28 अरब डॉलर से अधिक की राशि जुटाई है।

जॉर्जिया VA क्लिनिक में गोलीबारी: हमलावर ढेर
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में स्थित एक वेटरन्स अफेयर्स (VA) क्लिनिक में मंगलवार दोपहर गोलीबारी की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान हमलावर को मार गिराया गया, जबकि एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद घायल कर्मचारी को हेलीकॉप्टर के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और क्लिनिक के बाहर ही संदिग्ध का सामना किया, जहां उसे गोली मार दी गई। स्थानीय पुलिस प्रमुख मैट डॉकिंस के अनुसार, हमलावर जैस्पर क्षेत्र का ही रहने वाला था, लेकिन उसके बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना के कारणों की भी जांच जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इस मामले की जांच अब संघीय जांच एजेंसी (FBI) और जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन मिलकर कर रहे हैं। फिलहाल एहतियात के तौर पर क्लिनिक को पूरे सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मरीजों की अपॉइंटमेंट दोबारा तय की जा रही हैं और प्रभावित लोगों को काउंसलिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पश्चिम एशिया जंग ने रूसी-यूक्रेन वार्ता रोकी- जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा कि रूस और ईरान नफरत में भाई हैं। उन्होंने ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात करते हुए आग्रह किया कि यूक्रेन पर ध्यान न भटकाया जाए, जबकि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध ने रूस-यूक्रेन वार्ता की गति को प्रभावित किया है। जेलेंस्की ने कहा कि रूस और ईरान का गठजोड़ न केवल युद्ध में है बल्कि हथियार और तकनीक में भी सहयोग कर रहा है। उन्होंने ब्रिटेन की संसद में कहा हमें नफरत पर आधारित शासन को कभी जीतने नहीं देना चाहिए।

न्यूयॉर्क: पूर्व मेयर एडम्स को कानूनी मदद रोकने की तैयारी
न्यूयॉर्क शहर प्रशासन ने पूर्व मेयर एरिक एडम्स को एक पुराने यौन उत्पीड़न मामले में दी जा रही कानूनी सहायता वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह मामला 1993 से जुड़ा है, जब एडम्स पर एक महिला ने आरोप लगाया था कि उन्होंने करियर में मदद के बदले यौन संबंध की मांग की थी। हालांकि एडम्स ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब मौजूदा मेयर जोहरान ममदानी और एडम्स के बीच पहले से ही राजनीतिक मतभेद चल रहे हैं। शहर प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय कानूनी प्रक्रिया के तहत लिया गया है और इसमें मेयर का सीधा हस्तक्षेप नहीं है।

Ramswaroop Mantri

Add comment

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें