तेलंगाना में मस्जिद में तोड़फोड़ के बाद मामला दर्ज; मेदरम मेले में रेहड़ी वाले के साथ बदसलूकी,नाइजीरियाई सेना को प्रशिक्षण देने पहुंचे अमेरिकी सैनिक; सूडान में गोलाबारी, 28 की मौत
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों मंगलवार को मुंबई पहुंचे, जहां उनका राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मैक्रों आज द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वहीं, सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं, जिसमें 15,649 केंद्रों पर 43 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे। साल का पहला सूर्य ग्रहण भी आज लगेगा, लेकिन भारत में इसे देखा नहीं जा सकेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश के आसार हैं, जबकि दक्षिणी तटीय क्षेत्रों में उमस भरा मौसम रहेगा। उधर, बांग्लादेश में तारिक रहमान आज प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। वहीं, पंजाब में चुनाव से पहले भाजपा सिद्धू दंपती की घर वापसी की रणनीति पर काम कर रही है। जम्मू के बाल सुधार गृह में सुरक्षा चूक के चलते दो पाकिस्तानी नागरिक समेत तीन कैदी फरार हो गए और छह पुलिसकर्मी निलंबित किए गए। वहीं, हॉलीवुड के दिग्गज और ऑस्कर विजेता अभिनेता रॉबर्ट डुवैल का 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। टी20 विश्व कप में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर सुपर-8 की स्थिति बदल दी।

मुंबई पहुंचे फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों, पीएम मोदी के साथ आज करेंगे द्विपक्षीय वार्ता
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों मंगलवार को भारत यात्रा के लिए मुंबई पहुंच गए हैं। उनकी यह यात्रा 19 फरवरी तक चलेगी। फ्रांसीसी राष्ट्रपति और प्रथम महिला का मुंबई के हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वागत किया।

आज से CBSE 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा: 43 लाख से ज्यादा छात्र शामिल, 15,649 केंद्रों पर परीक्षा, सख्त इंतजाम
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार यानी आज से शुरू हो रही हैं। इस साल दोनों कक्षाओं में कुल 43 लाख से अधिक छात्र पंजीकृत हैं। 10वीं की परीक्षा की शुरुआत गणित बेसिक और गणित स्टैंडर्ड पेपर से होगी। वहीं 12वीं की परीक्षा बायोटेक्नोलॉजी, उद्यमिता और शॉर्टहैंड विषय से शुरू होगी। बोर्ड के मुताबिक 10वीं में 25,08,319 छात्र पंजीकृत हैं, जिनमें 14,08,546 छात्र और 10,99,773 छात्राएं शामिल हैं। 12वीं में 18,59,551 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 10,27,552 छात्र और 8,31,999 छात्राएं हैं।

Solar eclipse: साल का पहला सूर्य ग्रहण आज, भारत में नहीं दिखेगा रिंग ऑफ फायर
साल 2026 का पहला सूर्य ग्रहण मंगलवार, 17 फरवरी को लगेगा। यह एक विशेष प्रकार का चक्राकार सूर्य ग्रहण होगा, जिसे आम भाषा में रिंग ऑफ फायर कहा जाता है। भारतीय समयानुसार यह ग्रहण दोपहर 12:31 बजे शुरू होगा और लगभग 2 मिनट 20 सेकंड तक चलेगा। हालांकि यह दुर्लभ खगोलीय घटना दक्षिणी गोलार्ध में दिखाई देगी, भारत में इसके दर्शन संभव नहीं होंगे क्योंकि उस समय सूर्य भारतीय क्षितिज के नीचे रहेगा।

Weather: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, पहाड़ों पर बर्फबारी; मैदानों में बारिश के आसार, इन इलाकों में बढ़ेगी गर्मी
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम के संयुक्त प्रभाव से 17 से 19 फरवरी के बीच उत्तर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मौसम के फिर से करवट लेने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। इसी बीच दक्षिण के तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा, जबकि अंडमान-निकोबार और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

तारिक रहमान का शपथ ग्रहण आज: चार साल की उम्र में जेल से बांग्लादेश के पीएम तक, ‘डार्क प्रिंस’ का राजनीतिक सफर
बांग्लादेश की राजनीति में आज एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। लंबे समय तक पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत खालिदा जिया के विचारों के इर्द-गिर्द घूमते रहे बांग्लादेश को 35 साल बाद एक नया प्रधानमंत्री तारिक रहमान के रूप में मिलने जा रहा है। हालांकि रहमान का ये सफर इतना आसान नहीं रहा। चार साल के लंबे निर्वासन और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद तारिक रहमान ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को मजबूती से एकजुट किया और युवा मतदाताओं को आकर्षित करते हुए जनसमर्थन की नई लहर खड़ी की।

Delhi: चुनाव से पहले सिद्धू दंपती की घर वापसी की जमीन तैयार करने में जुटा भाजपा नेतृत्व, विरोध में कई नेता
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सिद्धू दंपती की घर वापसी की जमीन तैयार करने में जुटी है। नवजोत सिंह सिद्धू और नवजोत कौर को वापस लाने के लिए रोडमैप करीब-करीब तैयार किया जा चुका है। शीर्ष नेतृत्व जल्द ही पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंद सिंह, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया जैसे सिद्धू विरोधी पार्टी नेताओं से बात करेगा।

बाल सुधार गृह में पुलिस पर हमला, दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत तीन फरार, छह पुलिसकर्मी निलंबित
आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह में सोमवार को सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। पुलिस पर कट्टे से फायरिंग व धारदार हथियार से हमला कर दो पाकिस्तानी नागरिक-मोहम्मद सुना-उल, एहसान अली और आरएस पुरा के दबलैड का रहने वाला करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा फरार हो गया। तीनों लंबे समय से यहां बंद थे और गंभीर मामले में उनकी संलिप्तता रही है। इस सुरक्षा चूक पर डीजीपी नलिन प्रभात ने मौके का दौरा कर लापरवाही के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

ऑस्कर विजेता अभिनेता रॉबर्ट डुवैल का निधन, 95 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
ऑस्कर विजेता और बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता रॉबर्ट डुवैल का 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी पत्नी लुसियाना डुवैल द्वारा फेसबुक पर जारी बयान के अनुसार, हॉलीवुड के दिग्गज रॉबर्ट ने रविवार को वर्जीनिया के मिडलबर्ग स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।

क्या खत्म हुआ ऑस्ट्रेलिया का सफर? श्रीलंका की जीत ने बदला सुपर-8 का गणित; निसांका का ऐतिहासिक शतक
टी20 विश्व कप 2021 की खिताब विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने लचर प्रदर्शन के कारण मौजूदा टूर्नामेंट में बाहर होने के मुहाने पर खड़ी है। सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद उसकी सुपर-8 की राहें कठिन हो गई हैं। अब उसे किसी चमत्कार का इंतजार है। बता दें कि, सोमवार को टी20 विश्व कप 2026 का 30वां मुकाबला पल्लेकेले में खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल मार्श और ट्रेविस हैड की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में 10 विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 18 ओवर में दो विकेट पर 184 रन बनाए और आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अजित पवार के निधन के बाद 75 शिक्षण संस्थानों को दिया गया अल्पसंख्यक का दर्जा? CM ने लगाई रोक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 75 विद्यालयों को दी गई अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान के दर्जे पर रोक लगाने का आदेश दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निध के तुरंत बाद इन विद्यालयों को मंजूरी दी गई थी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
तेलंगाना में मस्जिद में तोड़फोड़ के बाद मामला दर्ज; मेदरम मेले में रेहड़ी वाले के साथ बदसलूकी
तेलंगाना के यदाद्री भुवनगिरी जिले में एक मस्जिद के अंदर कथित तौर पर तोड़फोड़ के बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना बोम्मलारमारम मंडल के जलालपुर गांव की है, जहां सोमवार सुबह नमाजियों ने मस्जिद के अंदर पंखे और खिड़कियां टूटे हुए पाए। पुलिस को शक है कि कुछ अज्ञात लोगों ने नशे की हालत में मस्जिद में प्रवेश कर तोड़फोड़ की होगी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि क्या यह सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास था या कुछ लोगों ने नशे में यह कृत्य किया।
तेलंगाना: मेदरम मेले के दौरान रेहड़ी वाले के साथ दुर्व्यवहार का मामला
तेलंगाना के मुलुगू जिले में हाल ही में दो साल में आयोजित हुए आदिवासी मेले के दौरान यूट्यूबर्स के एक समूह ने कथित तौर पर एक विशेष समुदाय के रेहड़ी वाले के साथ बदसलूकी की और उसे अपने बेचने के लिए रखे गए खाने को खाने के लिए मजबूर किया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि यूट्यूब चैनल से जुड़े लोगों ने कुवा बंस (दूध से बनी मिठाई) बेच रहे रेहड़ी वालेसे उत्पाद की तारीख और गुणवत्ता के बारे में सवाल किए। कर्नूल जिले (आंध्र प्रदेश) के वेंडर ने कहा कि वह केवल एक कामगार है। समूह ने कथित रूप से उसे खाना खाने के लिए कहा और उसका आधार कार्ड दिखाने की मांग की। मुलुगु जिले की पुलिस ने सोमवार को कहा कि इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
एक अन्य वीडियो में गांव के लोग रेहड़ी वाले के समर्थन में आए। उन्होंने कहा कि वह कई वर्षों से उनके कुवा बंस का सेवन कर रहे हैं। वहीं, रेहड़ी वाले व्यक्ति ने कहा कि इस वायरल वीडियो के बाद उन्हें और उनके गांव के अन्य विक्रेताओं को एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा, हम कहां बेचें? कुछ लोग इसे अपने मोबाइल पर दिखाएंगे। इसलिए हमने अपना स्टॉक फेंक दिया।
लगातार मजबूत हो रही भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिका के हिंद-प्रशांत क्षेत्र की कमान के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे. पापारो ने सोमवार को भारतीय सेना के पश्चिमी कमान के मुख्यालय का दौरा किया। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार के साथ भारत के पश्चिमी मोर्चे पर रणनीतिक सुरक्षा परिस्थितियों पर चर्चा की।
गोर ने कहा कि भारत-अमेरिका की रक्षा साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संयुक्त प्रयास एक सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए अहम हैं।
भारतीय सेना की पश्चिमी कमान ने एक्स पर लिखा, अमेरिकी राजदूत सेर्गियो गोर और अमेरिकी सेना की हिंद-प्रशांत क्षेत्र की कमान के कमांडर एडमिरल पापारो ने पश्चिमी कमान मुख्यालय का दौरा किया और लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार के साथ भारत के पश्चिमी मोर्चे पर रणनीतिक सुरक्षा परिस्थितियों पर गंभीरता से चर्चा की। पश्चिमी कमान का मुख्यालय हरियाणा के पंचकुला में चंडी मंदिर में स्थित है।
पश्चिमी कमान ने आगे लिखा, प्रतिनिधिमंडल को पश्चिमी मोर्चे की स्थिति, संचालन की तैयारी, सेना की प्रतिष्ठित परंपरा, ऑपरेशन सिंदूर के क्रियान्वयन और राष्ट्र निर्माण तथा क्षेत्रीय स्थिरता मजबूत करने में भारतीय सेना की अहम भूमिका के बारे में पूरी जानकारी दी गई।
वहीं, राजदूत गोर ने लिखा, एडमिरल पापारो के साथ पश्चिमी कमान का दौरा शानदार रहा। हमारे संयुक्त प्रयास एक सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हैं। भारत-अमेरिका की रक्षा साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार, गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद।
पदोन्नति में पिछड़ते सीएपीएफ अफसरों के लिए विधेयक लाने की तैयारी में सरकार
केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) के कैडर अफसर, पदोन्नति एवं दूसरे आर्थिक हितों के मोर्चे पर पिछड़ते जा रहे हैं। 2019 और 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने कैडर अफसरों के हितों को लेकर जो फैसला दिया था, वह लागू नहीं हो सका। वजह, सरकार राजी नहीं थी। सर्वोच्च न्यायालय ने मई, 2025 के फैसले में कहा था कि इन बलों में ‘संगठित समूह ए सेवा’ (ओजीएएस) सही मायने में लागू किया जाए।
छह महीने में कैडर रिव्यू हो। सरकार ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर कर दी। सर्वोच्च अदालत ने इसे भी खारिज कर दिया। अब सरकार, संसद में बिल के माध्यम से फैसले को पलटने की तैयारी कर रही है। सरकार ने इस बाबत शीर्ष कोर्ट में हलफनामा भी दिया है। दूसरी तरफ, गृह मंत्रालय के शीर्ष अफसरों ने आईपीएस प्रतिनियुक्ति को लेकर जो सलाह दी थी, वह फाइलों से बाहर नहीं आ पा रही हैं।
अमेरिका में भारतीय छात्र की मौत में परिजनों की जांच तेज करने की मांग
अमेरिका में लापता होने के कुछ दिनों बाद मृत पाए गए भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया (22) के परिजनों ने जांच तेज करने की मांग की है।
परिवार ने कहा, वे खुद बर्कले जाकर पार्थिव शरीर लेना और विवि व पुलिस से मिलकर जांच के बारे में जानना चाहेंगे। परिजनों ने जांच में तेजी लाने की मांग की है और अमेरिका जाने के लिए आपातकालीन वीजा दिलाने में मदद मांगी है। कर्नाटक एनआरआई फोरम की उपाध्यक्ष भी रहीं आरती कृष्णा ने बताया कि साकेत के परिवार का अमेरिका में कोई रिश्तेदार नहीं रहता है। उन्हें आशंका है कि यदि पार्थिव शरीर सीधे भारत भेज दिया गया तो पुलिस जांच में लापरवाही बरतेगी। परिजन स्वयं बर्कले जाकर यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच हो।
नाइजीरियाई सेना को प्रशिक्षण देने पहुंचे अमेरिकी सैनिक; सूडान में गोलाबारी, 28 की मौत
नाइजीरियाई सेना ने सोमवार को घोषणा की कि पश्चिम अफ्रीकी देश में सैनिकों को प्रशिक्षण देने में मदद करने के लिए लगभग 100 अमेरिकी सैनिक और उपकरण नाइजीरिया पहुंच गए हैं। सेना ने एक बयान में कहा कि यह आगमन नाइजीरियाई सरकार द्वारा अमेरिकी सरकार से प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और खुफिया जानकारी साझा करने में मदद के अनुरोध के बाद हुआ है। यह तैनाती अमेरिका और नाइजीरिया के बीच तनाव कम होने के बाद की गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाइजीरिया पर आरोप लगाते हुए धमकी जारी की थी कि सरकार अपने ईसाई नागरिकों की रक्षा नहीं कर रही है। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव भड़क गया था।
सूडान के कोरडोफान इलाके में बाजार पर हुए हमले में कम से कम 28 लोगों की मौत
मानवाधिकार समूह ने सोमवार को बताया कि सूडान के कोरडोफान क्षेत्र में एक बाजार पर हुए हमलों में कम से कम 28 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए। सूडान में सेना और एक अर्धसैनिक समूह के बीच युद्ध अपने तीन साल पूरे करने के करीब पहुंच रहा है। नागरिकों के खिलाफ हिंसा पर नजर रखने वाले मानवाधिकार समूह इमरजेंसी लॉयर्स ने एक बयान में कहा कि रविवार को उत्तरी कोरडोफान प्रांत के सुदरी इलाके में एक बाजार पर ड्रोन से बमबारी की गई। उस समय बाजार में काफी भीड़ थी, जिससे मानवीय त्रासदी और भी बढ़ गई। समूह ने कहा कि हताहतों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
न्यूजीलैंड में तूफान से उड़ानें बाधित, स्कूल बंद
न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप के कई हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण हवाई जहाज, रेल और नौका सेवाएं बाधित हुईं हैं। कई जगहों पर सड़कें बंद करनी पड़ीं। साथ ही हजारों निवासियों की बिजली गुल हो गई। हवाई अड्डे के मुताबिक, राजधानी वेलिंगटन से आने-जाने वाली अधिकांश उड़ानें रद्द या विलंबित रहीं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एयर न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन, नेपियर और पामर्स्टन नॉर्थ हवाई अड्डों पर अपनी सेवाएं रोक दीं हैं। अधिकारियों ने बताया कि 30,000 से अधिक घरों में बिजली नहीं थी, जिनमें वेलिंगटन के लगभग 10,000 ग्राहक शामिल हैं। वेलिंगटन क्षेत्र के वाहन चालकों से सड़कों पर न निकलने का आग्रह किया गया है, जबकि व्यापक क्षति के बाद आपात दल राहत कार्य में जुटे रहे और अधिकांश स्कूल बंद हैं। एयर न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन, नेपियर और पामर्स्टन नॉर्थ हवाई अड्डों पर अपनी सेवाएं रोकीं।






Add comment