इंदौर / संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने गेहूं खरीदी के पंजीयन की तिथि बढ़ाने और सरकार द्वारा घोषित ₹2700 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सरकार के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता बबलू जाधव, रामस्वरूप मंत्री, चंदनसिंह बड़वाया, शैलेंद्र पटेल और प्रवीण ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन कराने वाले किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान जब पंजीयन कराने केंद्रों पर पहुंचते हैं तो अक्सर सर्वर डाउन होने के कारण उनका पंजीयन नहीं हो पा रहा है, जिससे किसानों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है।
नेताओं ने यह भी कहा कि दूसरी ओर पटवारियों की ड्यूटी अन्य कार्यों में लगा देने के कारण फसल की गिरदावरी का काम भी समय पर पूरा नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा सीधे किसानों को भुगतना पड़ रहा है। कई किसान अब भी गिरदावरी और पंजीयन से वंचित हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए गेहूं खरीदी के पंजीयन की अंतिम तिथि तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी किसान पंजीयन से वंचित न रहे। साथ ही सरकार ने चुनाव के समय किसानों से जो वादा किया था, उसके अनुसार गेहूं की खरीदी ₹2700 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर की जाए।
नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की इन जायज मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो संयुक्त किसान मोर्चा मजबूर होकर किसानों के साथ बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।






Add comment