चेन्नई
तमिलनाडु के गवर्नर आरएन रवि को DMK प्रवक्ता शिवाजी कृष्णमूर्ति ने धमकी दी है। उन्होंने कहा कि आप कश्मीर जाइए, हम वहां एक आतंकी भेजेंगे जो आपको गोली मारेगा। दरअसल एक कार्यक्रम में गवर्नर ने अपनी स्पीच में से आंबेडकर का नाम हटा दिया था। इसके बाद से ही सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता गवर्नर का विरोध कर रहे हैं। शिवाजी के बयान को लेकर गवर्नर ऑफिस ने उनके खिलाफ चेन्नई पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया है।

DMK नेता शिवाजी कृष्णमूर्ति ने एक कार्यक्रम के दौरान गवर्नर को धमकी दी।
पढ़िए डीएमके नेता की पूरी धमकी…
डीएमके नेता ने कहा, ‘मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि हम गवर्नर को कुछ न कहें। अगर गवर्नर ने ठीक से स्पीच पढ़ी होती तो मैं उनके चरणों में फूल रखता और हाथ जोड़कर उन्हें धन्यवाद कहता। लेकिन, अगर तमिलनाडु में ये शख्स आंबेडकर का नाम लेने से मना करता है तो क्या मुझे अधिकार नहीं कि मैं चप्पल से उसे मारूं?’
‘क्या आपने संविधान ने नाम पर शपथ नहीं ली थी? क्या ये संविधान आंबेडकर ने नहीं लिखा है? अगर आप उनका नाम लेने से इनकार करते हैं, तो आपको कश्मीर चले जाना चाहिए। हम वहां एक आतंकी भेजेंगे जो गोली मारकर आपकी हत्या कर देगा।’
भाजपा बोली- पुलिस पता लगाए DMK के किन आतंकियों से लिंक हैं
डीएमके नेता के इस बयान को लेकर भाजपा नेता नारायणन तिरुपति ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस को उनके आतंकी लिंक के बारे में पता लगाना चाहिए। उन्होंने स्पीच में कहा कि हम आपको मारने के लिए आतंकी भेजेंगे, इस ‘हम’ का क्या मतलब है? ये भाषा सिर्फ शिवाजी कृष्णमूर्ति की नहीं लगती। मेरा खयाल है कि ऐसी भाषा का प्रयोग CM एमके स्टालिन की छत्रछाया में किया जा रहा है

तमिलनाडु भाजपा का कहना है कि डीएमके नेता गवर्नर के खिलाफ ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की शह पर कर रहे हैं। (तस्वीर में एमके स्टालिन)
किस बात पर हो रहा है गवर्नर का विरोध
9 जनवरी को तमिलनाडु के गवर्नर आरएन रवि विधानसभा में स्पीच दे रहे थे। उन्होंने सरकार की तरफ से तैयार की गई स्पीच में से कुछ हिस्सों को नहीं पढ़ा। इसके बजाय उन्होंने अपनी तरफ से कुछ बातें स्पीच में जोड़ दीं। गवर्नर के स्पीच बदलने के खिलाफ मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विधानसभा में रिजॉल्यूशन पेश किया, जिसके बाद गवर्नर विधानसभा की कार्रवाई बीच में छोड़कर चले गए। इसके बाद ट्विटर पर गेट आउट रवि ट्रेंड करने लगा।
तमिलनाडु में गवर्नर गेट आउट के पोस्टर्स: राजभवन के पोंगल इन्विटेशन में खुद को तमिझगम का राज्यपाल लिखा, तमिलनाडु का नहीं

तमिलनाडु में राज्यपाल आरएन रवि का विरोध जारी है। राज्यपाल ने विधानसभा में राज्य का नाम तमिझगम करने की बात कही थी। इसके बाद मंगलवार को DMK कार्यकर्ताओं ने चेन्नई में वल्लुवर कोट्टम और अन्ना सलाई में ‘गेट आउट रवि’ के पोस्टर्स लगा दिए। शहर के कई हिस्सों में DMK कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के खिलाफ नारेबाजी भी की।

चेन्नई के वल्लुवर कोट्टम और अन्ना सलाई इलाके में राज्यपाल के खिलाफ गेट आउट के पोस्टर लगाए गए हैं।
इधर, राजभवन से भेजे गए पोंगल के आमंत्रण पत्र को लेकर भी विवाद शुरू हो गया है। इसमें आरएन रवि को तमिझगम का राज्यपाल लिखा गया है। CPM सांसद सु वेंकटेशन ने ट्विटर पर इन्विटेशन कार्ड की फोटो पोस्ट कर विरोध जताया है। वहीं, कोयंबटूर में सरकार की सहयोगी TPDK ने राज्यपाल के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
वहीं CM एमके स्टालिन ने चेन्नई में विधायकों के साथ मीटिंग कर राज्यपाल के खिलाफ कोई भी पोस्टर नहीं लगाने को कहा। साथ ही कहा कि राज्यपाल को लेकर किसी भी तरह कि कोई टिप्पणी न की जाए।

राज्यपाल आरएन रवि को पोंगल के इन्विटेशन में तमिझगम का राज्यपाल लिखा गया।
DMK का आरोप- अभिभाषण बीच में छोड़ भागे राज्यपाल
DMK नेता उदयनिधि ने राज्यपाल के सदन छोड़कर जाने पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने अभिभाषण के दौरान कुछ हिस्सों को छोड़ दिया, जिन्हें CM स्टालिन की सरकार ने तैयार किया था। छोड़े गए हिस्सों में शासन के द्रविड़ मॉडल का जिक्र भी शामिल था।

TPDK कार्यकर्ताओं ने कोयंबटूर में राज्यपाल की टिप्पणी का विरोध प्रदर्शन करते हुए उन्हें हटाने की मांग की।
विधानसभा में हंगामे के बाद सदन से चले गए थे राज्यपाल
इससे पहले सोमवार को विधानसभा में DMK, सहयोगी कांग्रेस और विदुथलाई चिरुथिगाल काची (VCK) के विधायकों ने राज्यपाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। हंगामे की वजह से गवर्नर अपनी स्पीच बीच में ही छोड़कर सदन से बाहर चले गए थे।

कोयंबटूर में विरोध कर रहे TPDK कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
DMK बोली- भाजपा अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे राज्यपाल
DMK ने कहा था कि राज्यपाल राज्य में भाजपा और RSS की विचारधारा न थोपें। कुछ विधायकों ने यह भी कहा कि यह नगालैंड नहीं है, यह प्राउड तमिलनाडु है। वहीं DMK सांसद टीआर बालू ने कहा था कि राज्यपाल रवि को भाजपा के दूसरे प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करना बंद कर देना चाहिए।

विधानसभा में हंगामे के चलते राज्यपाल आरएन रवि अभिभाषण बीच में ही छोड़कर चले गए थे।
विधानसभा में स्पीच अधूरी छोड़कर चले गए राज्यपाल: तमिलनाडु का नाम तमिझगम करने का सुझाव दिया, DMK बोली- RSS के विचार न थोपें

तमिलनाडु विधानसभा में सोमवार को राज्यपाल आरएन रवि ने कहा कि राज्य का नाम तमिलनाडु के बजाय तमिझगम करना ज्यादा बेहतर होगा। इस पर सरकार में काबिज DMK, सहयोगी कांग्रेस और विदुथलाई चिरुथिगाल काची (VCK) के सदस्यों ने जमकर नारेबाजी की। हंगामे के बाद राज्यपाल स्पीच बीच में छोड़कर सदन से बाहर चले गए।





