श्योपुर में खाद की किल्लत के बीच खाद की लूट मच गई. यूरिया से भरे ट्रक से किसान खाद लूट ले गए. एक ट्रक खाद वितरण सोसाइटी में किसानों को खाद बांटने के लिए पहुंचा था. श्योपुर जिले की गुरनावदा सोसाइटी में यह ट्रक पहुंचा था. ट्रक आते ही किसानों ने लूट मचा दी. किसान ट्रक पर चढ़कर खाद लूटने लगे. इस दौरान किसानों और सोसाइटी कर्मियों के बीच विवाद की स्थिति भी देखने को मिली. सोसाइटी कर्मियों ने पुलिस प्रशासन की निगरानी में खाद वितरण की गुहार लगाई है.
रोटर वेटर में फंसा पैर, युवक की दर्दनाक मौत
जबलपुर के पनागर में दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई. ट्रैक्टर के रोटर वेटर में फंसकर ड्राइवर के साथी की मौत हो गई. मृतक का नाम सुनील बर्मन है. वह खेत में जुताई करके वापस लौट रहा था. मेड़ के पास ट्रैक्टर में लगा रोटर वेटर फंसने के बाद उसे चलते समय ठीक करने के चक्कर में उसका पैर फंस गया. पैर फंसने से सुनील रोटर वेटर की ब्लेड्स की चपेट में आ गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और जांच शुरू की.
बीजेपी दफ्तर में बैठक शुरू
बीजेपी दफ्तर में बीजेपी की विशेष बैठक शुरू हो गई है. सीएम डॉ मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया. बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानन्द शर्मा भी विशेष रूप से शामिल हैं. बैठक की शुरुआत में प्रदेश की डॉ मोहन सरकार के दो साल पूरे होने पर सीएम डॉ मोहन यादव का अभिनंदन किया गया.
551 बेटियों की शादी करा रहे विधायक मधु गहलोत
आगर में 14 दिसंबर को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है. समारोह में दो लाख लोगों के लिए भोजन तैयार हो रहा है. इस काम में 200 से ज्यादा रसोइए जुटे हैं. विधायक मधु गहलोत 551 गरीब बेटियों की शादी निःशुल्क कराएंगे. मंडी प्रांगण में पांच दिन से मेगा किचन की तैयारियां चल रही हैं. भोजन में 100 क्विंटल आटा, 60 क्विंटल शक्कर और 30 क्विंटल घी का उपयोग किया जा रहा है. मंडी व्यापारियों ने स्वेच्छा से पांच दिन तक आयोजन स्थल पर व्यापार बंद कर सहयोग दिया है. बिन मां-बाप की चार बेटियों को हेलीकॉप्टर से आयोजन स्थल लाया जाएगा. विधायक के छोटे बेटे मोहित की शादी भी इसी सम्मेलन में होगी. बेटियों को कूलर, मिक्सी, बर्तन, बेड सहित पूरा घरेलू सामान उपहार में दिया जाएगा.
उज्जैन में जलकर विभाग का एक्शन
उज्जैन नगर निगम संपत्ति कर को लेकर जलकर विभाग द्वारा बड़े बकायदारों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है. नगर निगम द्वारा पहले लोगों को सूचित किया गया और इसके बाद तालाबंदी की कार्रवाई की गई. होटल आश्रय से बकाया राशि 02 लाख 12 हजार रुपये, होटल ओमकार पैलेस से 01 लाख 11 हजार रुपये, पामेचा हॉस्पिटल से 02 लाख 32000 हजार रुपये, तिरुपति हॉस्पिटल से 02 लाख 40000 हजार रुपये की वसूली की गई. जलकर विभाग की टीम द्वारा सिंधी कॉलोनी, बागपुरा क्षेत्र, नारायणपुरा बेगमबाग कॉलोनी, गुदरी चौराहा, तोपखाना क्षेत्र में अवैध नल कनेक्शन पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं.
महाकाल मंदिर परिसर में प्रदर्शन
राजस्थान से आ रही कार से अफीम बरामद
गुना जिले के राजस्थान सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाले मादक पदार्थों पर शिकंजा कसा जा रहा है. एसपी अंकित सोनी के निर्देशन में एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. गुना जिले की मृगवास थाना पुलिस ने राजस्थान से आ रही एक कार में रखी करीब 16 लाख रुपये की अफीम बरामद की है. इस कार को लाने वाले तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने तस्करी को लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि अफीम तस्करी की सूचना मुखबिर से मिली थी. इसके बाद मृगवास थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ैयाकलां-आंकखेड़ी रोड पर आ रही संदिग्ध कार क्रमांक एमपी 14 जेड एच 3584 की तलाशी ली गई, जिसमें करीब एक किलो 600 ग्राम अफीम रखी हुई थी.
पुलिस से की शिकायत, तो घर पर किया पथराव
खरगोन में आपसी विवाद में एक मकान पर अज्ञात लोगों ने दिनदहाड़े पत्थरबाजी की. रहीमपुरा में सतीश सोलंकी के मकान पर पत्थरबाजी की गई. पत्थरबाज मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर कोतवाली टीआई बीएल मंडलोई सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा. मकान मालिक महिला और उसके पति का आरोप है कि बीती रात पत्थरबाजों की पुलिस में शिकायत करने पर यह पथराव किया गया. पुलिस शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर रही है. कोतवाली थाना क्षेत्र के रहीमपुरा की यह घटना है.
पानी रोकने से आक्रोशित किसान
आगर मालवा में तालाब की नहर के गेट को एक ग्राम के ग्रामीणों ने सीमेंट कंक्रीट से बंद कर दिया. इससे चार ग्रामों तक नहर का पानी रुक गया. परेशान चारों ग्रामों के ग्रामीण आज कलेक्ट्रेट पहुंचे. उन्होंने धरना देकर ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
दो साल पूरे होने पर CM मोहन यादव की 20 बड़ी बातें
ठंड ने बदला स्कूल टाइम, अब सुबह 9 बजे के बाद ही लगेगी क्लास
कटनी जिले में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है. तापमान में लगातार गिरावट और तेज़ शीत लहर के चलते जिला प्रशासन हरकत में आया है. बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभाव को देखते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने बड़ा फैसला लिया है. जिले के सभी स्कूल शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई और नवोदय अब से सुबह 9 बजे के बाद ही संचालित होंगे. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
प्याज के दाम में आया उछाल, 1 रुपये से 10 रुपये तक पहुंचे दाम
IAS अफसर संतोष वर्मा पर BJP का बयान
विवादित बयान देने वाले IAS अफसर संतोष वर्मा पर हुई कार्रवाई को नाकाफी बताने पर भाजपा प्रवक्ता मिलन भार्गव ने कहा कि संतोष वर्मा ने जो बयान दिए हैं, वे समाज में असंतोष फैलाने वाले हैं. सरकार ऐसे बयान देने वाले अधिकारी को बख्शने वाली नहीं है. अभी उन्हें पद मुक्त किया गया है. आने वाले समय में भी सरकार नियम अनुसार जो भी कठोर कार्रवाई होगी, उसे करने के लिए प्रतिबद्ध है.





