मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं. वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर पानी भरने और वाहन फंसने से लंबा जाम लग गया. ऑफिस समय में हजारों लोग घंटों जाम में फंसे रहे. बीएमसी और ट्रैफिक पुलिस हालात संभालने में जुटी हुई है.देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में तकरीबन 15 दिनों के ब्रेक के बाद एक बार फिर से भारी से बहुत भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है. पिछले दो दिनों से महाराष्ट्र में मुंबई समेत अन्य इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है. इससे अम जनजीवन पूरी तरह से पटरी से उतर गया है. बस-कार से लेकर ट्रेन और प्लेन तक की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. मुंबई में जगह-जगह जलभराव की वजह से वाहनों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित हुई है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही नगर निगम ने स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया है. वहीं, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा, कोल्हापुर और पुणे के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. तेज बरसात की वजह से वेस्टर्न एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया है. सैकड़ों की संख्या में वाहन ट्रैफिक जाम में फंसे हुए हैं. मुंबई के कई इलाकों में भी ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है.
मुंबई में मूसलाधार बारिश लाइव अपडेट
मुंबई में भारी बारिश के बीच IMD ने अगले कुछ दिनों के लिए हाई-टाइड अलर्ट जारी किया है. अमरावती और गडचिरोली के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, अकोला, यवतमाल, बुलढाना, वाशिम के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी है. अमरावती में 18 अगस्त और गडचिरोली में 19 अगस्त को भारी बारिश और गरज के साथ बिजली की संभावना है. विदर्भ के कई जिलों में अगले कुछ घंटों में गरज के साथ मध्यम बारिश और बिजली की चेतावनी है.
Mumbai Rain Live: मौसम विभाग ने सिंधुदुर्ग, पालघर में अगले 3-4 घंटों में तेज़ बारिश होने की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने सोमवार सुबह 10.30 बजे एक चेतावनी जारी की, जिसमें कहा गया कि अगले 3-4 घंटों के दौरान सिंधुदुर्ग, पालघर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से तेज़ बारिश होने की संभावना है. इससे पहले कई जिलों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया था.

मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों में लगातार बारिश जारी है, जिससे जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा, कोल्हापुर और पुणे सहित महाराष्ट्र के कई जिलों और शहरों में रेड अलर्ट जारी है. मुंबई में रविवार को भी मूसलाधार बारिश हुई थी. बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार, दिन के दौरान महानगर में छह शॉर्ट सर्किट, 19 पेड़ या शाखाएं गिरने और दो दीवार गिरने की घटनाएं हुईं. हालाँकि, इन दुर्घटनाओं में कोई घायल नहीं हुआ. मुंबई और सबअर्बन एरिया में शनिवार से भारी बारिश हो रही है. कुछ हिस्सों में तड़के 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया.

Mumbai Rain Live: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश जारी रहने के कारण सोमवार को कई इलाकों में जलभराव की खबरें आईं. ऐसे मौसम में यात्रियों को यात्रा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. सायन के गांधी मार्केट में पानी भर गया. मुंबई में सोमवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया, क्योंकि शहर में रात भर बारिश जारी रही. सोमवार सुबह सुबह 8.50 बजे जारी मौसम चेतावनी में कहा गया है कि अगले तीन से चार घंटों के दौरान मुंबई और रायगढ़ में कुछ जगहों पर मध्यम से तीव्र बारिश होने की संभावना है.





