जम्मू-कश्मीर पर बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर देशभर में बवाल हो रहा है। सबसे पहले केरल कांग्रेस ने फिल्म को लेकर एक विवादित ट्वीट किया, जिसे पार्टी ने बाद में डिलीट कर दिया। इसके साथ ही फिल्म को कम स्क्रीन्स पर रिलीज किए जाने को लेकर रायपुर, आगरा समेत कई शहरों में विभिन्न संगठन सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं।
इन राज्यों में टैक्स फ्री हुई फिल्म
अब तक फिल्म को गुजरात, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा, गोवा और त्रिपुरा में टैक्स फ्री कर दिया गया है। वहीं राजस्थान में भाजपा के साथ कांग्रेस विधायक भी फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग करे हैं। इसी दौरान फिल्म की कमाई में 3 दिन में 325% का उछाल देखने को मिला है। फिल्म की स्क्रीन्स को भी 600 से बढ़ाकर 2000 कर दिया गया है।
फिल्म को मिल रही जबरदस्त तारीफ
इस फिल्म के निर्माता अभिषेक अग्रवाल हैं। विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में कश्मीरी हिन्दुओं के नरसंहार और पलायन पर बनी यह फिल्म 11 मार्च को रिलीज हुई है और अनुपम खेर, पल्लवी जोशी एवं मिथुन चक्रवर्ती ने इसमें अभिनय किया है। फिल्म को क्रिटिक्स और ऑडियंस सबकी तारीफ मिल रही है। सोशल मीडिया पर भी इस फिल्म की खूब चर्चा हो रही है।
मध्यप्रदेश में पुलिसकर्मियों को फिल्म देखने के लिए मिलेगी एक दिन की छुट्टी
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने DGP को पुलिसकर्मियों को फिल्म देखने के लिए एक दिन की छुट्टी देने के लिए कहा है। मिश्रा ने कहा है कि सुविधानुसार पुलिसकर्मी जब भी अपनी फैमिली के साथ फिल्म देखने जाना चाहें, उस दिन उनके अवकाश को मंजूर किया जाए।
आगरा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ न दिखाने पर टॉकीज पर लगाया ताला

संजय टॉकीज के बाहर प्रदर्शन करते राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ता।
आगरा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ मूवी को सिनेमाघरों में न लगाने पर राष्ट्रीय हिंदू परिषद के लोगों में गुस्सा है। सोमवार को परिषद के कार्यकर्ताओं ने सिनेमाघर के बाहर प्रदर्शन किया। फिल्म न लगाने पर जमकर नारेबाजी हुई। सिनेमाघर के गेट पर ताला लगा दिया। उन्होंने धमकी दी है कि अगर सिनेमाघर संचालकों ने फिल्म नहीं लगाई, तो सिनेमाघरों में आग लगा दी जाएगी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई है।
रायपुर में फिल्म देखने गए भाजपा नेता मल्टीप्लेक्स के कर्मचारियों से भिड़े

फिल्म देखने गए भाजपा नेताओं और पीवीआर के कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म देखने गए भाजपा नेताओं के हंगामे का एक वीडियो सामने आया है। इसमें नेता आरोप लगा रहे हैं कि मल्टीप्लेक्स PVR में सीटें खाली रहने के बावजूद टिकट नहीं दी जा रही है और हाउसफुल का बोर्ड लगा दिया गया है।
केरल कांग्रेस ने डिलीट किया विवादित ट्वीट

‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर रविवार को केरल कांग्रेस ने ट्वीट किया था कि जम्मू-कश्मीर में मारे गए पंडितों से ज्यादा संख्या तो मुस्लिमों की रही है। ट्वीट वायरल होते ही सब तरफ से लोगों ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया था।
केरल कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कश्मीरी पंडितों के बारे में तथ्य, वह आतंकी ही थे जिन्होंने पंडितों को निशाना बनाया। पिछले 17 सालों (1990-2007) में हुए आतंकी हमलों में 399 पंडित मारे गए हैं। इस अवधि में आतंकवादियों की ओर से मारे गए मुसलमानों की संख्या 15,000 है।




