अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

उनकी मौत
हमारा आंतरिक मामला है

Share

सुब्रतो चटर्जी

भुखमरी
बेरोजगारी
हत्याएं
बलात्कार
मंदी
भ्रष्टाचार
अशिक्षा
कुपोषण
बीमारी
हमारा आंतरिक मामला है
हमें किसी बाहरी हस्तक्षेप की
ज़रूरत नहीं है

हम
जब चाहें एक पूरे सूबे को
जेल बना दें
और किसी भी जेल को
अपराधियों के लिए स्वर्ग
और मासूम लोगों के लिए
नर्क बना दें
ये हमारा आंतरिक मामला है

हम
कीड़े पड़े एक पुराने नक़्शे को देश
और देश को
लफ़ंगों के नारों में ढूंढ सकते हैं

ख़ुदकुशी करते किसान और युवा
हमारे नागरिक हैं
इसलिए उनकी मौत
हमारा आंतरिक मामला है

सूखे हुए जलाशयों के किनारे
मरे हुए जानवर
पनपी सभ्यताओं के गले में
सुशोभित हार है
जेठ की धौंकनी सा हांफता समय
और कभी न ख़त्म होने वाली अमावस
हमारा आंतरिक मामला है

बाहरी हस्तक्षेप
नवजात के मुंह में पड़ने वाली
पोलियो के टीके की दो बूंद सी
कड़वी है

हम अपने आंतरिक मामलों को
खुद निबटाने को समर्थ हैं
लोकतंत्र के चारों स्तंभ
अब कुष्ठ रोगी को ढोते
ठेले पर सवार है
कुछ दिनों में
वे ढूंढ लेंगे
चूतड़ के नीचे फटे टायर की सीट
और हाथों में
लकड़ी के खंडाऊ

आख़िर एक
स्वनिर्भर क़ौम को
अपनी नियति की तरफ़
बढ़ने के लिए
इतने उपादान तो चाहिए

काली रातों के शाख़ों पर
उल्टे लटके
रक्तपिपासु चमगादड़ देखकर
जब कभी डरता है कोई बच्चा
मां कहती है
चुप हो जा
ख़ून का बनना
और चूसा जाना
हमारा आंतरिक मामला है !!

Ramswaroop Mantri

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें