लखीमपुर खीरी से 70 किमी दूर तिकोनिया गांव में हुई हिंसा के आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्र उर्फ ‘मोनू’ शनिवार को SIT के सामने पेश हुए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी एक विधायक से बातचीत करते दिखा। वहीं, पुलिस लाइन के बाहर भाजपा नेताओं व मंत्री के समर्थक नारेबाजी करते रहे। यह नजारा ही स्थानीय पुलिस की बेबसी का आलम बयां कर रहा था।
अब जांच करने वाली SIT टीम पर भी सवाल उठने लगे हैं। SIT टीम में शामिल 9 सदस्यों में से 7 लखीमपुर में ही तैनात हैं। माना जा रहा है कि जिन हाथों ने हमेशा सलाम किया है, अब वही उसके खिलाफ कैसे लिखेंगे। केंद्रीय मंत्री को पूछताछ की पल-पल की जानकारी मिल रही है।
उधर, पीड़ित परिवारों का कहना है कि SIT के नाम पर शासन ने सिर्फ खानापूरी की है। जिन लोगों को टीम में शामिल किया है, उनमें से अधिकतर मंत्री के घर पर ड्यूटी बजाते हैं। ऐसे में वह उसके लड़के के खिलाफ कैसे कुछ लिखेंगे या साक्ष्य पेश करेंगे, जिससे वो हत्यारा साबित हो। इसका ही नतीजा है कि टीम ने उसे गिरफ्तार करने की जगह नोटिस भेजा। इससे साफ है कि टीम पहले से मान चुकी है कि वह इस घटना में सीधे तौर पर जुड़ा नहीं है।
आशीष के साथ मंत्री प्रतिनिधि किस आधार पर है मौजूद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आशीष के साथ SIT के सामने उसका वकील और मंत्री का प्रतिनिधि भी पेश हुए हैं। साफ है कि सत्ता के रसूख के आगे स्थानीय प्रशासन नतमस्तक है। आशीष के साथ उनका प्रतिनिधि किसी आधार पर जांच टीम के साथ कैसे मौजूद है, इस पर कोई भी अधिकारी ‘ऑन द रिकॉर्ड’ और ‘ऑफ द रिकॉर्ड’ बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस लाइन के बाहर करीब 8 घंटे से मंत्री समर्थकों की भीड़ जुटी हुई है, जिसको भी हटाने का अभी तक प्रयास नहीं किया गया है।
पुलिस लाइन के बाहर भाजपा कार्यकर्ता डटे
मंत्री के बेटे आशीष के SIT के बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस लाइन पहुंचने से पहले भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए थे। वे वहां रह-रह कर नारेबाजी कर रहे हैं। इसको लेकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा है कि आप लोग डटे रहें, हम आपके साथ हैं। अगर आशीष की गिरफ्तारी होती है तो यहां का माहौल बिगड़ सकता है।
SIT के 7 पुलिसकर्मी लखीमपुर में हैं तैनात
लखीमपुर कांड की जांच करने वाली SIT उपेंद्र अग्रवाल, पुलिस उप महानिरीक्षक, यूपी पुलिस मुख्यालय की अध्यक्षता में बनाई गई है। इसमें नील कुमार सिंह, सेना नायक, 10वीं वाहिनी पीएसी, बाराबंकी को छोड़कर सारे सातों सदस्य लखीमपुर में तैनात है। अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, खीरी, संदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी, मितौली खीरी, संजय नाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी, गोला खीरी, विद्याराम दिवाकर, निरीक्षक, अपराध शाखा, खीरी, सियाराम वर्मा, प्रभारी निरीक्षक खीरी, धर्म प्रकाश शुक्ल, प्रभारी जन शिकायत प्रकोष्ठ खीरी और शिव कुमार उप निरीक्षक प्रभारी स्वाट टीम खीरी हैं।






