हम कॉकरोच को भले ही नापसंद करें, पर वैज्ञानिक रिसर्च बताती है कि इनके गायब होने से पूरी पृथ्वी बीमार हो जाएगी. ये जंगल के कचरे को तोड़कर मिट्टी में नाइट्रोजन वापस भेजते है. इनका बैक्टीरिया यह काम करता है. इन पर निर्भर छिपकली, मेंढक और पक्षियों की खाद्य सीरीज टूट जाएगी. कृषि पर दबाव बढ़ेगा और जिसे हम परेशान करने वाला कीड़ा समझते हैं, वही हमारे इको-सिस्टम का अनमोल आधार है.
दुनिया की अधिकांश आबादी कॉकरोच को सिर्फ गंदगी और डर से जोड़कर देखती है. रसोई में अचानक भागते हुए दिखाई देना, खाने में घुस जाना या अलमारी में छिपे मिल जाना. ऐसे में अगर कोई कह दे कि धरती से कॉकरोच का नामोनिशान मिट जाए तो जीवन और भी आसान हो जाएगा. ज्यादातर लोग इस विचार से सहमत भी दिखेंगे लेकिन हकीकत इसके ठीक उलट है. वैज्ञानिक रिसर्च बताती है कि कॉकरोच का गायब होना सिर्फ घरों की सफाई का सवाल नहीं बल्कि पूरी धरती के इको-सिस्टम के लिए एक गंभीर चेतावनी होगी. जंगलों की उपज, मिट्टी की गुणवत्ता, खाद्य सीरीज का संतुलन, छोटे जीव-जंतुओं का अस्तित्व. सभी पर गहरी चोट पहुंचेगी.
PNAS यानी प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंस में प्रकाशित एक अध्ययन बताता है कि कॉकरोच के अदर मौजूद ब्लाटाबैक्टीरियम नामक बैक्टीरिया नाइट्रोजन को री-साइकिल कर आवश्यक पोषक तत्वों में बदलता है. यही वजह है कि कॉकरोच बेहद कठिन वातावरण में भी जीवित रहते हैं और उन्हीं जगहों पर इको-सिस्टम में संतुलन बनाए रखते हैं, जहां अन्य कीट जीवित नहीं रह सकते. अगर यह प्रजाति खत्म हो जाए तो अनेक प्राकृतिक प्रक्रियाएं रुक जाएंगी, जिनका असर इंसानी जीवन तक पहुंचेगा.
जंगलों की क्लीनिंग मशीन
कॉकरोच का एक बड़ा हिस्सा घरों में नहीं बल्कि घने जंगलों में बसता है. वे गिरे हुए पेड़ों, पत्तों, सड़े हुए पौधों और लकड़ी को चबाकर छोटे-छोटे कणों में बदलते हैं. यही प्रक्रिया जंगल की मिट्टी में नाइट्रोजन और अन्य पोषक तत्व वापस भेजती है. अगर कॉकरोच गायब हो जाएं तो जंगल की जमीन पर जैविक कचरे की परतें जमा हो जाएंगी. डिसोल्यूशन यानी विघटन की गति धीमी पड़ जाएगी और मिट्टी की उर्वरता घटने लगेगी. धीरे-धीरे पेड़ों की वृद्धि कमजोर होगी और पूरी वन-व्यवस्था थकान महसूस करने लगेगी.
असंख्य जीवों के आहार का आधार
एक छोटा सा कीट गायब हो जाए, तो लगता है फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन पारिस्थितिकी तंत्र इन्हीं छोटे-छोटे हिस्सों से टिके होते हैं. छिपकलियां, मेंढक, पक्षी, छोटे स्तनधारी और कई कीट कॉकरोच पर निर्भर रहते हैं. वे एक भरोसेमंद और एक निरंतर उपलब्ध भोजन है. यदि वे अचानक गायब हो जाएं तो—
• शिकारियों को वैकल्पिक भोजन ढूंढना पड़ेगा,
• प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी,
• कई छोटे जीव भूख से मरने लगेंगे,
• और खाद्य सीरीज में ‘डोमिनो इफेक्ट’ शुरू हो जाएगा.
नाइट्रोजन फैक्ट्री
यदि यह प्रजाति खत्म हो जाए, तो कई पारिस्थितिक निच खाली रह जाएंगे और विविधता में भारी गिरावट आएगी. कॉकरोच के शरीर में मौजूद Blattabacterium बैक्टीरिया अपशिष्टों को अमीनो एसिड और विटामिन में बदल देता है. यह प्रकृति का अनोखा सहयोगी तंत्र है.
यही वजह है कि वे—
• कड़े, न्यूट्रीशन की कमी में भी जीवित रहते हैं,
• उन जगहों को संतुलन में रखते हैं जहां दूसरे कीट नहीं पहुंच पाते.
कृषि पर बड़ा असर
कॉकरोच खेतों के आसपास भी सड़ी-गली चीजों को तोड़कर मिट्टी में वापस मिलाते हैं. उनके गायब होने पर—
• जैविक कचरा धीमी गति से टूटेगा,
• मिट्टी में नाइट्रोजन की कमी बढ़ेगी,
• किसानों को अधिक केमिकल फर्टिलाइजर डालने पड़ेंगे,
• और इससे पानी प्रदूषण सहित पर्यावरणीय खतरे बढ़ जाएंगे.
इस तरह, रसोई का ‘अनवांटेड कीड़ा’ खेतों की उपज बढ़ाने में चुपचाप मदद करता है.
मिट्टी की सेहत बिगड़ेगी, जैव विविधता घटेगी
मिट्टी केवल रेत या कंकड़ का मिश्रण नहीं बल्कि जीवित तंत्र है. कॉकरोच—
• मृत पौधों को तोड़ते हैं,
• मिट्टी में पोषक तत्व घोलते हैं,
• और कई छोटे जीवों के लिए भोजन उपलब्ध कराते हैं.
उनके गायब होने से कई क्षेत्रों में मिट्टी मृत होने लगेगी, पौधों की वृद्धि रुकेगी और पूरे खाद्य जाल पर असर पड़ेगा.

पर्यावरण का अलार्म सिस्टम
कई जंगल-निवासी कॉकरोच पर्यावरण में बदलाव का पहला संकेत देते हैं. उनकी संख्या घटे या बढ़े तो वैज्ञानिक अनुमान लगा लेते हैं कि किसी क्षेत्र में क्या गड़बड़ चल रही है. यदि कॉकरोच न रहें, तो वैज्ञानिकों के पास यह जैविक संकेतक ही नहीं बचेगा.
कॉकरोच के बिना बीमार पड़ जाएगी पृथ्वी
सच्चाई यह है कि कॉकरोच का गायब होना दुनिया को खत्म नहीं करेगा, लेकिन इसे कमजोर जरूर कर देगा. हम भले ही किचन में कॉकरोच को देखकर उससे नफरत करने लगते हों या फिर उसे मारने के लिए हिट का इस्तेमाल करते हों लेकिन सच्चाई में यही हमारे जीवन का आधार भी है. यानी जिसे हम एक परेशान करने वाला कीड़ा समझते हैं, वही प्राकृतिक दुनिया की कई अदृश्य मशीनों को चलाए रखता है. धरती पर कई जीव हैं जिनका महत्व हम देखते नहीं, कॉकरोच उनमें सबसे कम आंका जाने वाला नायक है.
• जंगलों में विघटन धीमा होगा,
• मिट्टी पोषक तत्व खो देगी,
• खाद्य सीरीज टूटेंगी,
• कृषि पर दबाव बढ़ेगा,
• इको-सिस्ट का लचीलापन घटेगा.





