एस पी मित्तल, अजमेर
अजमेर के कोटड़ा स्थित बीके कौल नगर में मुख्य मार्ग पर श्वेताम्बर जैन समाज से जुड़े श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ का मणिपुंज स्थानक है। यहां वर्ष भर जैन साधु संतों, साध्वियों और श्वेताम्बर जैन समाज के विद्वानों का आना जाना लगा रहता है। 15 मार्च से 5 अप्रैल तक समाज के सुप्रसिद्ध आचार्य विजय राज जी भी प्रवास करेंगे। उम्मीद है कि रोजाना दो हजार श्रद्धालु आचार्य श्री के दर्शन और प्रवचन सुनने आएंगे। बच्चों को धर्म के अच्छे संस्कार भी मणि पुंज में दिए जाते हैं। जैन स्थानक का धार्मिक महत्व देखते हुए ही विगत दिनों संघ के अध्यक्ष शिखर चंद सिंगी व प्रतिनिधि अनिल कोठारी ने जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को ज्ञापन देकर आग्रह किया कि जैन स्थानक के बाहर जो फास्ट फूड के ठेले और वाहन लगे हुए हैं, उन्हें हटाया जाए। प्रशासन और निगम इस ज्ञापन पर कोई कार्यवाही करता इसके बजाए 6 मार्च की रात को साइकिलों का एक बड़ा पिंजरा इसी स्थानक के बाहर लाकर रख दिया गया है। इससे अब स्थानक में आने वाले साधु संतों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। सिंगी और कोठारी ने आरोप लगाया कि प्रशासन के कर्मचारी और अतिक्रमण कारियों में मिली भगत है, इसलिए प्रभावी कार्यवाही नहीं हो रही है। साइकिलों का बड़ा पिंजरा स्थानक के बाहर रखना तो पूरी तरह से गलत है। यहां यह उल्लेखनीय है कि आनासागर के किनारे महत्वपूर्ण स्थानों पर ऐसे पिंजरे रखे हुए हैं। पूर्व में स्मार्ट साइकिलें किराये पर देने की योजना बनाई गई थी, लेकिन अब यह योजना पूरी तरह धराशाही हो चुकी है, लेकिन ऐसे पिंजर अभी भी महत्वपूर्ण स्थानों पर रखे हुए हैं। मजे की बात यह है कि इन पिंजरों पर बड़ी कंपनियों के विज्ञापन बोर्ड लगे हुए हैं। इससे ऐसा लगता है कि कंपनियों ने ही विज्ञापन की आड़ में महत्वपूर्ण स्थानों पर कब्जा कर रखा है। जैन स्थानक के पदाधिकारियों ने कहा है कि यदि जल्द ही अतिक्रमण कारियों को नहीं हटाया गया तो अदालत की शरण ली जाएगी।
पवन सक्सेना की स्मृति में ट्रॉफियां:
6 मार्च को अजमेर के जीएलओ ग्राउंड पर जिला बार एसोसिएशन और न्यायाधीशों के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। यह क्रिकेट मैच एडवोकेट एसके वर्मा की स्मृति में कोर्ट क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित करवाया जाता है। स्वर्गीय वर्मा के पुत्र और पूर्व जिला लोक अभियोजक अजय वर्मा ने बताया इस क्रिकेट प्रतियोगिता में जज और वकील भाग लेते हैं। 6 मार्च को खेले गए मैच में वकील की जीत हुई। क्लब के अध्यक्ष एडवोकेट एसके भागर्व और सचिव एडवोकेट चरणजीत सिंह ओबेराय ने बताया कि मैच के दौरान हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश महेंद्र माहेश्वरी, अजमेर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश मदनलाल भाटी, चित्तौड़ के जिला एवं सत्र न्यायाधीश किशन गुर्जर आदि भी उपस्थित रहे। जज और वकील खिलाडिय़ों को पवन सक्सेना स्मृति ट्रॉफियां वितरित की गई। ऐसी ट्रॉफिया प्रतिवर्ष एसके सक्सेना एंड एसोसिएट की ओर से दी जाती है। सुप्रसिद्ध एडवोकेट एसके सक्सेना अपनी पत्नी पवन सक्सेना की स्मृति में प्रतिवर्ष क्रिकेट प्रतियोगिता में सक्रिय योगदान देते हैं।





