इंदौर के भोलाराम उस्ताद मार्ग पर है जमीन, पंकज संघवी बोले नियमों के तहत खरीदी
इंदौर
इंदौर में कांग्रेस नेता पंकज संघवी के खिलाफ जमीन पर कब्जा करने की शिकायत पर जांच शुरू हो गई है। संघवी पर श्री गुरु हरकिशन मेडिकोज स्कूल सोसाइटी की जमीन धोखे से अपने नाम कराने और उस पर कब्जा करने के आरोप हैं। जांच के लिए एडिशनल डीसीपी के यहां से डायरी थाने पहुंची है। दस्तावेजों को लेकर फिर से संघवी की भूमिका की जांच होगी।

एडिशनल डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा के मुताबिक सितंबर 2022 में डॉ. आरएस माखीजा और अन्य शिकायतकर्ताओं ने पंकज संघवी की लिखित शिकायत की थी। शिकायत में श्री गुरु हरकिशन मेडिकोज स्कूल सोसाइटी की ओर से दो मृत सदस्यों के फर्जी साइन कर जमीन की धोखाधड़ी की बात कही गई। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने पंकज संघवी पर केस दर्ज कर लिया। आगे की जांच के लिए केस डायरी भंवरकुआं थाने को सौंपी गई है। जांच को आगे बढ़ाने के लिए शिकायत करने वालों से डॉक्यूमेंट बुलवाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पंकज संघवी को भी बयान के लिये बुलाया जाएगा।
शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई, मार्च में गुंडों को भेजकर कब्जा कर लिया
दरअसल जमीन पर कब्जा करने के इस मामले में जांच सितंबर 2022 से ही ठंडे बस्ते में पड़ी थी। इसके बाद मार्च में डॉ. रमेश बदलानी ने एक लिखित शिकायत भंवरकुआ पुलिस से की। इसमें बदलानी ने पंकज संघवी द्वारा गुंडों को भेजकर कब्जा किये जाने की शिकायत की। बदलानी ने शिकायत में बताया कि श्री गुरु हरकिशन मेडिकोज स्कूल सोसाइटी की एबी रोड स्थित भोलाराम उस्ताद मार्ग पर 24 हजार 415 वर्ग फीट जमीन है। इस पर समिति द्वारा स्कूल बनाया जाना है। समिति की इस जमीन पर 9 मार्च को कुछ लोगों ने कब्जा करने का प्रयास किया। यहां बाउंसरों ने समिति के सदस्यों को धमकी भी दी। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और जमीन को कब्जे से छुड़वाया।
भाटिया ने बेटे के साथ मिलकर बनाए फर्जी दस्तावेज
एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिये श्री गुरु हरकिशन मेडिकोज स्कूल सोसाइटी बनाई गई। 1989 में जमीन खरीदी गई। इसे बांउड्रीवाल बनाकर खाली छोड़ दिया गया था। जमीन की देखभाल करने का जिम्मा समिति अध्यक्ष ने कृपालसिंह भाटिया को सौंपा गया। लेकिन कुछ समय बात पता चला कि कृपालिसंह भाटिया ने अपने बेटे सुरेन्द्र सिंह निवासी आदित्य एक्सटेंशन के साथ मिलकर फर्जी डॉक्यूमेंट तैयार कर लिए। उन्होंने सदस्यों की फर्जी साइन भी कर ली। जिसे शासकीय कार्यालय और रजिस्ट्रार सोसाइटी में भी पेश किया। इस घटनाक्रम की जानकारी समिति के पदाधिकारियों काे लगी। उन्होंने भाटिया पिता-पुत्र की शिकायत पूरे डॉक्यूमेंट के साथ सितंबर 2022 में क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अफसरों से की।
फर्जी हस्ताक्षर कर 35 करोड़ की जमीन पर कब्जा किया
डॉ. आरएस माखीजा, डॉ. अरुण पटवा और रमेश बदलानी की शिकायत पर पंकज संघवी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। संघवी पर आरोप है कि उन्होंने गुरु हरिकिशन मेडिकल कॉलेज स्कूल समिति के दो सदस्यों बलवीर सिंह माखीजा और जसवंत सिंह के फर्जी तरीके से हस्ताक्षर किए, उसके बाद धोखाधड़ी करके जमीन अपने नाम कर ली।
वहीं माखीजा की 1996 और जसवंत सिंह की 2008 में मृत्यु हो चुकी है। जिस जमीन पर संघवी ने कब्जा किया है वह भोलाराम उस्ताद मार्ग पर है। अभी का इस जमीन का बाजार मूल्य देखा जाए तो तकरीबन 35 करोड़ रुपए आंका गया है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पंकज संघवी ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने संस्था से 1998 में नियमों के तहत जमीन खरीदी थी, 2001 से वह निगम में जमीन का टैक्स भी भर रहे हैं। जिस समय सौदा हुआ था उस समय 22.50 लाख रुपए देकर उन्होंने यह जमीन खरीदी थी। यह जमीन अदालत के एक आदेश के बाद उन्हें मिली थी।





