नई दिल्ली
छत्तीसगढ़ कैडर के सीनियर IPS अधिकारी रवि सिन्हा को भारत की खुफिया एजेंसी RAW (रिसर्च एंड एनालिसेस विंग) का नया चीफ नियुक्त किया गया है। मौजूदा RAW चीफ सामंत कुमार गोयल का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद रवि कार्यभार संभालेंगे।
1988 बैच के IPS अधिकारी रवि सिन्हा दो साल तक इस पद पर रहेंगे। अभी वे कैबिनेट सचिवालय में स्पेशल सेकेटरी के पद पर कार्यरत हैं।
बिहार से ताल्लुक रखते हैं IPS रवि
रवि सिन्हा बिहार के भोजपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से पढ़ाई की। रवि ने साल 1988 में UPSC की परीक्षा पास की। उन्हें भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी के तौर पर मध्य प्रदेश कैडर मिला।
साल 2000 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल इलाकों को काटकर छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना की। तब सिन्हा तकनीकी रूप से छत्तीसगढ़ काडर में चले गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक IPS रवि सिन्हा को ‘ऑपरेशन मैन’ के नाम से भी जाना जाता है। वो खुफिया तरीके से काम करने के लिए जाने जाते हैं।

जम्मू-कश्मीर, उत्तर पूर्वी राज्यों में सेवाएं दे चुके रवि
रवि सिन्हा को भारत के पड़ोसी देशों के मामले में विशेषज्ञ माना जाता है। वे जम्मू-कश्मीर में भी सेवाएं दे चुके हैं और उत्तर पूर्वी राज्यों के साथ ही देश के अन्य हिस्सों में भी तैनात रह चुके हैं।
RAW में वे दो दशकों से अधिक समय से नंबर दो की पोजिशन पर सेवा दे रहे हैं। वे वर्तमान में RAW के ऑपरेशंस विंग के प्रमुख हैं। सिन्हा को खुफिया जानकारी जुटाने में आधुनिक तकनीक लागू करने का श्रेय दिया जाता है।
सिन्हा की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान राजनीतिक और आर्थिक रूप से अस्थिर है, सिख उग्रवाद को विदेशों से हवा दी जा रही है और पूर्वोत्तर में, खासकर मणिपुर में, हिंसा को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मौजूदा रॉ चीफ के नाम ये उपलब्धियां
अगर मौजूदा रॉ चीफ सामंत गोयल की बात करें तो वे पंजाब कैडर के IPS हैं। जून 2019 में उन्हें रॉ चीफ नियुक्त किया गया था। उन्होंने अनिल धस्माना की जगह ली थी।
इस पद पर रहते हुए सामंत गोयल ने कई उपलब्धियां अपने नाम कीं। उनके कार्यकाल में कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया। इसके साथ ही पाकिस्तान में बालाकोट एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया गया।





