इंदौर शहर में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा बुधवार को राऊ से होते हुए विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4, क्षेत्र क्रमांक-1, क्षेत्र क्रमांक-3 में पहुंची। 12 किलोमीटर लंबी यात्रा का समापन रात 8.30 बजे विधानसभा क्षेत्र दो के कुलकर्णी नगर में हुआ। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए CM शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि फूलों की मार ने घायल कर दिया।

CM चौहान रथ पर चढ़कर स्थानीय नेताओं के साथ जनता का अभिवादन कर रहे थे। इस दौरानस बातचीत में कई सवालों के जवाब दिए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे 50 पर्सेंट कमीशन के जवाब में कहा कि ‘खिसियानी बिल्लियां खंभे नोच रही हैं। जब उनकी (कमलनाथ) 15 महीने की सरकार थी तब उनके करीबियों के यहां छापे पड़े। पैसा बरामद हुआ, यह जनता जानती है। इनसे बड़ा भ्रष्ट कोई हो नहीं सकता। इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार सुनिश्चित है इसलिए आरोप लगा रहे हैं।’
सीएम ने कहा कि यात्रा में जनता का काफी आशीर्वाद मिल रहा है। जनता का उत्साह, प्रेम और स्नेह बरस रहा है। चुनाव से जनता का कल्याण हो यही हमारा उद्देश्य है। इसे सामने रखकर ही हम चुनाव लड़ेंगे। वहीं बीजेपी छोड़कर जाने वाले नेताओं पर मुख्यमंत्री ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
जन आशीर्वाद यात्रा का समापन से शुरू होने तक का मिनट टू मिनट अपडेट
रात्रि 8 बजे- सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सभा को संबोधित किया।
शाम 7.55 बजे- जेसीबी और क्रेन पर चढ़कर कार्यकर्ताओं ने सीएम के ऊपर पुष्प वर्षा की।
शाम 7.30 बजे- यात्रा कुलकर्णी नगर चौराहा पहुंची थी।
शाम 6.45 बजे- यात्रा विधानसभा 5 के नेहरू नगर से होते हुए अटल द्वारा, एमआईजी, परदेसीपुरा, पाटनीपुरा इलाके में पहुंची थी।
शाम 6.30 बजे – इंदौर 5 में अमर टेकरी पर मंच से युवाओं ने सीएम से पटवारी नियुक्ति की मांग किए।
शाम 6.20 बजे – विधानसभा 2 की जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने के लिए सीएम शिवराज मालवा मील चौराहा पहुंचे थे।
शाम 5.30 बजे – शहर के श्री माया होटल में सीएम ने कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किए थे।
शाम 5 बजे – सीएम रथ से उतरकर अपनी कार पर सवार होकर भोजन के लिए चले गए थे।
शाम 4.45 बजे – यात्रा जूनी इंदौर से यात्रा आगे बढ़ी थी।
शाम 4.30 बजे- यात्रा कृष्णपुराछत्री से आगे बढ़कर वीर सावरकर मार्केट पहुंची थी।
शाम 4 बजे – जन आशीर्वाद यात्रा इंदौर विधानसभा क्र.1 से इंदौर 3 में प्रवेश कर राजवाड़ा पहुंची थी। यहां सीएम शिवराज ने विधायक आकाश विजयवर्गीय के साथ देवी अहिल्या प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए थे।
दोपहर 3.45 बजे – गौराकुंड चौराहे पर सीएम शिवराज सिंह चौहान चाय का आनंद लेते नजर आए थे।
दोपहर 3.30 बजे – यात्रा बड़ा गणपति चौराहा से टोरी कॉर्नर होते हुए खजूरी बाजार पहुंची थी।
दोपहर 3 बजे – जन आशीर्वाद यात्रा राज मोहल्ला पहुंची थी।
दोपहर 2.30 बजे – जन आशीर्वाद यात्रा मालगंज चौराहे पर पहुंची थी।
दोपहर 2.10 बजे – यात्रा विधानसभा चार में पहुंची थी।
दोपहर 2 बजे – राऊ के राजीव गांधी सर्कल से सभी नेता रथ से उतर कर कार के माध्यम से सीधे चाणक्य पुरी चौराहा पहुंचे। यहां से यात्रा अन्नपूर्णा मंदिर होते हुए दशहरा मैदान पहुंची थी।
दोपहर 1.30 बजे – राजीव गांधी चौराहे के पास राऊ विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने JCB मशीन से बड़ी माला और पुष्प वर्षा कर शिवराज सिंह चौहान का स्वागत किया था।
दोपहर 1 बजे – यात्रा में सीएम के साथ भाजपा महासिचव कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक मालिनी गौड़, शहर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, भाजपा नेता मधु वर्मा, सावन सोनकर सहित बड़े नेता भी थे।
दोपहर 12.30 बजे – यात्रा भोलाराम उस्ताद मार्ग से निकली।
सुबह 11.30 बजे – विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा के पोस्टर जगह-जगह लगे थे। पोस्टर में पार्टी से इस्तीफा दे चुके प्रमोद टंडन के फोटो भी बैनर पोस्टर पर लगे हैं। कहा जा रहा है कि पार्टी ने अभी टंडन का इस्तीफा मंजूर नहीं किया है और पोस्टर उनके इस्तीफा देने के पहले ही छप गए हैं। राऊ से यह यात्रा विधानसभा चार में प्रवेश की।
सुबह 11 बजे – सुदर्शन गुप्ता के खिलाफ थाने पर नारेबाजी हुई।

राजवाड़ा में सीएम शिवराज ने विधायक आकाश विजयवर्गीय के साथ देवी अहिल्या की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किए।
नेताओं को किया एडजस्ट
यात्रा के शुरुआत में में राऊ से भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा रथ पर सवार हुए। जब यात्रा विधनसभा 4 में पहुंची तो रथ पर विधायक मालिनी गौड़ और विधानसभा 1 में आने पर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता रथ पर सवार हुए और मुख्यमंत्री ने उन्हें सबसे आगे खड़ा किया। ध्यान रहे कि यात्रा से ठीक पहले कुछ कार्यकर्ताओं ने गुप्ता के खिलाफ नारे लगाए थे और थाने में गिरफ्तारी देने भी पहुंचे थे। इनमें पूर्व पार्षद भी शामिल थे। इसके बाद आकाश विजयवर्गीय को आगे लाया गया।

विधानसभा एक से निकल रही यात्रा में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता भी रथ पर सवार हुए। वे अपनी विधानसभा क्षेत्र में रथ पर सवार रहे। जन आशीर्वाद यात्रा के पहले सुदर्शन गुप्ता को टिकट न मिले इसके लिए विधानसभा-1 के पूर्व पार्षदों और नेताओं ने प्रदर्शन किया था।

विधानसभा 4 से जब जन आशीर्वाद यात्रा निकली तो सीएम के साथ रथ पर विधायक मालिनी गौड़ भी सवार रही। इनके साथ भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद थे।
इनका कहना है कि हम जन आशीर्वाद यात्रा में कोई विरोध न कर दें। इसलिए पुलिस हम पर नजर रख रही थी। उन्होंने कहा कि हम थाने पहले आ गए ताकि कोई और विरोध करे तो हमारा नाम न आ जाये। लेकिन पुलिस अधिकारियों ने कहा हमारी ओर से ऐसा कोई मैसेज नहीं है। इसके बाद वे यात्रा में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान मंच के नजदीक झाबुआ से आदिवासी कलाकार इंदौर पहुंचे यहां कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य किए। इन्हें देखने के लिए भारी भीड़ जमा थी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू ने जन आशीर्वाद यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा हर पांच वर्ष में चुनाव के पहले जनता के द्वार आशीर्वाद लेने और एक सेवक की भांति अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने जाती है और अगली बार सेवा का मौका देने का आशीर्वाद मांगती है।
इस बार भी जन आशीर्वाद के माध्यम से हम पांच वर्ष में हुए विकास कार्यों की जानकारी लेकर जा रहे हैं। यात्रा के शहर के संयोजक जवाहर मंगवानी ने बताया कि यात्रा के लिए वार्ड स्तर पर बैठकें हो गई है। यात्रा के माध्यम से आम जनता का आशीर्वाद मिले। सरकार के बीस साल के रिपोर्ट कार्ड का वितरण यात्रा मार्ग में आने वाले घरों में होगा। 950 मंच से स्वागत होगा। विभिन्न समाज और वर्गों को भी मंच लगाने के लिए कहा गया है। यात्रा के आगे युवा बाइक से रैली निकालेगी। करीब 500 बाइक यात्रा के आगे चलेगी।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा का विरोध करने की चेतावनी देने पर पुलिस प्रशासन द्वारा एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रजत सिंह पटेल को नजरबंद किया गया।

इंदौर में सीएम शिवराज की जन आशीर्वाद यात्रा।





