पद्मश्री से सम्मानित अभिनेत्री कंगना रनोट शनिवार को मथुरा के बांके बिहारी मंदिर पहुंचीं। दर्शन के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कंगना ने कहा कि 2022 के चुनाव में वह राष्ट्रवादियों के लिए प्रचार करेंगी। कंगना ने कहा कि उनके बयान से तकलीफ उन लोगों को ज्यादा होती है, जिनके दिल मे चोर है। जो सच्चे हैं, जो बहादुर हैं, राष्ट्रभक्त हैं उनको मेरी बात सही लगती हैं। पंजाब में किसानों द्वारा रोके जाने पर माफी मांगने के सवाल पर कहा कि उन्होंने माफी कभी नहीं मांगी। मैं क्यों माफी मांगू? मैं खुद चंडीगढ़ में पढ़ी हुई हूं। हिमाचल, पंजाब के लोगों में प्रेम है। आप लोग ऐसी बातें न फैलाइए।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
फिर उमड़ा केजरी का ‘सिद्धू प्रेम’, कहा- राजनीति में कोई दुश्मन नहीं
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल का पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू के प्रति प्रेम फिर उमड़ा है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई दुश्मन या दोस्त नहीं होता। जब उनसे सिद्धू को पंजाब में AAP का CM चेहरा बनाने की बात पूछी गई तो उन्होंने हंसकर टाल दिया। दिल्ली में मीडिया से केजरीवाल ने हंसते हुए कहा कि सिद्धू AAP में नहीं आ रहे। हालांकि अगले ही पल सियासत में कोई दुश्मन न होने की बात कह उन्होंने सियासी चर्चाओं को गरमा दिया। इससे पहले भी केजरीवाल ने कहा था कि सिद्धू AAP में आना चाहते थे और वे अब भी कांग्रेस छोड़ने को तैयार बैठे हैं।
मोदी ने उत्तराखंड में 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तराखंड में 18 हजार करोड़ रुपए की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया। उनकी मेगा रैली के लिए देहरादून के परेड ग्राउंड में हजारों लोगों की भीड़ पहुंची है। जिन प्रोजेक्ट्स का मोदी शिलान्यास ने शिलान्यास किया, उसमें टूरिज्म, सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसमें 8,300 करोड़ का दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर भी शामिल है। इससे दिल्ली और देहरादून का सफर 6 घंटे से घटकर 2.5 घंटे हो जाएगा।
मेडिकल इमरजेंसी के चलते दिल्ली में लैंड हुई न्यूयॉर्क जा रही फ्लाइट
एयर इंडिया की एक फ्लाइट को शनिवार को तीन घंटे की उड़ान के बाद वापस दिल्ली में लैंड कराया गया। मेडिकल इमरजेंसी के चलते दिल्ली से न्यूयॉर्क जा रही इस फ्लाइट वापस लाने का फैसला हुआ।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया की इंस्टा ID हैक

MP के गुना दौरे से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की इंस्टाग्राम ID हो गई। हैकर ने उनका नाम बदलकर श्रेया अरोरा लिख दिया। समर्थकों ने IT सेल को जानकारी दी। इसके 1 घंटे के अंदर ही ID रिकवर कर ली गई। 3 महीने पहले मोदी कैबिनेट में शामिल होने के साथ ही उनका फेसबुक अकाउंट हैक हुआ था। हैकर ने सिंधिया के फेसबुक वॉल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक भाषण वाले पुराने VIDEO अपलोड कर दिए थे।
राजनाथ बोले- युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने में MSMEs बड़ी भूमिका

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (SIDM) की ओर से आयोजित MSME कॉन्क्लेव को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे देश के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने और उनके सपनों को पूरा करने में MSMEs बड़ी भूमिका निभा रही हैं। सिंह ने कहा, “पूर्व में हमारी MSMEs को वह अटेंशन नहीं मिल पाया जिसकी वे हकदार थीं। देश में इतनी बड़ी संख्या में MSMEs होने के बावजूद क्लियर गवर्नमेंट पॉलिसी और स्ट्रैटजिक हैंड होल्डिंग के अभाव के कारण MSMEs की पूर्ण क्षमता का लाभ हम नहीं उठा सके।”
कंगना रनोट बोलीं- मैंने किसी से माफी नहीं मांगी, कृषि कानूनों के हक में बोलती रहूंगी

पंजाब में विरोध झेलने के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट ने फिर तेवर दिखाए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे न किसी ने माफी मांगने को कहा और न ही मैंने किसी से माफी मांगी है। कंगना ने सोशल मीडिया पर यह लिखकर पोस्ट किया है। कंगना रनोट को शुक्रवार को कीरतपुर में विरोध झेलना पड़ा था। हिमाचल से पंजाब में प्रवेश करते ही किसानों ने कंगना को घेर लिया। उन्हें किसानों को खालिस्तानी कहने, महिलाओं के 100 रुपए को लेकर प्रदर्शन करने और किसान आंदोलन के बारे में बयानबाजी पर माफी मांगने को कहा गया था। करीब एक घंटे के विरोध के बाद कंगना का काफिला गांवों में घुसते हुए चंडीगढ़ पहुंचा था।
ओमिक्रॉन के बावजूद दक्षिण अफ्रीका दौरा नहीं टला

ओमिक्रॉन के खतरे के बावजूद टीम इंडिया का दक्षिण अफ्रीका दौरा टाला नहीं गया है। इंडियन टीम वहां 3 टेस्ट और 3 वनडे खेलने जाएगी। हालांकि टी-20 सीरीज की तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी। पहले जारी शेड्यूल के मुताबिक भारत को दक्षिण अफ्रीका में 4 टी-20 मुकाबले खेलने थे। BCCI के सेक्रेटरी जय शाह ने बताया कि अभी इंडियन टीम 3 टेस्ट मैच और 3 वनडे की सीरीज खेलने जाएगी। टी-20 मैचों की सीरीज बाद में होगी। टी-20 सीरीज के लिए अभी तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है।
अमेठी में बनेंगी 5 लाख से ज्यादा AK-203 असॉल्ट राइफल

डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में देश की आत्मनिर्भरता और ज्यादा बढ़ने वाली है। सरकार ने 5 लाख से अधिक AK-203 असॉल्ट राइफलों के प्रोडक्शन की योजना को मंजूरी दे दी है। रूस के साथ 5 हजार करोड़ रुपए की असॉल्ट राइफल्स के प्रोडक्शन की डील हुई है। रूस की डिजाइन की गई इस राइफल को अमेठी की एक फैक्ट्री में बनाया जाएगा। दोनों देशों के बीच कुछ साल पहले इस सौदे पर सहमति बनी थी। भारतीय सेना को मिलने वाली 7.5 लाख राइफलों में से पहली 70,000 रूस से मंगाई जाएंगी, क्योंकि टेक्नोलॉजी का ट्रांसफर धीरे-धीरे होता है। इन्हें प्रोडक्शन प्रोसेस शुरू होने के 32 महीने बाद सेना को दिया जाएगा।
मिशिगन के स्कूल में फायरिंग करने वाले लड़के के पेरेंट्स की तलाश, इनाम की घोषणा
US के मिशिगन में एक स्कूल में फायरिंग करने वाले लड़के के पेरेंट्स की अमेरिकी पुलिस को तलाश है। इनकी सूचना देने वाले को 7.53 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है। जेम्स और जेनिफर क्रंबली पर वार्निंग की अनदेखी करने का आरोप है। इस गोलीबारी में 4 स्टूडेंट्स की मौत हुई थी। 15 साल के एथन क्रंबली ने स्कूल में क्लासमेट्स पर अपने पेरेंट्स की बंदूक से फायरिंग की थी।
शिवसेना ने ममता को झटका दिया, सामना में लिखा- कांग्रेस को अलग कर नहीं हो सकता मोदी से मुकाबला

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के UPA से अलग होकर तीसरे मोर्चे बनाने के मंसूबे पर शिवसेना पानी फेरती हुई नजर आ रही है। शिवसेना ने ‘सामना’ की संपादकीय में स्पष्ट किया है कि कांग्रेस को अलग करके मोदी का मुकाबला नहीं किया जा सकता है। शिवसेना ने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रीय राजनीति से दूर रखकर सियासत करना यानी मौजूदा ‘फासिस्ट’ राज की प्रवृत्ति को बल देने जैसा है। शिवसेना ने यह भी लिखा है कि कांग्रेस से जिनका मतभेद है, वह रखकर भी यूपीए की गाड़ी आगे बढ़ाई जा सकती है।
विदेश से पटना लौटे 560 लोग, 475 लापता
विदेश यात्रा से लौटे कई यात्रियों के बारे में स्वास्थ्य विभाग बेखबर है। वह बिहार में हैं या देश के अन्य शहरों में, यह पता नहीं चल पा रहा है। कई का मोबाइल नंबर बंद है और कई सही सूचना नहीं दे रहे हैं। देश के कई राज्यों में नए वायरस के दस्तक के बाद बिहार में विदेश यात्रा से लौटे यात्रियों की तलाश तेज कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की बात करें तो पटना में गुरुवार की रात तक कुल 560 लोग विदेश यात्रा से वापस आए हैं, जिसकी सूची लगभग 5 दिन पहले स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई। महज 85 लोगों को ही ट्रेस किया जा सका है।
तमिलनाडु के पूर्व राज्यपाल और एकीकृत आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कोनिजेती रोसैया का निधन

तमिलनाडु के पूर्व राज्यपाल और एकीकृत आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कोनिजेती रोसैया का निधन हो गया है। 88 वर्षीय रोसैया कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। वह कांग्रेस के सबसे सीनियर नेताओं में से एक थे। उन्होंने के. विजया भास्कर रेड्डी और वाई.एस. राजशेखर रेड्डी सहित कई मुख्यमंत्रियों के मंत्रिमंडल में काम किया। रोसैया के पास वित्त मंत्री के रूप में विधानसभा के पटल पर बजट रखने का रिकॉर्ड है।
गहलोत का पायलट कैंप के मंत्रियों पर तंज
कांग्रेस की महंगाई के खिलाफ 12 दिसंबर को होने वाली रैली की तैयारी बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बगावत करने वाले सचिन पायलट खेमे के मंत्रियों और विधायकों पर फिर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि आप मंत्री इसीलिए हो कि 80 लोग छोड़कर नहीं गए। तभी आज सरकार है और हम मंत्रिपरिषद की बैठक कर रहे हैं। रमेश मीणा, विश्वेंद्र सिंह, हेमाराम चौधरी तो छोड़कर चले गए थे। 80 विधायक रुके और हमें छोड़कर नहीं गए, तभी तो सरकार बची है।




