जयपुर
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट में सियासी सुलह करवा दी है। ‘गद्दार’ विवाद के बाद मंगलवार को पहली बार एक बैठक में गहलोत-पायलट के बीच नमस्कार हुई। इसके बाद वेणुगोपाल ने पहले बंद कमरे में दोनों को मिलवाया, फिर मीडिया के सामने गहलोत-पायलट के हाथ खड़े करवाकर कहा- दिस इज राजस्थान कांग्रेस। हम पूरी तरह एक हैं।
वेणुगोपाल ने कहा कि सचिन पायलट और अशोक गहलोत कह चुके हैं, हम यात्रा तक ही नहीं, चुनाव तक एकजुट होकर काम करेंगे। हमारे नेता राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि गहलोत और पायलट दोनों पार्टी के लिए एसेट हैं।
भारत-जोड़ो यात्रा की तैयारी बैठक में पहुंचने पर पायलट-गहलोत ने एक-दूसरे का अभिवादन किया। कांग्रेस के वॉर रूम में हुई बैठक के बाद गहलोत और पायलट ने एक साथ मीडिया से बातचीत की। गहलोत ने कहा- राजस्थान में सब एकजुट हैं। गहलोत और पायलट एसेट ही हैं। वहीं पायलट ने कहा- सभी मिलकर पार्टी को मजबूत करेंगे। हमें कोई उकसा नहीं सकता। बैठक में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर चर्चा हुई।

अशोक गहलोत और सचिन पायलट को एसेट बताकर केसी वेणुगोपाल ने कहा- दिस इज राजस्थान।
इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बैठक के लिए पहुंचे तो पायलट ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया, इस पर गहलोत ने भी हाथ जोड़कर इसे स्वीकारा। यह तस्वीर छह दिन पहले 23 नवंबर इसी हॉल में हुई बैठक से बिल्कुल अलग थी। 23 नवंबर को दोनों के बीच कोई चर्चा नहीं हुई थी और टकराव साफ झलक रहा था।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी गहलोत और पायलट की फोटो ट्वीट कर कहा- राजस्थान के मिले-जुले रंग।
ठक से पहले राहुल की लाइन को दोहराया
बैठक से पहले सीएम अशोक गहलोत ने भी राहुल गांधी वाली लाइन को दोहराया है। गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब राहुल गांधी ने कहा है कि दोनों नेता एसेट हैं तो एसेट हैं। इसमें कहने को कुछ रह नहीं जाता है, उनके कहने के बाद फिर डिस्कशन किस बात का।
गहलोत ने कहा कि आजादी के पहले और बाद में हमारी पार्टी की सबसे बड़ी खूबी यह रही है कि जो नंबर वन नेता होता है, उसके डिसिप्लीन में पार्टी चलती है। उनके कहने के बाद में कोई गुंजाइश रहती नहीं है। राहुल गांधी ने कह दिया तो हम सब एसेट ही हैं।

राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक के बाद की यह तस्वीरें कई मैसेज देने वाली है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान भारत जोड़ो यात्रा पूरी होने तक टकराव टालना चाहता है।
गहलोत बोले- हर कार्यकर्ता एसेट
गहलोत ने कहा कि उसके मायने ये भी थे कि हम लोगों के साथ हर कार्यकर्ता एसेट है। अच्छी बात कही है। दोनों नेता एसेट हैं तो उनके फॉलोअर भी एसेट हैं। सब मिलकर यात्रा को भी कामयाब बनाएंगे। अगला चुनाव मुख्य मुद्दा है, वह हम जीतकर बताएंगे।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक में मौजूद संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल, सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट और अन्य नेता।
कोई विवाद नहीं करने के संकेत मिले हैं
दरअसल, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच हाल ही गहराए विवाद में अब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा तक ‘सियासी-सीजफायर’ के आसार बन गए हैं। हाईकमान की तरफ से यात्रा निकलने तक दोनों खेमों को कोई विवाद नहीं करने के संकेत मिले हैं।
गहलोत के सचिन पायलट को गद्दार कहने से शुरू हुए विवाद को निपटाने के लिए बीच का रास्ता निकाला गया है, दोनों ही नेताओं को साधने का फॉर्मूला अपनाया गया है। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल राजस्थान के मामले को देख रहे हैं।

जयपुर पहुंचने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री वेणुगोपाल का प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया।
521 किलोमीटर यात्रा का पॉइंट टु पॉइंट रूट जल्द फाइनल होगा
राहुल गांधी की झालावाड़ से लेकर अलवर जिले में करीब 521 किलोमीटर की यात्रा का पॉइंट टु पॉइंट रूट प्लान जल्द फाइनल होने के आसार हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और मंत्रियों ने पूरे रूट का जायजा लिया है। यात्रा राजस्थान में 17 से 20 दिन रह सकती है।





