*किसान संघर्ष समिति ने आभार व्यक्त किया
किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष, पूर्व विधायक डॉ सुनीलम ने शहीद किसानों के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भागीदारी करने के लिए मुलताई के नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा के नेताओं का शहीदों को श्रद्धांजलि नहीं देना दुखद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्षों को पत्र लिखकर इस बारे में जानने की कोशिश करेंगे कि दोनों पार्टियां पुलिस गोली चालन में मारे गए किसानों को शहीद मानने को तैयार क्यों नहीं है ?
उन्होंने कहा कि भाजपा ने पुलिस गोली चालन के बाद शहीद किसानों की पोस्टर बाजी कर किसानों को पार्टी के साथ भावना के तौर पर जोड़ा था लेकिन अभी तक शहीद किसान स्तंभ के लिए 1 इंच जमीन भी शिवराज सिंह सरकार द्वारा आवंटित क्यों नहीं की गई है?
डॉ सुनीलम ने दोहराया कि किसी भी आंदोलन के शहीद किसी एक पार्टी या संगठन के नहीं सभी के लिए प्रेरणा देते हैं तथा उनका सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे मुलताई घोषणा पत्र 2023 में दिए गए मुद्दों पर आंदोलन के लिए तैयार रहें।
डॉ सुनीलम ने बताया कि सम्मेलन में पूरे कार्यक्रम का आय व्यय का ब्यौरा कृष्णा ठाकरे द्वारा प्रस्तुत किया गया । जिसमें व्यय 1,50,000 रूपये हुए तथा जनसहयोग से 80,000 रूपये प्राप्त हुए।





