प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राज में संदेशखालि में नारी शक्ति पर ‘अत्याचार का घोर पाप’ हुआ है और इससे हर किसी का सिर शर्म से झुक गया है। किसानों के विरोध-प्रदर्शन के कारण बुधवार को कार चालकों को जाम का सामना करना पड़ सकता है।राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कोरोना वायरस से संक्रमित हुए,अगले वित्त वर्ष में भारत की जीडीपी 6.8 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमानः क्रिसिल,बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में हमलावर की जानकारी देने वाले को 10 लाख के ईनाम की घोषणादक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल ने महिला क्रिकेट में अब तक की सबसे तेज गेंद फेंककर नया इतिहास रचा दिया।
लोकसभा सीटों के लिए दलों में खींचतान, महा विकास अघाड़ी की बैठक में पहुंचे प्रकाश आंबेडकर

लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही महाराष्ट्र की 48 सीटों के बंटवारे को लेकर आपस में खींचतान शुरू हो गई है। महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की बुधवार को हुई बैठक में वंचित बहुजन अघाड़ी के नेता प्रकाश आंबेडकर भी पहुंचे, लेकिन उन्होंने सीट बंटवारे पर कोई संकेत नहीं दिया। चर्चा है कि 20 सीटों का बंटवारा हो गया है, जबकि 28 पर 9 मार्च को चर्चा होगी। कमोवेश यही स्थिति सत्तापक्ष महायुति की भी है।: महाराष्ट्र में सत्तापक्ष और विपक्ष की ओर से दावा किया जा रहा है कि सीट बंटवारे का मामला सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटा लिया गया है। लेकिन, कुछ प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र और उम्मीदवार हैं, जिन पर पार्टी और गठबंधन दोनों स्तरों पर निर्णय लिया जाना बाकी है।
महाराष्ट्र में सत्तापक्ष और विपक्ष की ओर से दावा किया जा रहा है कि सीट बंटवारे का मामला सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटा लिया गया है। लेकिन, कुछ प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र और उम्मीदवार हैं, जिन पर पार्टी और गठबंधन दोनों स्तरों पर निर्णय लिया जाना बाकी है। विवादास्पद सीटों में से तीन मुंबई की हैं। साथ ही ठाणे, पुणे, छत्रपति संभाजीनगर, सतारा और नागपुर में एक-एक सीटें हैं।
शाह की शिंदे और अजित पवार के साथ की बैठक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ बैठक की। इस बैठक में सीट-बंटवारे के फार्मूले पर चर्चा हुई। लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से कुछ दिन पहले शाह का राज्य का दौरा सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर अहम माना जा रहा है, क्योंकि सहयोगी दल शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित गुट) अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं।
जुए-सट्टेबाजी का विज्ञापन नहीं कर सकेंगे सेलिब्रिटी, प्रकाशक, मध्यस्थ और एप भी होंगे जिम्मेदार

सेलिब्रिटी और इन्फ्लूएंसर्स अब जुए और सट्टेबाजी को बढ़ावा देने वाले विज्ञापन नहीं कर सकेंगे। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने ऐसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगा दी है। दिशानिर्देश के बावजूद कोई ऐसा करता पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।सीसीपीए ने बुधवार को जारी आदेश में कहा, हाल में सट्टेबाजी और जुए जैसी अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों की भरमार हो गई है। सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 के तहत सट्टेबाजी और जुआ प्रतिबंधित है।
सीसीपीए ने बुधवार को जारी आदेश में कहा, हाल में सट्टेबाजी और जुए जैसी अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों की भरमार हो गई है। सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 के तहत सट्टेबाजी और जुआ प्रतिबंधित है। इसके बावजूद ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म और एप्स इसका विज्ञापन करते रहते हैं। ऐसी गतिविधियों का युवाओं पर नकारात्मक सामाजिक-आर्थिक प्रभाव पड़ता है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को भी सलाह
सीसीपीए ने कहा, इस मामले में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी पहले ही मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म को सलाह दी है। ऑनलाइन विज्ञापन मध्यस्थों को भी ऐसे विज्ञापनों को दिखाने पर चेतावनी दी गई है। यह दिशानिर्देश सभी विज्ञापनों पर लागू होते हैं, भले ही उसके लिए किसी भी माध्यम का उपयोग किया गया हो।
कठोर कार्रवाई की चेतावनी
सीसीपीए ने कहा, यदि दिशानिर्देशों का कोई भी उल्लंघन पाया जाता है, तो निर्माताओं, विज्ञापनदाताओं, प्रकाशकों, मध्यस्थों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित इससे जुड़े सभी लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी को ऐसे विज्ञापनों के प्रति जवाबदार माना जाएगा।
लोकसभा चुनाव से पहले बढ़ेगा राजग का कुनबा, बीजद-तेदेपा और जनसेना से जल्द गठबंधन की संभावना

दक्षिण भारत के राज्यों में आधार बढ़ाकर जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश में जुटी भाजपा जल्द ही ओडिशा में बीजद, आंध्र प्रदेश में टीडीपी और जनसेना के साथ गठबंधन की घोषणा कर सकती है। ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) का साथ आना तय माना जा रहा है। बीजद ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि राज्य के लोगों के हित में वह कोई भी कदम उठाएगी। आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम और अभिनेता पवन कल्याण की जनसेना से बातचीत चल रही है। इनके साथ समझौते की घोषणा भी हो सकती है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि ओडिशा में लोकसभा व विधानसभा चुनावों में बीजद के साथ गठबंधन के स्पष्ट संकेतों के बीच बुधवार को दिल्ली में प्रदेश भाजपा के नेताओं ने गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। बैठक के बाद भाजपा नेताओं ने बताया कि बीजद के साथ गठबंधन पर चर्चा हुई है, आखिरी फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
भुवनेश्वर में सीएम नवीन पटनायक की अध्यक्षता में बीजद नेताओं की भी बैठक हुई। बाद में पार्टी उपाध्यक्ष देवीप्रसाद मिश्रा ने बयान जारी किया कि बैठक में लोकसभा व विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रस्ताव पारित किया गया कि ओडिशा के लोगों के व्यापक हित में बीजू जनता दल कोई भी कदम उठाएगा। बीजद के बयान को भाजपा से समझौते के स्पष्ट संकेत के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, तेलंगाना में बीआरएस से गठबंधन को लेकर पहली बार बातचीत शुरू हुई है, जबकि तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने शरत कुमार की पार्टी एआईएसएमके साथ आ गई है।
दक्षिण को लेकर गंभीर है भाजपा
पार्टी सूत्रों ने बताया, दक्षिण भारत के पांच राज्यों आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक व तमिलनाडु को लेकर पार्टी बेहद गंभीर है। पार्टी की योजना हर हाल में इन राज्यों में सीटों का आंकड़ा बढ़ाने की है। यही कारण है कि इस बार इन राज्यों के लिए अलग-अलग रणनीति बनाई है। गठबंधन करने की कोशिशें भी लगातार जारी है। पार्टी नेतृत्व को लगता है कि इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन भविष्य में दक्षिण भारत में भाजपा को मजबूत ताकत बना सकता है।
तमिलनाडु में सरथ कुमार की पार्टी साथ आई
ऑल इंडिया समतुवा मक्कल काची (एआईएसएमके) के संस्थापक शरत कुमार ने कहा कि भाजपा से गठबंधन की बातचीत पूरी हो चुकी है। हमने उन्हें चुनाव के निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया है। हमने समृद्ध भारत और केंद्र में अच्छा शासन फिर से सुनिश्चित करने और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने के लिए भाजपा के साथ साझा काम करने का फैसला किया है।
त्रिपुरा : साथ आएगी टिपरा मोथा
त्रिपुरा में मुख्य विपक्षी दल टिपरा मोथा भी लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में शामिल होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने कहा, शपथ ग्रहण की तिथि अभी तय नहीं हुई है।
कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक आज, 130 से 150 लोकसभा सीटों पर तय हो सकते हैं उम्मीदवार
लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की पहली बैठक आज होगी। इसमें 130 से 150 सीटों पर विचार होगा। ये वो सीटें हैं, जिन पर राज्यों में कोई चुनावी गठबंधन नहीं है। उत्तराखंड, तेलंगाना, कर्नाटक, झारखंड जैसे राज्यों के अलावा इनमें ज्यादातर दक्षिण भारत के राज्य हैं, जहां पार्टी का किसी से कोई गठबंधन नहीं है।दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादातर राज्यों में उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग लगभग तय हो चुकी है।
राहुल अमेठी और वायनाड, प्रियंका रायबरेली से लड़ सकती हैं चुनाव
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी और वायनाड से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली से अपनी चुनावी राजनीति की शुरुआत कर सकती हैं। इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पार्टी ने इस पर काम शुरू कर दिया है। रायबरेली में प्रियंका के समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें लिखा है- रायबरेली की पुकार, प्रियंका अबकी बार। अमेठी को लेकर भी लगातार बैठकों का दौर जारी है, जिसमें स्थानीय नेताओं के साथ केंद्रीय नेता भी यहां की चुनावी जमीन का आकलन कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पिछले दिनों रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद भावुक चिट्ठी लिखकर यहां के लोगों से परिवार के लिए उनका साथ मांगा था।
‘रोजगार के अधिकार’ का वादा कर सकती है कांग्रेस
देश के युवाओं को लुभाने की कोशिश में कांग्रेस पहली बार उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव जीतने पर ‘रोजगार का अधिकार’ प्रदान करेगी। कांग्रेस की घोषणापत्र समिति ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनके आवास पर मिलकर घोषणापत्र के मसौदे की प्रति सौंपी। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम की अध्यक्षता वाली समिति में शशि थरूर, के राजू, गुरदीप सप्पल और इमरान प्रतापगढ़ी सदस्य हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस घोषणापत्र में देश में पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानून और सजा का प्रस्ताव भी रखेगी और सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता लाने के उपाय भी सुझाएगी। कांग्रेस कार्य समिति की मंजूरी के बाद घोषणापत्र को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पांच न्याय पर जोर देगा घोषणापत्र…
सूत्रों ने बताया कि घोषणापत्र के मसौदे का जोर ‘पांच-न्याय’ (न्याय के पांच स्तंभ) पर है जिसका वादा कांग्रेस ने राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान किया था। घोषणापत्र में न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी और सरकारी रिक्तियों को भरने के लिए देश में जाति आधारित जनगणना पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसमें समाज के हाशिए पर मौजूद वर्गों को वित्तीय सहायता प्रदान करने जैसे कुछ कल्याणकारी उपायों पर भी जोर दिए जाने की संभावना है। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें न्याय मिले और वे सरकार की कल्याणकारी कदमों का हिस्सा बनें।
हाथी ने चाल बदली तो बदल जाएंगे सियासी समीकरण, BSP के ‘इंडिया’ में जाने की चर्चाएं तेज

बार-बार इन्कार के बावजूद बसपा के इंडिया गठबंधन में शामिल होने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। कांग्रेस, बसपा और सपा ने अगर साथ मिलकर चुनाव लड़ा तो सियासी मुकाबलों में नया मोड़ आएगा। यही नहीं नए सिरे से टिकट बंटवारा और प्रत्याशियों को इधर-उधर भेजकर चुनाव लड़ाने की संभावना भी है।बहुजन समाज पार्टी के लगातार इनकार के बावजूद इंडिया में जाने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। सियासी गलियारों में नए सिरे से टिकट के बंटवारे और प्रत्याशियों में फेरबदल की भी चर्चाएं हैं।
लोकसभा चुनाव की चर्चा के केंद्र में एकाएक बसपा खड़ी हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती अकेले चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद बसपा के इंडिया गठबंधन के साथ जाने की चर्चा चल रही है। अगर ऐसा हुआ तो सियासी समीकरण बदलते हुए देर नहीं लगेगी। अधिकतर सीटों पर भाजपा के साथ सीधा मुकाबला होगा।
मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर भाजपा ने वर्तमान में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान और सपा ने पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। अब इंतजार सिर्फ बसपा के अगले कदम का है। बसपा अगर अकेले चुनाव लड़ती है तो त्रिकोणीय मुकाबला होगा, लेकिन अगर इंडिया गठबंधन के साथ खड़ी होती है तो सीधे मुकाबले के आसार बन जाएंगे।
इंडिया के लिए बनेगा यह समीकरण
बसपा, सपा और कांग्रेस के एक साथ चुनाव मैदान में आते ही मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर दलित-मुस्लिम एवं अन्य मतों का मजबूत समीकरण बनेगा। साल 2009 में भाजपा और रालोद ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, तब भी बसपा से चुनाव लड़े कादिर राणा ने जीत हासिल की थी।
गठबंधन हुआ तो बदल सकते हैं प्रत्याशी
अगर बसपा विपक्ष के गठबंधन में आती है तो पश्चिम यूपी की कई सीटों पर प्रत्याशियों में फेरबदल की संभावना बनेगी। ऐसी स्थिति में बिजनौर सीट बसपा के पास रहने की संभावना है। यही वजह है कि फिलहाल कांग्रेस, बसपा और सपा ने अपने प्रत्याशियों की नई सूची जारी नहीं की है। सियासत के जानकारों का दावा है कि आचार संहिता लगने का इंतजार किया जा रहा है।
कादिर राना बिजनौर से दावेदार
पूर्व सांसद कादिर राना बिजनौर लोकसभा सीट से सपा के कोटे से टिकट के दावेदार हैं। जबकि मुजफ्फरनगर से पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक को प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है।
सहारनपुर और बिजनौर में बसपा के सांसद
लोकसभा चुनाव 2019 की बात करें तो पश्चिम यूपी में रालोद का खाता खाली हो गया था, लेकिन बसपा ने यहां दो सीटें जीत ली थी। इनमें सहारनपुर और बिजनौर सीट पर बसपा के प्रत्याशी जीतकर सांसद बने थे।
दिल्ली से सीएम अरविंद केजरीवाल ने ईडी और मोदी सरकार पर साधा निशाना
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा- ED और मोदी सरकार की ये सच्चाई है। कैसे लोगों को ED से परेशान करवा के बीजेपी में शामिल किया जाता है। ED की रेड करवा के पूछा जाता है – कहां जाओगे – बीजेपी या जेल? जो बीजेपी जाने से मना कर देते हैं, उन्हें जेल भेज देते हैं। आज अगर सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह अगर बीजेपी में शामिल हो जायें तो कल ही उन्हें बेल हो जाएगी। ऐसा नहीं कि इन तीनों ने कोई गुनाह किया है, बस उन्होंने बीजेपी में जाने से मना कर दिया। आज अगर मैं बीजेपी में चला जाऊँ तो मुझे भी ED के समन आना बंद हो जाएँगे। पर ऊपर वाले के यहाँ देर है, अंधेर नहीं। प्रधान मंत्री जी, ऊपर वाले से डरिए। हर समय एक जैसा नहीं रहता। और समय बड़ा बलवान है।
पश्चिम बंगाल: संदेशखाली के आरोपी शाहजहां शेख को सीबीआई टीम को सौंप दिया गया
संदेशखाली के आरोपी शाहजहां शेख को सीबीआई टीम को सौंप दिया गया है। बता दें कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने आज कहा कि ईडी अधिकारियों पर हमले की जांच सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए और आरोपी शेख शाहजहां की हिरासत आज ही पूरी की जानी चाहिए।
नीमच से ढाना के लिए उड़ान भरने वाले एक प्रशिक्षु विमान में खराबी आने के बाद आपातकालीन लैंडिंग की गई, जिसके दौरान पायलट ने विमान से नियंत्रण खो दिया। प्रशिक्षु पायलट को चोटें आईं है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लोकसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग हो गई है और बहुत ही ठीक तरह से हुई है – संजय राउत
लोकसभा चुनाव के लिए हुई MVA की बैठक पर शिवसेना(UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि सीट शेयरिंग हो गई है और बहुत ही ठीक तरह से सीट शेयरिंग हुई है। प्रकाश अंबेडकर की चर्चा पूरी हो गई। उनके साथ पूरी चर्चा हुई है। अगर फिर एक बार जरूरत पड़ी तो हम उनके साथ बैठक करेंगे।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह को सात साल की सजा, नहीं लड़ पाएंगे लोकसभा चुनाव
अपहरण व रंगदारी में पूर्व सांसद धनंजय सिंह को 7 साल की सजा सुनाई गई है। जिसके कारण अब वो लोकसभा चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। बता दें कि धनंजय सिंह नमामि गंगे के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिनव सिंघल का चार साल पहले अपहरण कराने, पिस्टल सटाकर रंगदारी मांगने, गालियां व धमकी देने में आरोपी हैं।
संदेशखालि में नारी शक्ति पर ‘अत्याचार का घोर पाप’ हुआ, हर किसी का सिर शर्म से झुक गया: मोदी
भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 53वां दिन, आज मध्य प्रदेश में रहेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, ”आज भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 53वां दिन है और दोपहर करीब 1 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी मध्य प्रदेश के बदनावर में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे। उसके बाद डेढ़ घंटे के लिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा फिर से शुरू होगी और आज हम रतलाम में रुकेंगे। मध्य प्रदेश में आज आखिरी दिन है। कल सुबह हम राजस्थान में प्रवेश करेंगे और दोपहर तक हम गुजरात में प्रवेश करेंगे…”





