मोदी सरकार ने रक्षाबंधन पर देशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार के एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये की कमी करने का फैसला किया है। चीन के नक्शे पर भारत ने जताया कड़ा विरोध,आर्टिकल 370 से जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट की संविधान बेंच जारी रखेगी सुनवाई,दिल्ली-NCR में रात को बारिश, आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना,तोशाखाना मामला : जेल की सजा चुनौती वाली इमरान खान की याचिका पर फैसला आज,एशियाई हॉकी 5 विश्व कप क्वालीफायर: भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला आज ,उधर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की हाईकोर्ट ने इमरान खान को तोशाखाना मामले में बड़ी राहत दी है। हाईकोर्ट ने इमरान खान की सजा पर रोक लगा दी है और उन्हें तत्काल रिहा करने का आदेश दिया है।
आज का प्रमुख इवेंट
- आज से एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हो रहा है। पहला मैच पाकिस्तान और नेपाल के बीच पाकिस्तान के मुल्तान में खेला जाएगा।
पेट्रोल और डीजल की कीमत कम नहीं हो रही, G20 के लिए लगभग 3500-4000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, अगर वही पैसा गैस सिलेंडर में दिया जाता तो गैस सिलेंडर सिर्फ 300 रुपए में आ जाता। आज भी कीमतें ज्यादा हैं। मैं नहीं समझता इस तरह गरीबों को कुछ फायदा होगा: घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, रांची
चंद्रयान के रोवर प्रज्ञान ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सल्फर, अल्मुनियम, कैल्सियम, आयरन, क्रोमियम, टाइटैनियम, मैगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन का पता लगाया। इसरो ने बताया, चांद की सतह पर हाइड्रोजन की खोज जारी।
चार नाबालिगों को पुलिस ने पकड़कर बाल कल्याण समिति को सौंप दिया है। उन्हें सरकारी स्कूल के 2 बच्चों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों नाबालिग पीड़ितों ने सीआरपीसी की धारा 164 के तहत संबंधित मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज कराए हैं
मुंबई में नरेंद्र मोदी के नरेटी (गले) पर चढ़ने जा रहे हैं हमलोग। नरेंद्र मोदी का नरेटी पकड़े हुए हैं हम, हटाना है: INDIA गठबंधन की मुंबई बैठक से पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पटना
घरेलू गैस सिलेंडर आज से 200 रुपए सस्ता, उज्ज्वला सिलेंडर पर अब कुल ₹400 की रियायत

केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 200 रुपए की कटौती की है। नई कीमतें आज से लागू होंगी। इसके साथ ही अब दिल्ली में सिलेंडर 1103 रुपए से घटकर 903 रुपए, भोपाल में 908 और जयपुर में 906 रुपए में मिलेगा। साथ ही 75 लाख नए उज्जवला कनेक्शन भी बांटे जाएंगे।
सरकार का कहना है कि इस फैसले से 33 करोड़ लोगों को फायदा होगा। वहीं सरकार पर वित्त वर्ष 2023-24 में 7,680 करोड़ का बोझ आएगा। अब तक सिर्फ उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 200 रुपए की सब्सिडी मिलती थी। अब इन्हें कुल ₹400 की रियायत मिलेगी। इस साल 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में सरकार का यह कदम काफी मायने रखता है।
एक दिन में इंडिगो की दो फ्लाइट्स के इंजन हवा में बंद, पायलट ने सेफ लैंडिंग कराई
एक दिन में इंडिगो की दो फ्लाइट के एक-एक इंजन हवा में बंद हो गए। हालांकि दोनों ही विमान सुरक्षित लैंड करा लिए गए। पहली घटना मदुरै से मुंबई जा रही फ्लाइट के साथ हुई। जबकि, दूसरी कोलकाता से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट के साथ घटी। मदुरै से उड़ी फ्लाइट को मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। वहीं एक विमान को कोलकाता लौटना पड़ा।
दोनों विमानों की उड़ान पर अब रोक है। इंडिगो के विमानों में प्रैट एंड व्हिटनी के इंजन इस्तेमाल होते हैं। इंजन की खराबी और कंपनी से रिप्लेसमेंट ना हो पाने के कारण इंडिगो के करीब 40 विमान महीनों से ग्राउंडेड हैं। दो इंजन वाले विमान एक इंजन पर सेफ लैंडिग कर सकते हैं। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) मामले की जांच कर रहा है।
प्रज्ञान रोवर ने चांद पर सल्फर होने की पुष्टि की, ऑक्सीजन समेत 8 एलिमेंट्स भी मिले

इसरो ने 26 अगस्त को प्रज्ञान रोवर का दूसरा वीडियो शेयर किया था। जिसमें रोवर शिवशक्ति पॉइंट के पास घूमता दिखा।
चंद्रयान-3 ने चांद पर पहुंचने के पांचवें दिन दूसरा ऑब्जर्वेशन भेजा। इसके मुताबिक साउथ पोल पर सल्फर की मौजूदगी है। इसके अलावा ऑक्सीजन, एल्युमीनियम, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम, टाइटेनियम, सिलिकॉन और मैगनीज की मौजूदगी का भी पता चला है। हाइड्रोजन की खोज जारी है।
प्रज्ञान रोवर पर लगे पेलोड ने ये खोज की है। इससे पहले रोवर ने चांद पर तापमान से जुड़ा ऑब्जर्वेशन भेजा था। सल्फर की मौजूदगी से चांद के फॉर्मेशन और इसके इवोल्यूशन के बारे में जानकारी मिल सकती है। सल्फर आमतौर पर वोल्कैनिक एक्टीविटीज में निकलता है। इसकी मौजूदगी से चांद के इतिहास और संरचना से जुड़ी जानकारी पता करने में भी मदद मिल सकती है।
चंद्रयान-3 ने चांद पर पहुंचने के पांचवें दिन (28 अगस्त) दूसरा ऑब्जर्वेशन भेजा है। इसके मुताबिक चांद के साउथ पोल पर सल्फर की मौजूदगी है। इसके अलावा चांद की सतह पर एल्युमीनियम, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम, टाइटेनियम की मौजूदगी का भी पता चला है।
ISRO के मुताबिक, चंद्रमा की सरफेस पर मैगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन भी मौजूद हैं, जबकि हाइड्रोजन की खोज जारी है। प्रज्ञान रोवर पर लगे लिब्स पेलोड ने ये खोज की हैं।

इससे पहले, 28 अगस्त को चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर में लगे चास्टे (ChaSTE) पेलोड ने चंद्रमा के तापमान से जुड़ा पहला ऑब्जर्वेशन भेजा था। ChaSTE के मुताबिक, चंद्रमा की सतह और अलग-अलग गहराई पर तापमान में काफी अंतर है।
चंद्रमा के साउथ पोल की सतह पर तापमान करीब 50 डिग्री सेल्सियस है। वहीं, 80mm की गहराई में माइनस 10°C टेम्परेचर रिकॉर्ड किया गया है। चास्टे में 10 टेम्परेचर सेंसर लगे हैं, जो 10cm यानी 100mm की गहराई तक पहुंच सकते हैं।
ChaSTE पेलोड को स्पेस फिजिक्स लैबोरेटरी, VSSC ने अहमदाबाद की फिजिकल रिसर्च लैबोरेटरी के साथ मिलकर बनाया है।

साउथ पोल का तापमान पता चलने का फायदा क्या?
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने बताया था कि उन्होंने चंद्रमा के साउथ पोल को इसलिए चुना, क्योंकि यहां भविष्य में इंसानों को बसाने की क्षमता हो सकती है। साउथ पोल पर सूर्य का प्रकाश कम समय के लिए रहता है। अब जब चंद्रयान-3 वहां के तापमान समेत अन्य चीजों की स्पष्ट जानकारी भेज रहा है, तो वैज्ञानिक अब यह समझने की कोशिश करेंगे कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की मिट्टी वास्तव में कितनी क्षमता रखती है।
चंद्रयान-3 के साथ कुल 7 पेलोड भेजे गए हैं
चंद्रयान-3 मिशन के तीन हिस्से हैं। प्रोपल्शन मॉड्यूल, लैंडर और रोवर। इन पर कुल 7 पेलोड लगे हैं। एक पेलोड, जिसका नाम शेप है, वह चंद्रयान-3 के प्रोपल्शन मॉड्यूल पर लगा है। ये चंद्रमा की कक्षा में चक्कर लगाकर धरती से आने वाले रेडिएशन की जांच कर रहा है।
वहीं, लैंडर पर तीन पेलोड लगे हैं। रंभा, चास्टे और इल्सा। प्रज्ञान पर दो पेलोड हैं। एक इंस्ट्रूमेंट अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा का भी है, जिसका नाम है लेजर रेट्रोरिफ्लेक्टर अरे। ये चंद्रयान-3 के लैंडर पर लगा हुआ है। ये चंद्रमा से पृथ्वी की दूरी मापने के काम आता है।
केंद्र बोला- J&K को यूनियन टेरिटरी बनाने का फैसला अस्थायी, SC ने पूछा- राज्य का दर्जा कब देंगे
जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाने के खिलाफ दाखिल याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान केंद्र ने अदालत को बताया कि जम्मू-कश्मीर को दो अलग यूनियन टेरिटरी में बांटने का कदम अस्थायी है। लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश ही रहेगा, लेकिन जम्मू-कश्मीर को जल्द फिर से राज्य बनाया जाएगा। इस पर कोर्ट ने पूछा कि जम्मू-कश्मीर को वापस राज्य का दर्जा देने की क्या समय सीमा है। ये भी बताएं कि वहां चुनाव कब कराएंगे।
केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 को खत्म कर दिया था। सरकार के इस फैसले के खिलाफ दाखिल 23 याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। अब तक 12 सुनवाई हो चुकी है।
राजस्थान के मंत्री मेघवाल बोले- कोचिंग स्टूडेंट्स की मौत के लिए मोबाइल जिम्मेदार

कांग्रेस वॉर रूम के बाहर गहलोत सरकार में आपदा राहत मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा- बच्चों को मोबाइल की लत लग गई है।
पत्रकारों ने राजस्थान सरकार के मंत्री गोविंद राम मेघवाल से सवाल किया कि कोटा में बच्चों में सुसाइड की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस पर मेघवाल ने कहा कि बच्चों को मोबाइल की लत लग गई है। दिन-रात बच्चे इसी में लगे रहते हैं। उनमें डिप्रेशन बढ़ता है। पहले बच्चे परिवार में बैठते थे। बड़ों की सलाह लेते थे। सभी से अपील है कि वह अच्छी संगत में बैठें। गंदे लोगों की संगत छोड़ दें।
टेस्ट सीरीज में कम नंबर आने से तंग दो स्टूडेंट्स ने कोटा में रविवार को सुसाइड किया था। इसके बाद जिला कलेक्टर ने कोचिंग्स में दो महीने तक टेस्ट लेने पर रोक लगा दी है। अगस्त में 6 स्टूडेंट्स सुसाइड कर चुके हैं। वहीं इस साल जनवरी से अब तक 24 मामले सामने आए हैं।
जयपुर में ब्लास्ट की साजिश रचने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, दोनों 5-5 लाख रुपए के इनामी
जयपुर को दहलाने की साजिश रचने वाले इमरान खान और यूनुस साकी को नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था। दोनों को NIA के स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। यहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
MP के रतलाम के रहने वाले इन आरोपियों की तलाश पिछले साल मार्च से ही थी। दोनों को महाराष्ट्र के पुणे से अरेस्ट किया गया है। वे यहां बम बनाने की ट्रेनिंग दे रहे थे। इनके तीन साथियों को पिछले साल गिरफ्तार कर लिया गया था।
I.N.D.I.A और NDA की मुंबई में एक ही दिन मीटिंग, NCP का शरद और अजित गुट भी शामिल होगा

विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में होनी है। इधर, NDA की महाराष्ट्र यूनिट ने भी 1 सितंबर को मीटिंग बुलाई है। हालांकि इसमें महाराष्ट्र सरकार में शामिल एकनाथ शिंदे का शिवसेना गुट, भाजपा और अजित पवार का NCP गुट भी शामिल होगा।
NCP में फूट के बाद एक तरफ जहां शरद पवार विपक्षी गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे। वहीं उनके भतीजे और महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का गुट सत्ता पक्ष के साथ बैठक करेगा। उधर, कांग्रेस ने दावा किया है कि 18 जुलाई को दिल्ली में हुई NDA की बैठक में शामिल कुछ दल भी विपक्षी गठबंधन में शामिल होंगे।
लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A) की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में होने वाली है।
इस बीच NDA की महाराष्ट्र यूनिट ने भी इसी दिन यानी 1 सितंबर को मीटिंग करने की घोषणा की है। हालांकि इसमें महाराष्ट्र सरकार में शामिल एकनाथ शिंदे गुट शिवसेना, भाजपा और अजित पवार का NCP गुट ही शामिल होगा।
NCP में फूट के बाद एक तरफ जहां शरद पवार विपक्षी गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे, वहीं उनके भतीजे और महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का गुट सत्ता पक्ष के साथ बैठक करेगा। NCP अजित पवार गुट के विधायक सुनिल तटकरे ने मंगलवार (29 अगस्त) को इसकी जानकारी दी।
एक ही दिन बैठक क्यों?
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के नेता 31 अगस्त को मुंबई में जुटेंगे। इस दिन महाराष्ट्र के पूर्व CM उद्धव ठाकरे गठबंधन के नेताओं के लिए डिनर होस्ट करेंगे। इसके अगले दिन सुबह 11 बजे से बैठक शुरू होगी। इसमें 26 दलों के शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस ने दावा किया है कि 18 जुलाई को दिल्ली में NDA की हुई बैठक में शामिल नॉर्थ-ईस्ट के कुछ दल भी विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की बैठक में शामिल होंगे।
इधर, सुनील तटकरे से जब पूछा गया कि एक सितंबर को ही NDA की बैठक क्यों हो रही है। इस पर उन्होंने कहा- हमारी मीटिंग पिछले मानसून सत्र के पहले से तय थी, इसलिए मीटिंग की टाइमिंग को लेकर सवाल नही करना चाहिए। इससे पहले दिल्ली में 18 जुलाई को NDA के नेताओं की बैठक दिल्ली में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हो चुकी है। इसमें 38 दल शामिल हुए थे। ये बैठक भी विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की बैठक से ठीक एक दिन पहले हुई थी।
कांग्रेस ने क्या कहा
विपक्ष की बैठक को लेकर कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने मीडिया से कहा कि बिहार के CM नीतीश कुमार ने ऐसा संकेत दिया है कि मीटिंग मे कुछ क्षेत्रीय पार्टियां भी शामिल हो सकती हैं। विपक्ष में पीएम पद के उम्मीदवार को लेकर चव्हाण ने कहा- लोकसभा चुनाव जीतने के बाद ही प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया जाएगा।
चीन ने अरुणाचल, अक्साई चिन को अपना हिस्सा बताया, जयशंकर बोले- दावों से कुछ नहीं होता
चीन ने सोमवार (28 अगस्त) को अपना ऑफिशियल मैप जारी किया। इसमें भारत के अरुणाचल प्रदेश, अक्साई चीन, ताइवान और विवादित दक्षिण चीन सागर को अपने क्षेत्र में दिखाया। इस पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि ये चीन की पुरानी आदत है। उनके दावों से कुछ नहीं होता।
चीन इससे पहले भी भारतीय इलाकों को अपना बताता रहा है। चीन ने अप्रैल 2023 में अपने नक्शे में अरुणाचल प्रदेश की 11 जगहों के नाम बदल दिए थे। चीन ने पिछले 5 साल में तीसरी बार ऐसा किया है। इसके पहले 2021 में 15 जगहों और 2017 में 6 जगहों के नाम बदले थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…
इमरान जमानत के बाद भी रिहा नहीं होंगे, सीक्रेट लेटर चोरी केस में हिरासत में लिए गए

तोशाखाना यानी सरकारी खजाने के करोड़ों रुपए के तोहफे बेचने के मामले में इमरान को 3 साल की सजा सुनाई गई थी। (फाइल)
इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने तोशाखाना केस में इमरान खान की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत पर रिहा करने का फैसला सुनाया। लेकिन खान के जेल से बाहर आते ही उन्हें सीक्रेट लेटर चोरी केस में हिरासत में ले लिया गया। आज इस मामले में खान की पेशी होगी।
अगर इमरान को आज जमानत मिल भी गई तो भी रिहाई मुश्किल है। क्योंकि जांच एजेंसियां उन्हें 3 दूसरे मामलों में भी गिरफ्तार कर सकती हैं। ये मामले हैं- अल-कादिर ट्रस्ट स्कैम, महिला जज को धमकी देने और हलफनामे में बेटी (टायरिन व्हाइट) का नाम छिपाना।
पूर्व कानून मंत्री और सरकारी वकील अता तराड़ ने जियो न्यूज से कहा- इमरान की सजा सस्पेंड हुई है। उन्हें बेल मिली है, लेकिन वो फिलहाल जेल से रिहा नहीं हो सकते। इसकी वजह ये है कि साइफर चोरी के मामले में अदालत ने जांच एजेंसियों को 14 दिन का फिजिकल रिमांड दिया है।
‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के मुताबिक फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) और नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) की टीमें उनका इंतजार कर रही हैं।

तोशाखाना केस में इमरान की पत्नी बुशरा भी आरोपी हैं। बुशरा ने पिछले दिनों जांच एजेंसी के सामने पेश होने से इनकार कर दिया था। (फाइल)
इन दो मामलों में गिरफ्तारी तय
FIA को सीक्रेट लेटर चोरी (साइफर गेट स्कैंडल) और NAB को 9 मई को हुई हिंसा मामले में खान से पूछताछ करनी है। खास बात ये है कि NAB खान को 90 दिन तक पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में रख सकती है। इस दौरान उन्हें सुप्रीम कोर्ट समेत कोई अदालत जमानत भी नहीं दे सकेगी। राहत सिर्फ ये रहेगी कि खान को जेल के बजाय जांच एजेंसी के हेडक्वार्टर के कमरे में रखा जाएगा।
अब तोशाखाना केस को तफ्सील से समझिए
- चुनाव आयोग के सामने पिछली सत्ताधारी सरकार पाकिस्तानी डेमोक्रेटिक मूवमेंट (PDM) ने तोशाखाना गिफ्ट मामला उठाया था। कहा था कि इमरान ने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न देशों से मिले गिफ्ट को बेच दिया था। इमरान ने चुनाव आयोग को बताया था कि उन्होंने तोशाखाने से इन सभी गिफ्ट्स को 2.15 करोड़ रुपए में खरीदा था, बेचने पर उन्हें 5.8 करोड़ रुपए मिले थे। बाद में खुलासा हुआ कि यह रकम 20 करोड़ से ज्यादा थी।
- करीब दो साल पहले अबरार खालिद नाम के एक पाकिस्तानी शख्स ने इन्फॉर्मेशन कमीशन में एक अर्जी दायर की थी। कहा- इमरान को दूसरे देशों से मिले गिफ्ट्स की जानकारी दी जाए। जवाब मिला- गिफ्ट्स की जानकारी नहीं दी जा सकती। खालिद भी जिद्दी निकले। उन्होंने इस्लामाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी।
- इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने इमरान से पूछा था- आप तोहफों की जानकारी क्यों नहीं देते? इस पर खान के वकील का जवाब था- इससे मुल्क की सलामती यानी सुरक्षा को खतरा है। दूसरे देशों से रिश्ते खराब हो सकते हैं। इसलिए अवाम को दूसरे देशों से मिले तोहफों की जानकारी नहीं दे सकते।
पत्नी बुशरा भी आरोपी
- तोशाखाना केस दो तरह से चल रहा है। इसमें इमरान की सुनवाई अदालत में हो रही है। इसके अलावा उनकी पत्नी बुशरा बीबी को एंटी करप्शन एजेंसी पूछताछ के लिए बुला रही है, क्योंकि तोशाखाना के करोड़ों रुपए के तोहफे बुशरा ने ही बेचने के लिए दिए थे।
- बुशरा बीबी को भी जांच एजेंसी के सामने पेश होना है। अब तक कुल 13 बार बुशरा को जांच एजेंसी ने पेश होने के लिए नोटिस दिया है, लेकिन वो एक भी बार पेश नहीं हुईं। इसके बाद जांच एजेंसी ने अखबारों में एक इश्तिहार निकलवाया और कहा कि अगर बुशरा बीबी पेश नहीं हुईं तो उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया जाएगा।
- इसके बाद इमरान ने एक पिटीशन लाहौर हाईकोर्ट में दायर की थी। कहा- मेरी पत्नी घरेलू महिला हैं और उनका सियासत से कोई ताल्लुक नहीं है। लिहाजा, उन्हें पूछताछ से राहत दी जाए। दूसरी तरफ, इसी रिपोर्ट में कहा गया है कि इमरान के खिलाफ बेहद पुख्ता सबूत हैं और यही वजह है कि वो किसी न किसी बहाने से सुनवाई को लंबे वक्त तक लटकाना चाहते हैं।

27 मार्च 2022 को इस्लामाबाद की रैली में इमरान के हाथ में एक कागज नजर आया था। खान का दावा है कि इसमें उनकी सरकार गिराने की अमेरिकी साजिश का जिक्र है।
क्या है साइफर गेट स्कैंडल या सीक्रेट लेटर चोरी केस
- पिछले साल अप्रैल में सरकार गिरने के बाद इमरान की तरफ से लगातार दावा किया गया कि यह लेटर (डिप्लोमैटिक टर्म में सायफर) अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट यानी फॉरेन मिनिस्ट्री की तरफ से पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को भेजा गया। इमरान का दावा रहा कि बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन उनको प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नहीं देखना चाहती थी और अमेरिका के इशारे पर ही उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था।
- ‘साइफर गेट या केबल गेट या नेशनल सीक्रेट गेट’ केस में इमरान का फंसना तय माना जा रहा है। इसकी वजह यह है कि जब वो प्रधानमंत्री थे, तब आजम खान उनके चीफ सेक्रेटरी थे। आजम से जॉइंट इन्वेस्टिगेशन टीम (JIT) दो बार पूछताछ कर चुकी है। आजम ने बिल्कुल साफ कहा है कि उन्होंने यह साइफर इमरान को दिया था। बाद में आजम ने जब इसे खान से वापस मांगा तो उन्होंने कहा कि यह तो कहीं गुम हो गया है।
- हैरानी की बात है कि खान ने बाद में यही साइफर कई रैलियों में खुलेआम लहराया। खान ने कहा- ये वो सबूत है जो यह साबित करता है कि मेरी सरकार अमेरिका के इशारे पर फौज ने गिराई। आजम के इकबालिया बयान ने यह तय कर दिया है कि इमरान चाहकर भी इसे झुठला नहीं सकेंगे। खास बात यह भी है कि आजम ने अपना बयान जांच एजेंसी और मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया है। इसकी कॉपी पर सिग्नेचर भी किए हैं।
- इसके अलावा खान का एक ऑडियो टेप भी वायरल हुआ था। इसमें इमरान, उस वक्त के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और आजम खान की आवाजें थीं। फोरेंसिक जांच में यह साबित हो चुका है कि यह ऑडियो सही है, इससे कोई छेड़छाड़ नहीं की गई थी। टेप में खान कुरैशी और आजम से कहते हैं- अब हम इस साइफर को रैलियों में दिखाकर इससे खेलेंगे।

इमरान जब PM थे, तब आजम खान उनके प्रिंसिपल सेक्रेटरी थे। आजम ने जांच एजेंसी के सामने पेश होकर इमरान के झूठ का पर्दाफाश कर दिया है। (फाइल)
दोस्त को मोहरा बनाया
सबसे जरूरी यह जानना है कि इमरान जो कागज दिखा रहे था, वो वास्तव में है क्या। पाकिस्तान के सीनियर जर्नलिस्ट रिजवान रजी के मुताबिक- यह कागज झूठ के सिवाए कुछ नहीं था। कुछ महीनों पहले तक अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत थे असद मजीद। उनके बारे में ये जानना बेहद जरूरी है कि वो इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ के सदस्य और इमरान के खास दोस्त थे।
रजी आगे कहते हैं- इमरान ने मजीद को एक मिशन सौंपा कि किसी तरह जो बाइडेन एक फोन इमरान को कर लें। यह हो न सका। फिर खान ने मजीद से कहा कि वो ये बताएं कि बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन इमरान सरकार और पाकिस्तान को लेकर क्या सोच रखती है। जवाब में मजीद ने एक बढ़ाचढ़ाकर इंटरनल मेमो लिखा। इसमें बताया कि व्हाइट हाउस को लगता है कि इमरान सरकार के रहते पाकिस्तान से रिश्ते बेहतर नहीं हो सकते।

इमरान जब PM थे तब जनरल बाजवा आर्मी चीफ थे। बाजवा ने इमरान खान से कहा था कि वो सीक्रेट लेटर का मुद्दा पब्लिक प्लेटफॉर्म पर न उठाएं। खान नहीं माने।
पाकिस्तान पर भरोसा नहीं करेगी दुनिया
- पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी वकील और पॉलिटिकल एनालिस्ट साजिद तराड़ के मुताबिक- पहली बात तो यह कि यह ऑफिशियल कम्युनिकेशन नहीं था। यह एक एम्बेसेडर का अपने विदेश मंत्रालय को लिखा इंटरनल मेमो है, जिसकी कोई कानूनी या डिप्लोमैटिक हैसियत नहीं। हां, इसमें कोई दो राय नहीं है कि यह नेशनल सीक्रेट होता है और इसका पब्लिक प्लेस पर न तो जिक्र किया जा सकता है और न दिखाया जा सकता।
- तराड़ आगे कहते हैं- अमेरिका को अब पाकिस्तान की कोई जरूरत नहीं है। अगर होगी भी तो वो इमरान से मंजूरी क्यों मांगता? वो फौज से बात करता है और करता रहेगा। इसे आप इंटरनल मेमो, इंटरनल केबल, वायर या बहुत हुआ तो डिप्लोमैटिक नोट कह सकते हैं। ये तो बेहद आम चीज है। इमरान की गलती की वजह से अब दूसरे देश भी पाकिस्तान पर आसानी से भरोसा नहीं करेंगे।
- पाकिस्तान के पूर्व रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक टीवी चैनल पर खुलासा किया था कि इमरान की पार्टी PTI ने साजिश के मनगढ़ंत आरोपों के लिए अमेरिका से माफी मांगी है।
- बकौल ख्वाजा आसिफ- हमारी सरकार के पास इस बात के सबूत हैं कि खान की पार्टी PTI ने अमेरिकी डिप्लोमैट डोनाल्ड लू से माफी मांगी। खान पहले अपनी सभाओं में अमेरिका के खिलाफ नारे लगा रहे थे, अब गलतियों के लिए माफी मांग रहे हैं। ख्वाजा आसिफ ने यह भी खुलासा किया कि, इमरान ने अमेरिका को मैसेज भेज कर संबंध सुधारने की ख्वाहिश जाहिर की है।






