अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

ताजा समाचार:धरती की वजह से ही चांद पर पानी,केरल में निपाह का छठा केस ; फ्रांस में आईफोन-12 की बिक्री बैन,आर्थिक तंगहाली के बीच पाकिस्तान एयरलाइन का काम ठप

Share

केरल में निपाह वायरस के अब तक चार मामले सामने आए हैं। सभी मरीज ‘इंडेक्स मरीज’ (संक्रमण की पुष्टि वाले पहले मरीज) के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। कोझिकोड पहुंची केंद्रीय टीम उन गांवों का दौरा करेगी जहां सकारात्मक मामले सामने आए हैं। निपाह में संक्रमित लोगों की मृत्यु दर बहुत अधिक (40 से 70 प्रतिशत के बीच) है। भारत इलाज के लिए ऑस्ट्रेलिया से मोनोक्लोनल एंटीबॉडी की 20 और खुराक खरीदेगा। कोझिकोड जिले के सभी स्कूल-कॉलेज शनिवार को बंद रहेंगे।डेविस कप: भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना का विदाई मुकाबला आज,कांग्रेस की नई CWC की बैठक, लोकसभा और विधानसभा चुनावों की रणनीति पर जोर,निपाह के इलाज के लिए ऑस्ट्रेलिया से मोनोक्लोनल एंटीबॉडी की 20 डोज खरीदेगा भारत,केरल में निपाह वायरस के मामलों को देखते हुए अलर्ट, कोझिकोड में स्‍कूल-कॉलेज बंद,84 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी अमृत पुरस्कार देंगे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, तमिलनाडु और कर्नाटक की सीमा से लगे राज्य के चेकपोस्टों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। 

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। वे बस्तर जिले में चुनाव रैली को संबोधित करेंगे। उनके साथ पंजाब के CM भगवंत मान भी होंगे।
  2. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के मधुबनी में एक रैली को संबोधित करेंगे। शाह का इस साल का यह छठा दौरा है।
  3. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण पर 6 बालिग पहलवानों के यौन शोषण आरोप के केस की सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई में WFI के सस्पेंड सहायक सचिव विनोद तोमर को जमानत दे दी गई थी।

अनंतनाग के शहीदों का अंतिम संस्कार, कर्नल मनप्रीत को 7 साल के बेटे ने मुखाग्नि दी

अनंतनाग मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों को सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई।

अनंतनाग मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों को सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई।

आतंकी मुठभेड़ में शहीद हुए चंडीगढ़ के कर्नल मनप्रीत और पानीपत के मेजर आशीष का उनके गांव में अंतिम संस्कार हुआ। कर्नल मनप्रीत को उनके सात साल के बेटे कबीर ने मुखाग्नि दी। वहीं, मेजर आशीष का अंतिम संस्कार उनके चचेरे भाई ने किया। उधर, अनंतनाग में चौथे दिन भी रात 10 बजे तक आतंकियों से मुठभेड़ जारी रही। 2-3 आतंकी पीर पंजाल के घने जंगलों में छिपे हैं। इनमें एक लश्कर-ए-तैय्यबा का कमांडर उजैर खान है। कमांडोज के साथ स्निफर डॉग्स, ड्रोन और हेलिकॉप्टर से इनकी खोज जारी है। रॉकेट लॉन्चर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

कश्मीर में पिछले तीन साल में यह सबसे बड़ा हमला है, जिसमें इतने बड़े अफसरों की शहादत हुई है। इससे पहले कश्मीर के हंदवाड़ा में 30 मार्च 2020 को 18 घंटे चले हमले में कर्नल, मेजर और सब-इंस्पेक्टर समेत पांच अफसर शहीद हुए थे। इस साल जनवरी से अब तक जम्मू-कश्मीर में 40 आतंकी मारे गए हैं। इनमें 8 ही स्थानीय थे और बाकी सभी विदेशी थे।

केरल में निपाह का छठा केस मिला, वायरस से मृत्यु दर 40-70% के बीच

केरल में निपाह वायरस का छठा केस मिला है। इनमें से 2 की मौत हो चुकी है, जबकि बाकी 4 लोगों का इलाज किया जा रहा है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) का कहना है कि निपाह से मृत्यु दर 40 से 70 प्रतिशत के बीच है। यह कोरोना से होने वाली मृत्यु दर की तुलना में काफी ज्यादा है। कोरोना से मृत्यु दर 2 से 3 प्रतिशत ही थी। ICMR ने साथ ही कहा कि केरल में निपाह वायरस क्यों फैलता है, इसकी वजह साफ नहीं है।

 निपाह वायरस चमगादड़ और सुअर जैसे जानवरों से इंसानों में फैलता है। अब तक इसका कोई ट्रीटमेंट या इंजेक्शन मौजूद नहीं है। WHO के मुताबिक, निपाह वायरस से संक्रमित होने वाले मरीजों में वायरल फीवर होने के साथ सिरदर्द, उल्टी जैसा लगना, सांस लेने में तकलीफ और चक्कर आने जैसे लक्षण दिखते हैं। ​​​​​​

हमारे पास केवल 10 मरीजों के लिए मोनोक्लोनल एंटीबॉडी की खुराक

  • ICMR के डीजी राजीव बहल के मुताबिक, हमारे पास केवल 10 मरीजों के लिए मोनोक्लोनल एंटीबॉडी डोज मौजूद हैं। हमारे शरीर में मौजूद एंटीबॉडी को जब लेबोरेटरी में बनाया जाता है, इसे मोनोक्लोनल एंडीबॉडी कहते हैं। ये कैंसर समेत कई बीमारियों के इलाज में मददगार होती है।
  • बहल ने बताया कि हमने मोनोक्लोनल एंटीबॉडी की 20 खुराक और मंगाई हैं, ताकि संक्रमण की शुरुआत में ही मरीजों को दिया जा सके।
  • मोनोक्लोनल एंटीबॉडी के असर का परीक्षण नहीं किया गया है, केवल एक फेज का परीक्षण पूरा हुआ है।

केरल में 4 एक्टिव केस

कोझिकोड में 39 साल का व्यक्ति वायरस से संक्रमित पाया गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक एक्टिव केस बढ़कर 4 हो गए हैं। केरल में अब तक निपाह के कुल 6 केस आ चुके हैं, जिसमें 2 लोगों की मौत हो चुकी है।

केरल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि मरने वाले व्यक्ति को अभी कोझिकोड के अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। राज्य सरकार ने संक्रमण फैलने से रोकने के लिए तैयारियां मजबूत कर ली हैं। कोझिकोड में संक्रमण मिलने वाली ग्राम पंचायतों को क्वारंटीन जोन घोषित कर दिया गया है।

हाई रिस्क कैटेगरी में 213 लोग
मरने वाले व्यक्तियों के संपर्क में आए हाई रिस्क वाले 15 लोगों के सैम्पल ले लिए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार संक्रमित लोगों की कॉन्टैक्ट लिस्ट में 950 लोग शामिल हैं। इनमें से 213 लोग हाई रिस्क कैटेगरी के हैं। कॉन्टैक्ट लिस्ट में 287 स्वास्थ्य अधिकारी भी शामिल हैं।

ग्राउंड टेस्टिंग के लिए भेजी गई मोबाइल यूनिट

कोझिकोड मेडिकल कॉलेज की एक टीम सैम्पल लेने पहुंची।

कोझिकोड मेडिकल कॉलेज की एक टीम सैम्पल लेने पहुंची।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ भारती प्रवीण पवार ने गुरुवार को पुणे में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद- राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (ICMR-NIV) का दौरा किया। उन्होंने निपाह वायरस को रोकने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने वायरस से निपटने में राज्य की मदद करने के लिए डॉ. माला छाबड़ा की अगुआई मे एक टीम नियुक्त की है। केंद्र और ICMR-NIV ने ग्राउंड टेस्टिंग के लिए एक हाई लेवल टीम को कोझिकोड भेजा है। यह टीम बायोसेफ्टी लेवल 3 (BSL-3) वाली मोबाइल यूनिट के साथ भेजी गई है।

वहीं, केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि राज्य सरकार ने ICMR से निपाह संक्रमण के इलाज के लिए जरूरी मोनोक्लोनल एंटीबॉडी मांगी थी जो 15 सितंबर को केरल पहुंच गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राजीव गांधी सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी (RGCB), तिरुवनंतपुरम की मोबाइल वायरोलॉजी टेस्टिंग लैब भी कोझिकोड भेजी गई है।

कर्नाटक सरकार ने जारी किया सर्कुलर
केरल के पड़ोसी राज्य कर्नाटक में सरकार ने एक सर्कुलर जारी किया है। इसमें आम जनता को केरल के प्रभावित इलाकों में सफर करने से बचने की सलाह दी है। सर्कुलर में अधिकारियों को केरल की बॉर्डर से जुड़े जिले (कोडागु, दक्षिण कन्नड़, चामराजनगर और मैसूर) में निगरानी तेज करने के भी आदेश दिए गए हैं।

संक्रमित मरीजों में लक्षण
WHO की मानें तो निपाह वायरस से संक्रमित होने वाले मरीजों में वायरल फीवर होने के साथ सिरदर्द, उल्टी, सांस लेने में तकलीफ और चक्कर आने के लक्षण दिखते हैं। निपाह वायरस से मरने वालों की दर बहुत ज्यादा है।अब तक इसका कोई ट्रीटमेंट या टीका (इंजेक्शन) उपलब्ध नहीं है। 1-2 हफ्ते तक लक्षण रहने पर डॉक्टर से संपर्क की सलाह दी जाती है।

निपाह का पहला मामला 25 साल पहले मलेशिया में मिला था
WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) के मुताबिक, 1998 में मलेशिया के सुंगई निपाह गांव में पहली बार निपाह वायरस का पता चला था। इसी गांव के नाम पर ही इसका नाम निपाह पड़ा। तब सूअर पालने वाले किसान इस वायरस से संक्रमित मिले थे।

मलेशिया मामले की रिपोर्ट के मुताबिक, पालतू जानवरों जैसे कुत्ते, बिल्ली, बकरी, घोड़े से भी इंफेक्शन फैलने के मामले सामने आए थे। मलेशिया के बाद उसी साल सिंगापुर में भी इस वायरस का पता चला था।

इसके बाद 2001 में बांग्लादेश में भी इस वायरस से संक्रमित मरीज मिले। कुछ वक्त बाद बांग्लादेश से जुड़ी भारतीय सीमा के आसपास भी निपाह वायरस के मरीज मिलने लगे।

नूंह हिंसा में कांग्रेस विधायक मामन खान गिरफ्तार, पुलिस बोली- वे दंगाइयों के संपर्क में थे

कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच कांग्रेस विधायक मामन खान को कोर्ट में पेश किया गया।

कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच कांग्रेस विधायक मामन खान को कोर्ट में पेश किया गया।

हरियाणा के नूंह में हिंसा फैलाने के आरोप में फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान की गिरफ्तार हुई। उन्हें राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने विधायक को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि नूंह हिंसा के दौरान मामन खान दंगाइयों के संपर्क में थे। उनकी लोकेशन भी हिंसा वाली जगह के आसपास मिली है।

31 जुलाई को हुई नूंह हिंसा में 7 लोगों की मौत हुई थी और 100 से ज्यादा लोग जख्मी हुए थे। हरियाणा पुलिस ने मामले में अब तक 60 FIR दर्ज की हैं और 316 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसी हिंसा मामले में 12 सितंबर को मोनू मानेसर को भी गिरफ्तार किया गया था।

MLA मामन खान की गिरफ्तारी पर नूंह के SP नरेंद्र बिजारणियां ने कहा- ”नूंह के बडकली चौक पर हुई हिंसक घटना में मामन खान की भूमिका मिली है। इसके साथ ही MLA खान दंगा फैलाने वालों के संपर्क में भी थे। 31 जुलाई को MLA की लोकेशन भी हिंसा वाली जगह के आसपास मिली है।”

उधर, विधायक मामन खान की गिरफ्तारी के बाद नूंह जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। शनिवार रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है। आज शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय को जुमे की नमाज भी घर पर अता करने को कहा गया है।

इसके साथ विधायक के गांव भादस और आसपास के क्षेत्र को पुलिस ने पूरी तरह सील कर दिया है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

खान पर आरोप है कि वे हिंसा के दौरान दंगाइयों के संपर्क में थे। इसके अलावा उन पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट कर हिंसा भड़काने का आरोप है। नूंह जिले के नगीना थाना में मामन खान के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की थी। जिसमें हत्या का प्रयास, लूट सहित अन्य धाराएं लगाई हैं।

पुलिस ने पूछताछ के लिए मामन खान को दो बार नोटिस जारी कर बुलाया, पर वे जांच में शामिल नहीं हुए। मामन ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर हिंसा मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी।

गुरुवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इसके बाद अगली सुनवाई के लिए 19 अक्टूबर की तारीख तय की गई। नूंह हिंसा में 7 लोगों की मौत हुई थी और 100 से ज्यादा लोग जख्मी हुए थे।

दो दिन पहले मोनू मानेसर की गिरफ्तारी हुई थी
इससे पहले नूंह हिंसा के आरोपी मोनू मानेसर को मंगलवार को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। नूंह कोर्ट ने उसे राजस्थान पुलिस की कस्टडी में भेज दिया। मोनू का नाम राजस्थान के निवासी नासिर-जुनैद के हत्याकांड में भी आया था। 

हरियाणा पुलिस ने 12 सितंबर को मोनू मानेसर को कड़ी सुरक्षा में नूंह कोर्ट में पेश किया था।

हरियाणा पुलिस ने 12 सितंबर को मोनू मानेसर को कड़ी सुरक्षा में नूंह कोर्ट में पेश किया था।

अभिषेक के घर पर CM ने दे दिए थे संकेत
मामन की गिरफ्तारी से पहले ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा था कि खान कहीं भी चले जाएं, अगर वे आरोपी हैं तो उनके खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। इस बयान से एक दिन पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर नूंह हिंसा में मारे गए VHP कार्यकर्ता अभिषेक के परिजनों से मिलने उनके घर गए थे। परिजनों को उन्होंने भरोसा दिलाया था कि नूंह हिंसा के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।

इससे पहले सूबे के गृह मंत्री अनिल विज भी बयान दे चुके हैं कि 28, 29 और 30 जुलाई को मामन खान जिन जगहों पर गए थे, वहां हिंसा हुई थी। इसके अलावा दूसरे कई भाजपा नेता मामन खान को नूंह हिंसा का मास्टरमाइंड बता चुके हैं।

विधानसभा का बयान बना गले की फांस
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मामन खान ने सदन में नासिर-जुनैद हत्याकांड के आरोपी मोनू मानेसर की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा विधायक सत्यप्रकाश जरावत के साथ बहस की थी। इस दौरान दोनों ही विधायकों में काफी गरमा-गरमी भी हो गई थी। तब मामन खान ने मोनू को प्याज की तरह फोड़ देने की बात कही थी।

विधानसभा में रिकॉर्ड है उनका बयान
उनका यह बयान विधानसभा के रिकॉर्ड में है। नूंह हिंसा के बाद मामन खान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अभी तक यही माना जा रहा था कि उस समय विधानसभा की कार्यवाही से इस विवादित बयान को हटवा दिया गया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब चूंकि बयान विधानसभा के रिकॉर्ड में है तो पुलिस इस मामले में भी मामन खान से पूछताछ कर सकती है।

MLA मामन खान के 2 बयान गले की फांस बने:मोनू मानेसर को प्याज की तरह फोड़ने की बात; दूसरा- मेवात की लड़ाई मैं लड़ूंगा

हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा से जुड़े केस में फिरोजपुर-झिरका से कांग्रेस MLA मामन खान को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने 2 बार पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन वे दोनों बार ही SIT के सामने पेश नहीं हुए। नूंह हिंसा को लेकर मामन खान के 2 बयान उनके गले की फांस बने हुए थे।

हरियाणा में ब्रजमंडल यात्रा पर पथराव:भीड़ से चली गोली में होमगार्ड की मौत, थाने में आगजनी; इंटरनेट बंद, धारा 144 लागू

हरियाणा के नूंह में सोमवार को हिंदू संगठनों द्वारा निकाली जा रही ब्रजमंडल यात्रा के दौरान बवाल हो गया। दो गुटों में हुए टकराव के बाद तीन दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को आग लगा दी गई। पुलिस पर भी पथराव किया गया। भीड़ की तरफ से चली गोली में होमगार्ड के एक जवान की मौत हो गई है।

फ्रांस में आईफोन-12 की बिक्री बैन, सरकार बोली- इसमें ज्यादा रेडिएशन है

फ्रांस ने आईफोन-12 की बिक्री पर बैन लगा दिया है। सरकार का कहना है कि इसमें ज्यादा रेडिएशन है। फ्रांस के इस फैसले पर एपल ने कहा कि रेडिएशन कम करने के लिए वे जल्द ही एक सॉफ्टवेयर अपडेट लाएंगे। इससे एक्‍सेस रेडिएशन की समस्‍या ठीक हो जाएगी। एपल ने आईफोन-12 मॉडल को 2020 में लॉन्‍च किया था। ये 3 साल पुराना मॉडल है। हाल ही में एपल ने आईफोन-15 सीरीज के मॉडल लॉन्च किए हैं।

आज से ठीक 9 दिन पहले चीन ने आईफोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी। हालांकि, यह नियम केवल सरकारी अधिकारियों पर लागू है। इसकी जानकारी बाहर आते ही एपल कंपनी के शेयर करीब 6% घट गए थे। चीन को डर है कि आईफोन के जरिए उसकी जासूसी हो सकती है।

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस ने दावा किया है कि आईफोन-12 मॉडल यूरोपियन यूनियन (EU) के स्टैंडर्ड से ज्यादा इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेडिएशन का एमिशन करता है।

एपल ने कहा- सेफ्टी कंसर्न का विषय नहीं
फ्रांस के इस फैसले पर एपल ने कहा, ‘फ्रांस के रेग्युलेटर्स के प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए हम यूजर्स के लिए एक सॉफ्टवेयर अपडेट जारी करेंगे।’ एपल ने स्पष्ट किया है कि इसमें सेफ्टी को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है यह मसला सिर्फ फ्रांस के रेग्युलेटर्स के एक स्पेसिफिक टेस्टिंग प्रोटोकॉल से जुड़ा है।

फ्रांस के बाद बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड ने भी आईफोन-12 से निकलने वाले रेडिएशन से जुड़े हेल्‍थ रिस्‍क पर चिंता जताई थी।

फ्रांस के बाद बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड ने भी आईफोन-12 से निकलने वाले रेडिएशन से जुड़े हेल्‍थ रिस्‍क पर चिंता जताई थी।

अपडेट के बाद भी रेडिएशन ज्यादा रहा, तो सेल पर प्रतिबंध जारी रहेगा
डिजिटल मिनिस्‍ट्री ने कहा, ‘देश का रेडिएशन वॉचडॉग, सॉफ्टवेयर अपडेट की तेजी से टेस्टिंग करने की तैयारी कर रहा है, ताकि पता लग सके कि यह EU के स्टैंडर्ड के दायरे में है या नहीं। अगर यह ज्‍यादा होगा तो आईफोन-12 की बिक्री पर रोक जारी रहेगी।’

ब्‍लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, फ्रांस में आईफोन-12 की रेडिएशन कंट्रोवर्सी को लेकर एपल ने अपने टेक सपोर्ट स्‍टाफ से किसी भी तरह की बयानबाजी करने या जानकारी देने से मना किया है। स्‍टाफ से कहा गया है कि अगर ग्राहक इस बारे में सवाल करें तो उनसे कहा जाए कि हमारे पास इस विषय में कोई जानकारी नहीं है।

2020 में लॉन्‍च हुआ था आईफोन-12, अब फेज आउट प्रोसेस में है
एपल ने आईफोन-12 मॉडल को 2020 में लॉन्‍च किया था। ये कंपनी का पुराना मॉडल है। हाल ही में एपल ने आईफोन-15 सीरीज के मॉडल लॉन्च किए हैं, जबकि आईफोन-12 अब फेज आउट यानी धीरे-धीरे बंद होने की प्रोसेस में है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपल ने पिछले साल यूरोप में 5 करोड़ से ज्यादा आईफोन बेचे थे और 95 अरब डॉलर का रेवेन्‍यू हासिल किया था। अमेरिका के बाद यूरोप, कंपनी के लिए दूसरा सबसे बड़ा मार्केट है।

बिहार में 12 बच्चों के डूबने का VIDEO, लोग चिल्लाते रहे- उन्हें बचा लो, लेकिन वे एक-एक करके डूबते गए

यह वीडियो गुरुवार को बच्चों से भरी नाव पलटने के बाद का बताया गया है। इसमें बच्चों को रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है।

यह वीडियो गुरुवार को बच्चों से भरी नाव पलटने के बाद का बताया गया है। इसमें बच्चों को रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है।

बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार को बागमती नदी में एक नाव पलटी थी। इस घटना से जुड़ा वीडियो एक दिन बाद सामने आया। बच्चों को बचाने के लिए लोग नदी में कूदे, लेकिन तब तक 12 जिंदगियां नदी में समा गईं। कुछ के शव घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर मिले। अब भी 8 शव ढूंढे जा रहे हैं। हादसे के दौरान नाव में 32 लोग सवार थे। इनमें से 20 लोगों को बचा लिया गया।

 बिहार स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में डूबने से हो रही मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। राज्य में 2018 में डूबने से 205 लोगों की जान गई थी। फिर साल 2019 में डूबने वालों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 630 हो गया। इसके बाद साल 2020 में 1060 और साल 2021 में मौतों का आंकड़ा 1206 हो गया। यानी 2018 की तुलना में 2021 में डूबने से हुई मौतों का आंकड़ा तकरीबन छह गुना बढ़ा है।

. सुप्रीम कोर्ट का मणिपुर सरकार से सवाल- पत्रकारों पर दर्ज FIR क्यों न रद्द की जाए?

सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर में एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (EGI) के 4 मेंबर्स की गिरफ्तारी पर लगी रोक को 2 हफ्ते के लिए बढ़ा दिया है। साथ ही कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया तो पत्रकारों के खिलाफ कोई अपराध बनता ही नहीं है। उनके खिलाफ दर्ज FIR क्यों नहीं रद्द करना चाहिए? पत्रकारों पर ऐसी धाराएं लगाई हैं, जो इस मामले में बनती ही नहीं हैं।

बता दें कि मणिपुर सरकार ने EGI के 4 पत्रकारों के खिलाफ हिंसा भड़काने की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया था। इन्होंने मणिपुर हिंसा पर हुई मीडिया रिपोर्टिंग पर एक रिपोर्ट जारी की थी।​​​ उन्होंने कहा था कि हिंसा को लेकर केवल एक पक्ष के नजरिए से रिपोर्टिंग हुई है।

धरती की वजह से ही चांद पर बन रहा पानी, चंद्रयान-1 के डेटा से खुलासा

चंद्रयान-1 की तरफ से भेजे गए डेटा का अमेरिकी वैज्ञानिक अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि धरती की वजह से ही चांद पर पानी बन रहा है। वैज्ञानिकों ने बताया कि पृथ्वी के हाई एनर्जी इलेक्ट्रॉन चांद पर पानी बना रहे हैं। ये इलेक्ट्रॉन पृथ्वी की प्लाज्मा शीट में हैं, जो मौसमी प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार है, यानी इनके होने से ही पृथ्वी के मौसम में बदलाव होता है।

चंद्रयान-1 ने चंद्रमा की सतह पर पानी की मौजूदगी का संकेत दिया था। उस मिशन की एक रिसर्च के आधार पर चांद पर बर्फ होने का दावा किया गया था। इसके बाद साइंटिस्ट्स ने अनुमान लगाया कि चांद के पोलर रीजन में सूरज की रोशनी नहीं पहुंचने से वहां का तापमान -200 डिग्री सेल्सियस से नीचे हो सकता है, जो बर्फ के फॉर्म में पानी की मौजूदगी की ओर इशारा करता है। इसलिए पानी की खोज के लिए 14 जुलाई 2023 को चंद्रयान-3 लॉन्च किया गया।

इससे पहले 2008 में लॉन्चिंग के बाद चंद्रयान-1 मिशन ने चंद्रमा की सतह पर पानी की मौजूदगी का संकेत दिया था। उस मिशन की एक रिसर्च के आधार पर चांद पर बर्फ होने का दावा किया गया था। इसके बाद साइंटिस्ट्स ने अनुमान लगाया कि चांद के पोलर रीजन में सूरज की रोशनी नहीं पहुंचने से वहां का तापमान -200 डिग्री सेल्सियस से नीचे हो सकता है, जो बर्फ के फॉर्म में पानी की मौजूदगी की ओर इशारा करता है। इसलिए पानी की खोज के लिए 14 जुलाई 2023 को चंद्रयान-3 लॉन्च किया गया।

चांद पर पानी कैसे बन रहा
स्टडी के मुताबिक, प्रोटॉन जैसे हाई एनर्जी पार्टिकल्स से बनी सोलर विंड चंद्रमा की सतह पर बिखर जाती है, इस वजह से चंद्रमा पर पानी बन जाता है।

साइंटिस्ट्स ने चंद्रमा के पृथ्वी के मैग्नेटोटेल से गुजरने के दौरान वहां के मौसम में होने वाले बदलावों का अध्ययन किया। साइंटिस्ट शुआई ली ने कहा- जब चांद मैग्नेटोटेल के बाहर होता है तो इसकी सतह पर सोलर विंड की बौछार होती है। वहीं, जब चांद मैग्नेटोटेल के अंदर होता है तो सतह पर सोलर विंड नहीं पहुंचती, इस वजह से पानी बनने की संभावना होती है।

आसान शब्दों में समझें- चांद पर 14 दिन तक रात और 14 दिन तक उजाला रहता है। यानी 14 दिन ही यहां पर सूरज की रोशनी होती है। जब यहां सूरज की रोशनी नहीं होती तो सोलर विंड की बौछार होती है। इसी दौरान पानी बनने का दावा किया गया है।

इसरो ने 21 अगस्त को चांद पर चंद्रयान-3 के लैंडिंग पॉइंट की तस्वीर शेयर की थी।

इसरो ने 21 अगस्त को चांद पर चंद्रयान-3 के लैंडिंग पॉइंट की तस्वीर शेयर की थी।

2008 में लॉन्च हुआ था चंद्रयान-1 मिशन
इसरो ने 22 अक्टूबर 2008 को चंद्रयान-1 की कामयाब लॉन्चिंग की थी। ऐसा करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बना था। श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किए गए चंद्रयान-1 में भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, स्वीडन और बुल्गारिया में बने 11 साइंटिफिक इंस्ट्रूमेंट्स लगे थे।

वैसे तो यह मिशन दो साल का था, लेकिन जब इसने अपने उद्देश्य पूरे कर लिए तो चांद के गुरुत्वाकर्षण बल से जुड़ा डेटा जुटाने के लिए सतह से इसकी ऊंचाई 100 किमी से बढ़ाकर 200 किमी की गई थी। इसी दौरान 29 अगस्त 2009 को इससे संपर्क टूट गया। तब तक इसने चांद की रासायनिक, मिनरलॉजिक और फोटो-जियोलॉजिकल मैपिंग कर ली थी।

चंद्रयान-1 ने चांद की 70 हजार तस्वीरें भेजी थीं
चंद्रयान-1 ने आठ महीने में चांद के 3,000 चक्कर लगाए और 70 हजार से ज्यादा तस्वीरें भेजीं। इनमें चांद पर बने पहाड़ों और क्रेटर को भी दिखाया गया था। चांद के ध्रुवीय क्षेत्रों में अंधेरे इलाके के फोटो भी इसने भेजे। इस मिशन की सबसे बड़ी उपलब्धि थी चांद पर पानी के होने की पुष्टि। ISRO ने अपने डेटा को एनालाइज कर इसकी घोषणा की और दो दिन बाद NASA ने भी इसकी पुष्टि की।

तस्वीर चंद्रयान-1 से मून इम्पैक्ट प्रोब को इंटीग्रेट करते इसरो के वैज्ञानिकों की है।

तस्वीर चंद्रयान-1 से मून इम्पैक्ट प्रोब को इंटीग्रेट करते इसरो के वैज्ञानिकों की है।

चंद्रयान-1 को चंद्रमा तक पहुंचने में 5 दिन लगे थे
चंद्रयान-1 को चंद्रमा तक पहुंचने में 5 दिन और उसका चक्कर लगाने के लिए कक्षा में स्थापित होने में 15 दिन लग गए थे। इसरो (ISRO) ने अपना स्पेस प्रोग्राम शुरू करने के 45 साल बाद मिशन मून फतह किया था। इसी चंद्रयान में एक डिवाइस लगा था- मून इम्पैक्ट प्रोब यानी MIP। इसे 14 नवंबर 2008 को चांद की सतह पर गिराया गया। इससे अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत का दबदबा बढ़ाया।

इसी डिवाइस ने चांद की सतह पर पानी की खोज की। यह इतनी बड़ी खोज थी कि अमेरिकी स्पेस साइंस ऑर्गेनाइजेशन नासा ने भी पहले ही प्रयास में यह खोज करने के लिए भारत की पीठ थपथपाई थी। MIP की कल्पना पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक एपीजे अब्दुल कलाम ने की थी। उनके सुझाव पर ही इसरो के वैज्ञानिकों ने MIP बनाया था।

कलाम चाहते थे कि भारतीय वैज्ञानिक चांद के एक हिस्से पर अपना निशान छोड़ें और इसरो के भारतीय वैज्ञानिकों ने उन्हें निराश नहीं किया।

पाकिस्तान एयरलाइन की उड़ानें रद्द, इसे शुरू करने के लिए 636 करोड़ की जरूरत

आर्थिक तंगहाली के बीच पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन (PIA) का काम ठप होने की कगार पर है। PIA के लीज पर लिए गए 13 में से 5 विमानों की उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। 4 और विमानों के साथ भी ऐसा होने की संभावना है। उनके पास ईंधन की कमी है। पाकिस्तान में एयरलाइन को फिर शुरू करने के लिए 636 करोड़ रुपए की तुरंत जरूरत है।

PIA पर 20 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्ज हो गया है, जो उसकी कुल संपत्ति से 5 गुना ज्यादा है। PIA के डायरेक्टर ने कहा है कि अगर इमरजेंसी फंड सही समय पर नहीं दिया गया तो 15 सितंबर तक एयरलाइन की सारी उड़ानें रद्द करनी पड़ेंगी।

PIA को ठीक तरीके से चला पाने के लिए 23 बिलियन पाकिस्तानी रुपए यानी 636 करोड़ रुपए की तुरंत जरूरत है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक कई खाड़ी देशों में भी ईंधन का भुगतान न किए जाने की वजह से PIA के विमानों को उड़ने से रोक दिया गया है। PIA पर 20 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्ज हो गया है, जो उसकी कुल संपत्ति से 5 गुना ज्यादा है।

पाकिस्तान एयरलाइन के विमानों को UAE और सऊदी में उड़ान भरने से रोक दिया गया था।

पाकिस्तान एयरलाइन के विमानों को UAE और सऊदी में उड़ान भरने से रोक दिया गया था।

फंड नहीं मिला तो ताला लगेगा…
पाकिस्तान की न्यूज वेबसाइट जियो न्यूज के मुताबिक PIA के डायरेक्टर ने कहा है कि अगर इमरजेंसी फंड सही समय पर नहीं दिया गया तो 15 सितंबर तक एयरलाइन की सारी उड़ानें रद्द करनी पड़ेंगी। पिछले सप्ताह PIA ने बताया था कि बोइंग और एयरबस सितंबर के मध्य तक विमानों के कल-पुर्ज़ों की सप्लाई पर रोक लगा सकती है। कारण ये था कि PIA इन कंपनियों को पिछले बकाए का भुगतान भी नहीं किया है। पाकिस्तान टुडे के मुताहबिक ईंधन के लिए भुगतान न कर पाने की वजह से ही PIA की उड़ानें सऊदी और दुबई के हवाई अड्डों पर रोक दी गई थी।

हालांकि, जब PIA ने लिखित तौर पर भुगतान करने का आश्वासन तब इन उड़ानों को जाने दिया गया। अधिकारी ने बताया कि इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (ITA) ने 35 लाख डॉलर की इमरजेंसी पेमेंट मिलने के बाद PIA की उड़ानें बहाल की।

इस्लामाबाद एयरपोर्ट को ठेके पर देगा पाकिस्तान
इसी साल अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से तीन अरब डॉलर के बेलआउट पैकेज को मंज़ूरी मिलने के बाद वो डिफॉल्टर होने से बचा है। आर्थिक तंगहाली से जूझ रहे पाकिस्तान ने इस्लामाबाद एयरपोर्ट को ठेके पर देने का फैसला कर चुका है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के एविएशन मिनिस्टर ख्वाजा साद रफीक ने संसद में इसकी जानकारी दी थी।

उन्होंने कहा था- एयरपोर्ट के ऑपरेशन को बेहतर करने के लिए इसे 15 साल के लिए प्राइवेट कंपनियों को ठेके पर दिया जाएगा। साद रफीक ने ये साफ किया है कि इसका मतलब ये नहीं है कि सरकार एयरपोर्ट को बेच रही है, बल्कि अच्छे ऑपरेटर को एयरपोर्ट के काम में शामिल करने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

पाकिस्तान ने अपने सबसे बड़े कराची पोर्ट को लेकर UAE के साथ एक कंसेशन एग्रीमेंट साइन किया है। पाकिस्तान सरकार ने बिजली की रफ्तार से महज 4 दिनों में ये डील फाइनल की। ये डील 50 साल के लिए हुई है। इसके तहत UAE की दो कंपनियां 1.8 हजार करोड़ रुपए निवेश करेंगी। माना जा रहा है कि इमरजेंसी फंड जुटाने के लिए पाकिस्तान की ये एक कवायद है।

कराची पोर्ट साउथ एशिया के सबसे बड़े पोर्ट में से एक है। यह पाकिस्तान का सबसे बड़ा और बिजी पोर्ट भी है। ये बंदरगाह करीब साढ़े 11 किलोमीटर लंबा है। यहां कुल 33 बर्थ हैं, जिसमें 30 ड्राई कार्गो और 3 लिक्विड कार्गो बर्थ हैं। बर्थ का मतलब उस प्लेटफॉर्म से है, जहां जहाज को खड़ा किया जाता है।

MP, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

UP के बिजनौर में कोटावाली नदी के रपटा पर बस बारिश के पानी में फंस गई। ये नेपाल-भारत फ्रेंडशिप बस है। इसमें 53 यात्री सवार थे।

UP के बिजनौर में कोटावाली नदी के रपटा पर बस बारिश के पानी में फंस गई। ये नेपाल-भारत फ्रेंडशिप बस है। इसमें 53 यात्री सवार थे।

मौसम विभाग ने शनिवार को 8 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 15 राज्यों में मध्यम बारिश हो सकती है। MP, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में अगले दो दिन यानी 17 सितंबर तक तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, MP में 18 सितंबर तक बारिश का दौर रहेगा। इसके बाद फिर नया सिस्टम एक्टिव हो जाएगा, जो 24 सितंबर तक रहेगा।

 देश में अब भी बरसात सामान्य से 11% कम हुई है। मौसम‎ विभाग के मुताबिक, देश में 1 जून ‎से 8 सितंबर के बीच 754.5 ‎मिमी बारिश होती है, जबकि इस‎ बार 675.2 मिमी बारिश ही हुई ‎है। हिमाचल में सामान्य से 24%‎ अधिक और केरल में सामान्य से‎ 43% कम बारिश हुई।‎

. ISRO ने चौथी बार आदित्य L1 की ऑर्बिट बढ़ाई, अब इसकी पृथ्वी से सबसे कम दूरी 256 KM हुई

इसरो ने 15 सितंबर को रात करीब 2:15 बजे चौथी बार आदित्य L1 की ऑर्बिट बढ़ाई। इसके लिए कुछ देर के लिए थ्रस्टर फायर किए गए। अब आदित्य स्पेसक्राफ्ट की पृथ्वी से सबसे कम दूरी 256 किमी, जबकि सबसे ज्यादा दूरी 1 लाख 21 हजार 973 किमी हो गई है। श्रीहरिकोटा से आदित्य सोलर मिशन को 2 सितंबर को लॉन्च किया गया था।

आदित्य यान, सूर्य-पृथ्वी के लैगरेंज पॉइंट (L1) पर रहकर सूर्य पर उठने वाले तूफानों को समझेगा। ये पॉइंट पृथ्वी से करीब 15 लाख किलोमीटर दूर है। यहां तक पहुंचने में इसे 4 महीने लगेंगे। ये फोटोस्फियर, क्रोमोस्फियर के अलावा सूर्य की सबसे बाहरी परत कोरोना की 7 पेलोड के जरिए टेस्टिंग करेगा।

वायुसेना को 12 और सुखोई मिलेंगे

भारतीय वायुसेना के लिए 12 सुखोई-30 MKI लड़ाकू विमान और इससे जुड़े उपकरण खरीदे जाएंगे। यह खरीद HAL से की जाएगी। रक्षा अधिग्रहण समिति ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में सशस्त्र सेनाओं के लिए कुल 45,000 करोड़ की खरीद के प्रस्ताव को प्रारंभिक मंजूरी दी है।

दुनिया की टॉप 100 कंपनियों में इन्फोसिस

भारत की दिग्गज आईटी कंपनी इन्फोसिस टाइम मैगजीन की ‘वर्ल्ड बेस्ट कंपनीज 2023’ की सूची में टॉप-100 में शामिल होने वाली एकमात्र भारतीय कंपनी है। बेंगलुरु बेस्ड इंफोसिस कंपनी को टॉप 100 की सूची में 64वां स्थान दिया गया है।

धरती के इलेक्ट्रॉन चांद पर बना रहे पानी

भारत के पहले मून मिशन ‘चंद्रयान-1’ के डेटा की स्टडी से पता चला है कि धरती के हाई एनर्जी वाले इलेक्ट्रॉन चांद पर पानी बना रहे हैं। ये इलेक्ट्रॉन पृथ्वी की प्लाज्मा शीट में हैं। यही शीट मौसमी प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार है, यानी इनके होने से ही पृथ्वी के मौसम में बदलाव होता है। अमेरिका की हवाई यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने यह दावा किया है। (पीटीआई)

राहुल नवीन कार्यवाहक ED डायरेक्टर बने, संजय मिश्रा रिटायर हुए

भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी राहुल नवीन को शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति निवर्तमान निदेशक संजय कुमार मिश्रा का कार्यकाल पूरा होने के बाद की गयी है। एक सरकारी आदेश के अनुसार 1993 बैच के आईआरएस अधिकारी नियमित निदेशक की नियुक्ति या अगला आदेश जारी होने तक इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। नवीन अभी ईडी के विशेष निदेशक हैं। उच्चतम न्यायालय ने जुलाई में मिश्रा के कार्यकाल को 15 सितंबर तक बढ़ाने के साथ ही यह भी कहा था कि अब उनका कार्यकाल और नहीं बढ़ाया जाएगा। शीर्ष न्यायालय ने केंद्र सरकार द्वारा मिश्रा के कार्यकाल को एक-एक साल के लिए बढ़ाये जाने की दो अधिसूचनाओं को गैर कानूनी करार दिया था।

5 राज्यों के लिए चुनावी प्‍लान, हैदराबाद में कांग्रेस करेगी ‘महामंथन’

कांग्रेस कार्य समिति की शनिवार से यहां शुरू होने वाली पहली बैठक के लिए मंच तैयार है। पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए चर्चा करेगी और रणनीति तैयार करेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में 84 सदस्यीय सीडब्ल्यूसी की बैठक दोपहर में शुरू होगी। सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित सभी सीडब्ल्यूसी सदस्य बैठक में भाग लेंगे। इसमें बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का मुकाबला करने के लिए एकजुट भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (I.N.D.I.A.) के गठन में 2024 के आम चुनावों की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें