अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़:रतलाम में पोल्ट्री फार्म से 64 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त, इंदौर में रविवार को भी खुलेंगी एजेंसियां

Share

रतलाम: पोल्ट्री फार्म से 64 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त
रतलाम जिले के धराड़ गांव स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 64 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं. जानकारी के अनुसार ये सिलेंडर पोल्ट्री फार्म के एक कमरे में बंद करके रखे गए थे. मामले में नायब तहसीलदार, खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर सिलेंडरों को जब्त किया. अधिकारियों ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की है. बिलपांक थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले ने बताया कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

इंदौर में रविवार को भी खुलेंगी सभी एजेंसियां
इंदौर में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर रविवार को भी जिले की सभी गैस एजेंसियां खुली रहेंगी और गैस बुकिंग व रिफिल का काम सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा. जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि सभी सेल्स ऑफिसरों को निर्देश दिए गए हैं कि रविवार को कोई भी गैस एजेंसी बंद न रहे. एजेंसी संचालकों को अपनी टीम के साथ पूरी क्षमता से काम करने के लिए कहा गया है. जरूरत पड़ने पर रविवार को गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी भी जारी रहेगी. साथ ही गैस प्लांट भी चालू रहेंगे, जिससे शहर में सप्लाई और वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे.

भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष सहित पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा
डिण्डौरी में भारतीय किसान संघ (महाकौशल प्रांत) के जिलाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है. पदाधिकारियों का कहना है कि वे पिछले पांच वर्षों से संगठन के विस्तार और किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार काम कर रहे थे. इस दौरान सैकड़ों गांवों में संगठन का विस्तार कर हजारों किसानों को जोड़ा गया. उनका आरोप है कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ. 29 दिसंबर 2025 को कमिश्नर के नाम छह दिवसीय हड़ताल भी की गई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा. निराश होकर पदाधिकारियों ने ज्ञापन को नर्मदा में विसर्जित कर दिया और प्रशासनिक उदासीनता के चलते इस्तीफा दे दिया.

ओरछा रामराजा सरकार को अर्पित किया भव्य राजसी सिंहासन

निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा स्थित प्रसिद्ध रामराजा सरकार मंदिर में इस बार रामनवमी का पर्व खास होने जा रहा है. भगवान रामराजा सरकार के लिए नया भव्य राजसी सिंहासन अर्पित किया गया है, जिस पर रामनवमी के अवसर पर भगवान विराजमान होकर दालान में भक्तों को दर्शन देंगे. यह सिंहासन पुष्प फाउंडेशन द्वारा मंदिर प्रबंधन को भेंट किया गया है. इसे तैयार करने में लगभग 18 महीने लगे, जबकि फिनिशिंग और पॉलिशिंग में करीब ढाई महीने का समय लगा. बनारस के कारीगर राजा कलसेरा और उनकी टीम ने इसे बनाया है. सिंहासन में लगभग 2 क्विंटल सौ साल पुरानी शीशम की लकड़ी और जर्मन सिल्वर धातु का उपयोग किया गया है, जिसकी लंबाई 7 फीट, चौड़ाई 5 फीट और ऊंचाई 12 फीट है.

CM डॉ. मोहन यादव ने की राहुल गांधी के बयान की निंदा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान की कठोर शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर इजरायल-अमेरिका युद्ध जैसे हालात के बीच दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्थिति से निपटने के लिए कुशलता से कार्य कर रहे हैं. ऐसे समय में प्रधानमंत्री के खिलाफ निम्न स्तरीय बयानबाजी करना घोर निंदनीय है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर कांग्रेस पार्टी तथा उसके नेताओं को हालात को देखते हुए जनहित में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए, अन्यथा कांग्रेस पूरी तरह रसातल में चली जाएगी.

सुकमा के जंगल में छिपाया था अमोनियम नाइट्रेट, बरामद
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों के जवानों को बड़ी सफलता मिली है. गोगुंडा इलाके के जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई अमोनियम नाइट्रेट समेत विस्फोटक सामग्री बरामद की गई. बताया जा रहा है कि माओवादी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन जवानों की सतर्कता के कारण उनकी योजना विफल हो गई. बरामद सभी विस्फोटक सामग्री को जब्त कर लिया है. कार्रवाई के बाद जवान सुरक्षित कैंप लौट आए. सुरक्षा बल 31 मार्च से पहले माओवादियों के खात्मे के अभियान को तेज करने में जुटे हुए हैं.

सीधी: जिला पंचायत सीईओ के खिलाफ सरपंच और जनप्रतिनिधियों का विरोध
सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद क्षेत्र के सरपंच सहित कई पंचायत जनप्रतिनिधि जिला पंचायत सीईओ के खिलाफ लामबंद हो गए हैं. दो दर्जन से अधिक चुने हुए प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सोलंकी पर भ्रष्टाचार और लेनदेन कर पंचायत सचिव व रोजगार सहायकों के स्थानांतरण तथा वित्तीय प्रभार देने के आरोप लगाए। प्रतिनिधियों ने 10 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर तालाबंदी की चेतावनी दी है. वहीं सीईओ शैलेंद्र सोलंकी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने 20 साल के करियर में कभी भी नियम विरुद्ध काम नहीं किया और शासन के निर्देशों के अनुसार ही प्रभार दिया गया है.

पीएम की मिमिक्री करने पर शिवपुरी का शिक्षक सस्पेंड
शिवपुरी जिले में एक शासकीय शिक्षक को प्रधानमंत्री की मिमिक्री करना भारी पड़ गया. पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी की शिकायत के बाद शिक्षक साकेत पुरोहित को निलंबित कर दिया गया है. साकेत पुरोहित पिछोर क्षेत्र के करारखेड़ा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार वह मूल रूप से कांग्रेस के पूर्व विधायक केपी सिंह का करीबी माना जाता है. साकेत पुरोहित अपनी फेसबुक पोस्टों और राजनीतिक टिप्पणियों के कारण अक्सर चर्चा में रहता है.

26 टन गोमांस तस्करी के आरोपी असलम कुरैशी की जमानत खारिज
भोपाल में 26 टन गोमांस तस्करी के मामले में आरोपी असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा को कोर्ट से राहत नहीं मिली है. न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी जयदीप मौर्य ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी. अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमानत देने से इनकार किया. सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दावा किया कि असलम कुरैशी निर्दोष है और उसे जमानत दी जानी चाहिए. वहीं शासकीय अधिवक्ता ने मामले की गंभीरता का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अर्जी को खारिज कर दिया.

भाजपा नेता और नागौद के पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह कचनार का निधन
सतना के नागौद के पूर्व विधायक और भाजपा नेता यादवेंद्र सिंह कचनार का भोपाल में दुखद निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और भोपाल के चिरायु अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. जानकारी के अनुसार 2013 के विधानसभा चुनाव में वे कांग्रेस से नागौद विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे. वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था. बाद में 2024 में बसपा छोड़कर वे भाजपा में शामिल हो गए थे. उनका पार्थिव शरीर देर रात तक नागौद पहुंचने की संभावना है.

खजुराहो महामना सुपरफास्ट के डिब्बे में लगी आग, अफरा-तफरी

खजुराहो महामना सुपरफास्ट ट्रेन के डी-4 डिब्बे में अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया. घटना ललितपुर से चलने के बाद उदयपुरा स्टेशन पहुंचने से पहले हुई. आग लगते ही कई यात्री घबराकर चलती ट्रेन से नीचे कूद गए, जबकि कई बोगियों के यात्री तुरंत ट्रेन से उतरकर सुरक्षित स्थान पर चले गए. सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. एहतियात के तौर पर ट्रेन को वहीं रोक दिया गया है. अभी तक किसी बड़ी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.।

भोपाल में कॉलेज की इफ्तार पार्टी में हिंदू छात्रों के शामिल होने पर विवाद, प्रदर्शन
आरडी मेमोरियल कॉलेज में हिंदू छात्रों के रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया. मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा के नाम पर संस्थान में इस्लामीकरण किया जा रहा है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा. विरोध स्वरूप कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रदर्शन किया. साथ ही कुछ कार्यकर्ताओं ने परिसर का शुद्धिकरण भी किया.  कई कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे.

शहपुरा में निकला जहरीला कोबरा, इलाके में मची अफरा-तफरी; सर्पमित्र ने रेस्क्यू कर टाला बड़ा हादसा

शहपुरा: शहपुरा के मरवारी रोड स्थित ईंट भट्टे के पास एक जहरीला कोबरा सांप निकलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अचानक सांप दिखाई देने पर आसपास के रहवासी डर गए और तुरंत सर्पमित्र दीपचंद कछवाहा को सूचना दी. सूचना मिलते ही सर्पमित्र मौके पर पहुंचे और सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद कोबरा सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया. समय रहते सांप को पकड़ लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया. सर्पमित्र ने बताया कि पकड़े गए कोबरा को अब सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ा जाएगा, ताकि किसी को नुकसान न हो.

ईरान-इजराइल तनाव का असर छोटे शहरों तक, कमर्शियल गैस सिलेंडर पर 15 दिन की रोक से एजेंसियों पर लंबी लाइनें

बुरहानपुर: ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब छोटे शहरों तक भी दिखाई देने लगा है. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर की सप्लाई पर 15 दिन की रोक लगा दी है. इसके बाद घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर लोगों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं. हालांकि प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस का कोई संकट नहीं है, लेकिन उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें सिलेंडर लेने के लिए सुबह से घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. न्यूज18 की टीम ने बस स्टैंड स्थित शुभ ज्योति एलपीजी गैस एजेंसी का जायजा लिया, जहां भारी भीड़ देखी गई.

बिजली बिल अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, ITBP के प्रधान आरक्षक के खाते से उड़े करीब 2 लाख रुपये

जबलपुर: बिजली बिल अपडेट करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने आईटीबीपी के एक प्रधान आरक्षक से करीब 2 लाख रुपये की ठगी कर ली. चरगवां विनायक नगर निवासी नरेंद्र कुमार इस ठगी के शिकार हुए हैं. बताया जा रहा है कि वे इलाज के लिए नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती थे, तभी उनके व्हाट्सएप पर बिजली बिल अपडेट करने का लिंक आया. जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया. इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से 9 बार में 1 लाख 99 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए. गोराबाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

छोटे अपराधों की अनदेखी पड़ी भारी! एक साथ 26 टीआई को सजा, सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज होगी कार्रवाई

जबलपुर: छोटे अपराधों की अनदेखी करना जिले के 26 थाना प्रभारियों को भारी पड़ गया. एसपी ने कार्रवाई करते हुए 25 टीआई को निंदा की सजा दी है, जबकि एक टीआई को चेतावनी जारी की गई है. यह सजा सभी अधिकारियों के सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज की जाएगी, जिससे उनके प्रमोशन पर भी असर पड़ सकता है. जानकारी के मुताबिक कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान प्रतिबंधित कार्यवाहियों की समीक्षा की गई थी. इसमें सामने आया कि 26 थाना प्रभारियों ने पिछले साल की तुलना में इस साल कम कार्रवाई की है, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.

गैस संकट पर यूथ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, बुरहानपुर में सिलेंडर की निकाली ‘अर्थी’

बुरहानपुर: रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में इंडियन यूथ कांग्रेस ने बुरहानपुर के शनवारा चौराहे पर अनोखा प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को फूलमाला पहनाकर उसकी प्रतीकात्मक अर्थी निकाली और जुलूस के रूप में शहर के होटलों तक पहुंचे. इस दौरान होटल संचालकों से गैस की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर चर्चा भी की गई. विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर देवेश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार की गारंटी फेल हो रही है और महंगाई लगातार बढ़ रही है. प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष अर्जुन जंगाले, निखिल खंडेलवाल, सरिता भगत समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. इस प्रदर्शन से शहर में गैस संकट और सियासी माहौल दोनों गरमा गए.

इंदौर दौरे पर रहेंगे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, कई कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी आज इंदौर दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे भागीरथपुरा में कांग्रेस सेवादल द्वारा आयोजित अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके अलावा पटवारी देपालपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ब्लॉक स्तरीय पंचायत समिति कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे. देपालपुर विधानसभा में पांच अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जहां वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे. इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे.

खंडवा में गैस संकट! होटल-रेस्तरां में कमर्शियल सिलेंडर खत्म, अब लकड़ी-कोयले के चूल्हों पर बन रहा खाना

खंडवा: शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी के कारण होटल और रेस्तरां संचालकों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि कई किचन से गैस सिलेंडर हटाकर कोयले के चूल्हे और बिजली के इंडक्शन का सहारा लिया जा रहा है. कुछ जगहों पर तो लकड़ी के चूल्हे जलाकर ग्रेवी और अन्य व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं. होटल संचालकों का कहना है कि होटल बंद न हों और कर्मचारियों का रोजगार भी बना रहे, इसलिए वे वैकल्पिक तरीके अपना रहे हैं. किचन में काम करने वाले शेफ का कहना है कि लकड़ी और कोयले पर बने खाने का स्वाद भी अलग और ज्यादा अच्छा होता है. बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर अमेरिका-इजरायल-ईरान तनाव के असर के चलते कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका सबसे ज्यादा असर एलपीजी पर देखने को मिल रहा है.

TET परीक्षा पर घमासान! पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार ने दी आंदोलन की चेतावनी, सरकार को लिखा पत्र

भोपाल: मध्य प्रदेश में शिक्षकों की TET परीक्षा को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. इस मामले में बीजेपी के पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार ने सरकार को पत्र लिखकर परीक्षा का आदेश निरस्त करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द फैसला नहीं हुआ तो वे शिक्षकों के साथ मैदान में उतरकर आंदोलन करेंगे. पत्र में पाटीदार ने लिखा है कि प्रदेश के कई शिक्षकों ने बहुत कम वेतन से शिक्षाकर्मी और संविदा शाला शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और वर्षों की सेवा व अनुभव के बाद आज इस स्थिति तक पहुंचे हैं. ऐसे में लंबे समय से कार्य कर रहे शिक्षकों से दोबारा खुद को साबित करने के लिए परीक्षा देना उचित नहीं है. पाटीदार ने अपने पत्र में यह भी लिखा कि TET परीक्षा के आदेश से पूरे शिक्षक समाज में भ्रम और व्यापक असंतोष की स्थिति बन गई है. शिक्षक खुद को चिंतित और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने सरकार से परीक्षा के निर्देश तुरंत निरस्त करने की मांग की है.

कटनी के बरही में किसान सम्मेलन में शामिल होंगे CM मोहन यादव, 242 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज कटनी जिले के बरही में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे. इस दौरान वे करीब 242.22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ भी करेंगे. कार्यक्रम से पहले वे बड़े तालाब से श्री विजयनाथ धाम मंदिर प्रांगण तक आभार रैली में शामिल होंगे. सम्मेलन में मुख्यमंत्री कृषि और संबंधित विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे तथा प्रधानमंत्री कृषक मित्र योजना, पीएम कृषि सिंचाई योजना, डॉ. अंबेडकर कामधेनु योजना, पीएम मत्स्य संपदा योजना समेत विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित 7 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे.

Ramswaroop Mantri

Add comment

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें