अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़:मुलताई में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान,रतलाम में ट्रक ड्राइवर की हत्या,छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण विधेयक को लेकर सियासत तेज

Share

रतलाम: ट्रक ड्राइवर की हत्या, दूसरा घायल
रतलाम के बिलपांक फंटे के पास बाइक सवारों ने दो ट्रक ड्राइवरों को पीटा. आरोप है कि ट्रक से उड़ते पानी के छींटों को बाइक सवारों ने थूक समझकर हमला किया. पिटाई में एक ट्रक ड्राइवर की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है. घटना के 7 आरोपी हिरासत में हैं और बिलपांक थाना पुलिस जांच में जुटी है.

गोलीकांड के आरोपी शादाब कुरैशी को 5 दिन की रिमांड
हमीदिया अस्पताल गोलीकांड के मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी उर्फ शादाब गेटर को उसके साथियों सहित भोपाल की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने अशोका गार्डन पुलिस को 5 दिन की रिमांड (23 मार्च तक) दी है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने भोपाल में कुछ ही घंटों में दो अलग-अलग जगहों पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद वह फरार हो गया था. बाद में महाराष्ट्र के जलगांव में रोड चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया. भोपाल पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर जलगांव से लेकर आई और वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है.

बैतूल: मुलताई में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में अचानक मौसम बदलने से करीब आधे घंटे तक तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि हुई. इस बेमौसम बारिश से गेहूं और चने की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. इस समय फसलों की कटाई चल रही है, ऐसे में बारिश किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है.

रीवा: नवरात्रि के पहले दिन हादसा, कई श्रद्धालु घायल
रीवा के सेमरिया थाना क्षेत्र के खड्डा गांव में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन बड़ा हादसा हो गया. मां काली के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि श्रद्धालु पीपल के पेड़ के नीचे हवन कर रहे थे, तभी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक 10 वर्षीय बच्ची भी शामिल है. सभी घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

रायपुर: धर्मांतरण विधेयक पर कांग्रेस का हमला
धर्मांतरण विधेयक को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने 2006 में यह बिल लाया था और 2018 तक राज्य में उसकी सरकार रही, फिर भी बिल लंबे समय तक लंबित क्यों रखा गया. दीपक बैज ने कहा कि करीब 20 साल बाद राज्यपाल द्वारा बिल वापस भेजा गया, तो इतने समय तक इसे पेंडिंग रखने का क्या कारण था. उन्होंने इस पर सरकार से जवाब मांगा है.

विधानसभा में धर्मांतरण विधेयक पर सियासत तेज
छत्तीसगढ़ विधानसभा में धर्मांतरण विधेयक को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण को लेकर चिंता जताई थी और आज गृह मंत्री द्वारा विधेयक पेश किया जाना स्वागत योग्य कदम है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सदन का बहिष्कार यह दर्शाता है कि विपक्ष छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और धरोहर को बचाना नहीं चाहता. वहीं, विधायक अजय चंद्राकर ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की बड़ी समस्या पर चर्चा हो रही है, लेकिन कांग्रेस का सदन से बहिष्कार उसका मानसिक दिवालियापन दर्शाता है.

जबलपुर: अवैध हथियारों के साथ दो गिरफ्तार
जबलपुर में क्राइम ब्रांच और पाटन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास 4 देशी पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद हुए. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दमोह से जबलपुर हथियार लेकर आ रहे थे. दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ और जांच में जुटी है.

हिंदू नववर्ष पर याकूब खां ने घर वापसी की
खंडवा में हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा पर याकूब खां ने विधि-विधान से घर वापसी की और अब कृष्णा नाम से जाने जाएंगे. घर वापसी के मौके पर वैदिक मंत्रोच्चार, शुद्धिकरण, मुंडन, हवन और आरती का आयोजन किया गया. कृष्णा ने कहा कि सनातन ही मेरा संसार,” और अपने दादा सलामतउल्लाह, जो छोटा बोरगांव खुर्द के मदरसा संचालक हैं का भी जिक्र किया. इस अवसर पर भोलेनाथ की आरती, “हर हर महादेव” के जयकारे और “भारत माता की जय” के नारे लगाए गए. कृष्णा ने आगे बताया कि इस बार वे मां नर्मदा का पावन जल लेकर जय हिंदू राष्ट्र कावड़ यात्रा में भाग लेकर भोलेनाथ को जल अर्पित करेंगे.

विक्रमोत्सव पर सीएम मोहन यादव की शुभकामनाएं, जल संरक्षण पर खास फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सूर्योपासना और विक्रमोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि पूरे मध्य प्रदेश में इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. सीएम ने सम्राट विक्रमादित्य को याद करते हुए कहा कि वे आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में जीवंत हैं और उनके उल्लेख अन्य देशों के साहित्य में भी मिलते हैं. उन्होंने बताया कि गुड़ी पड़वा से गंगा दशमी तक जल संरचनाओं पर विशेष कार्य किए जाएंगे. साथ ही तीन महीने तक ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ चलाकर जल संरक्षण पर जोर दिया जाएगा.

भिंड में हिट एंड रन जैसा खतरनाक हादसा, युवक की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. गोपालपुरा स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पर खड़ी गाय को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाय और बाइक सवार करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए. इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है. वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बाइक की स्पीड कितनी ज्यादा थी और टक्कर कितनी जोरदार रही होगी. हादसे में घायल बाइक सवार की पहचान 27 वर्षीय रोहित बाथम के रूप में हुई है. मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया.

खकनार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार

बुरहानपुर जिले के खकनार में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो अंतर्राज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया. आरोपी जसविंदर सिंह और सिमरजीत सिंह, जो पंजाब से आए थे, को सतोड़ फाटा हनुमान मंदिर के पास दबोचा गया. तलाशी के दौरान उनके पास से 2 देसी पिस्टल, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है, और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए. यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई. पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है.

कांग्रेस के लिए राहत: मुकेश मल्होत्रा की विधायकी बरकरार

कांग्रेस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. विधायक मुकेश मल्होत्रा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने ग्वालियर हाईकोर्ट के उस आदेश पर स्टे लगा दिया है, जिसमें उनका निर्वाचन शून्य घोषित कर रामनिवास रावत को विधायक घोषित किया गया था. यह फैसला कथित रूप से अपराध संबंधी जानकारी छुपाने के मामले में आया था. सुप्रीम कोर्ट के इस हस्तक्षेप के बाद फिलहाल मुकेश मल्होत्रा विधायक बने रहेंगे. मामले की अगली सुनवाई 23 जुलाई को होगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

50 लाख के जेवर हड़पने का मामला: सूदखोर और पति पर केस दर्ज

पैसों की जरूरत के चलते एक महिला ने 32 तोला सोने का हार प्रहलाद सोनी के पास गिरवी रखा था, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है. आरोप है कि सूदखोर प्रहलाद सोनी और महिला के पति शशिकांत राय ने मिलकर जेवर हड़प लिए. जब पीड़िता जेवर छुड़ाने पहुंची तो उसे पति से लेने को कहा गया, लेकिन पति ने भी जेवर लेने से इंकार कर दिया. इसके बाद महिला ने मझौली थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

भोजशाला विवाद में नया मोड़! जैन समाज ने किया दावा, हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

इंदौर. भोजशाला विवाद में अब नया मोड़ आ गया है. जैन समाज ने भी इस ऐतिहासिक स्थल पर अपना दावा पेश करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. समाज का कहना है कि भोजशाला जैन धर्म से जुड़ा धार्मिक स्थल है. मामले में 2 अप्रैल को हाईकोर्ट में सुनवाई होने की संभावना है. इस नए दावे के बाद विवाद और गहरा सकता है. अब सभी की नजरें कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं, जिससे इस लंबे समय से चल रहे विवाद में नई दिशा मिल सकती है.

शाजापुर में गूंजे जयकारे! मां राजराजेश्वरी मंदिर में नवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब

शाजापुर. चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही प्रसिद्ध मां राजराजेश्वरी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से घट स्थापना की गई, जिसमें कलेक्टर, विधायक, एसपी और नगर पालिका अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. प्राचीन और चमत्कारी माने जाने वाले इस मंदिर में विशेष साज-सज्जा और माता का भव्य श्रृंगार किया गया है. नवरात्रि के मौके पर मंदिर परिसर में 15 दिवसीय मेले की भी शुरुआत हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है.

MP पुलिस में छुट्टियों पर ब्रेक! त्योहारों से पहले DGP का सख्त आदेश

मध्य प्रदेश में आने वाले त्योहारों को देखते हुए पुलिस विभाग में छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है. डीजीपी के आदेश के मुताबिक, अगले आदेश तक कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति छुट्टी नहीं ले सकेगा. सिर्फ इमरजेंसी स्थिति में ही छुट्टी मिलेगी, वह भी वरिष्ठ अधिकारियों की मंजूरी के बाद. यह फैसला ईद और रामनवमी जैसे त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए लिया गया है. आने वाले दिनों में पूरा पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी.

सीएम मोहन यादव का मेगा दौरा: भोपाल से इंदौर-उज्जैन तक बैक टू बैक कार्यक्रम

भोपाल. मुख्यमंत्री मोहन यादव आज भोपाल, इंदौर और उज्जैन में कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सुबह 10 बजे रवीन्द्र भवन में सूर्य उपासना कार्यक्रम और 11 बजे विधानसभा में स्व. कुंजीलाल दुबे की जयंती पर पुष्पांजलि देंगे. इसके बाद दोपहर 12:20 बजे इंदौर रवाना होकर बंगाली चौराहा और निपानिया में जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ करेंगे. दोपहर बाद उज्जैन पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. शाम को तरणताल और नैवेद्यम का लोकार्पण करेंगे तथा विक्रमोत्सव 2026 और उज्जयिनी गौरव दिवस में भाग लेंगे.

बैतूल में पेट्रोल-डीजल घोटाला बेनकाब! टैंकर से चोरी कर कर रहे थे कालाबाजारी, 4 आरोपी गिरफ्तार

बैतूल. जिले में पेट्रोल-डीजल सप्लाई में हेराफेरी करने वाली एक गैंग को पुलिस ने पकड़ लिया है. गंज थाना पुलिस की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से करीब 1.5 लाख रुपये कीमत का 2560 लीटर पेट्रोल 8 प्लास्टिक बोतलों में भरा हुआ बरामद किया है. जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रामपाल पन्द्राम और राकेश सप्लाई के दौरान टैंकर से पेट्रोल-डीजल बचा लेते थे. बाद में उसे निकालकर अपने दो अन्य साथियों के जरिए बाजार में ऊंचे दाम पर बेचते थे. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

नलखेड़ा में उमड़ा आस्था का सैलाब! मां बगलामुखी के दरबार में लाखों भक्त, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

आगर मालवा. जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में नवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. अलसुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. मंदिर को खास तौर पर सजाया गया है और माता का भव्य श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है. नवरात्रि के दौरान यहां लाखों लोग दर्शन करने आते हैं. देशभर के कई बड़े नेता और अभिनेता भी इस मंदिर में मत्था टेक चुके हैं. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और दर्शन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है.

Ramswaroop Mantri

Add comment

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें