केंद्रीय बजट में मध्य प्रदेश रेलवे को बड़ी सौगात, 15,181 करोड़ का आवंटन
केंद्रीय बजट में मध्य प्रदेश रेलवे को बड़ी सौगात मिली है. केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश को 15,181 करोड़ रुपये मिले हैं, जो कांग्रेस शासनकाल की तुलना में करीब 24 गुना ज्यादा है. प्रदेश में 100 प्रतिशत रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन पूरा हो चुका है और 1 लाख 18 हजार करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट चल रहे हैं. ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर से प्रदेश को बड़ा लाभ मिलेगा और भविष्य में बुलेट ट्रेन की सौगात भी मिलेगी. अमृत भारत योजना के तहत 80 स्टेशन स्वीकृत हुए थे, जिनमें 10 पूरे हो चुके हैं. फिलहाल 5 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हैं और 4 और शुरू होंगी. रेलवे संरक्षण के लिए 1.2 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है.
ग्वालियर नगर निगम परिषद बैठक में भाजपा पार्षद का धरना, अकेले बैठे रहे
ग्वालियर नगर निगम परिषद की बैठक में उस समय अलग नजारा देखने को मिला, जब भाजपा पार्षद बृजेश श्रीवास ने धरना दे दिया. सदन की कार्रवाई समाप्त होने के बाद भी वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद बृजेश श्रीवास सभापति की आसंदी के नीचे अकेले बैठे रहे. बताया गया कि वह अपने वार्ड और शहर की जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं. इससे पहले भी वे जन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर दंडवत यात्रा कर चुके हैं. हालांकि, धरने के दौरान सभी पार्षद और अधिकारी सदन छोड़कर चले गए, जिससे बृजेश श्रीवास अकेले धरने पर बैठे नजर आए। यह दृश्य नगर निगम में चर्चा का विषय बना रहा.
कफ सिरप कांड में तीसरी मौत, टीकाबर्री गांव के हर्ष यदुवंशी ने तोड़ा दम
बैतूल जिले में कफ सिरप कांड में तीसरी मौत की पुष्टि हुई है. आमला ब्लॉक के टीकाबर्री गांव निवासी हर्ष यदुवंशी का तीन महीने से नागपुर एम्स में इलाज चल रहा था, जहां उसने दम तोड़ दिया. हर्ष का इलाज मध्यप्रदेश सरकार की ओर से कराया जा रहा था. इससे पहले छिंदवाड़ा में कोल्ड्रिफ कफ सिरप से 26 बच्चों की मौत हो चुकी है. बताया जा रहा कि परासिया निवासी डॉ. एसएस ठाकुर ने ही हर्ष को कोल्ड्रिफ कफ सिरप दिया था. जिला प्रशासन ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि हर्ष का पोस्टमार्टम नागपुर एम्स में ही किया गया.
अंतिम संस्कार के दौरान पथराव, सुलगांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
खरगोन जिले के मण्डलेश्वर थाना क्षेत्र के सुलगांव में अंतिम संस्कार के दौरान पथराव की घटना से तनाव फैल गया. नर्मदा तट के पास शव जलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया. आरोप है कि अंतिम संस्कार में शामिल लोगों पर पथराव किया गया, जिसमें पुलिस जवान, ग्राम चौकीदार सहित कई लोग घायल हो गए. स्थिति बिगड़ने पर तीन थानों का पुलिस बल गांव में तैनात किया गया. भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया. सूचना मिलते ही मण्डलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला भी मौके पर पहुंचीं. पुलिस पथराव करने वालों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है.
जिला अस्पताल के SNCU में संकट, क्षमता से ढाई गुना ज्यादा नवजात भर्ती
खंडवा मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में नवजात शिशुओं के इलाज के लिए बनी स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) इन दिनों गंभीर संकट से जूझ रही है. 20 बेड की क्षमता वाली यूनिट में फिलहाल 53 नवजात भर्ती हैं, जिनमें से करीब 40 की हालत गंभीर बताई जा रही है. संसाधनों की कमी के चलते 31 वार्मर लगाए गए हैं, जहां एक-एक वार्मर पर दो-दो और कुछ जगह तीन-तीन बच्चों को रखा जा रहा है. इससे क्रॉस इंफेक्शन का खतरा बढ़ गया है. मेडिकल कॉलेज होने के कारण खंडवा के साथ खरगोन, बुरहानपुर और हरदा से भी गंभीर मामलों में प्रसूताएं यहां भेजी जा रही हैं, जिससे यूनिट पर दबाव लगातार बढ़ रहा है. हालात को लेकर परिजनों में चिंता बनी हुई है.
30 हजार आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी आंदोलन पर, प्रदेशभर में रैलियां
मध्य प्रदेश के करीब 30 हजार आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी आंदोलन की राह पर निकल पड़े हैं. आज से प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत सभी जिलों में रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा रहा है. कर्मचारियों का कहना है कि वे महज 10 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करने को मजबूर हैं. कई कर्मचारी ऐसे भी हैं जो 15-20 साल से सेवा देने के बावजूद आज तक नियमित नहीं हो पाए. कर्मचारियों ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया है. ग्वालियर के जिला अस्पताल में आउटसोर्स कर्मियों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि कम वेतन और असुरक्षित भविष्य के कारण उनका परिवार चलाना मुश्किल हो गया है. कर्मचारियों ने मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है.
अश्लील हरकतों पर पुलिस ने दिखाई सख्ती, तुरंत रिपोर्ट करने की अपील
नरसिंहपुर के तेंदूखेड़ा में स्कूली छात्राओं के साथ गंदे कमेंट्स और अश्लील हरकतें करने वाले मनचलों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. छात्राएं अपने परिवारजनों के साथ थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की. पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसी किसी भी घटना की तुरंत सूचना देने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
एमपी कांग्रेस का अनोखा टैलेंट हंट, चुनाव से दूर आर्टिस्ट्स की तलाश
भोपाल में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक अनोखा टैलेंट हंट अभियान शुरू करने का ऐलान किया है. इस पहल के तहत पार्टी को म्यूजिशियन, सिंगर, कंपोजर और राइटर जैसी विधाओं में दक्ष आर्टिस्ट्स की तलाश है, जो चुनावी राजनीति से दूर रहकर पार्टी के लिए काम करना चाहते हों. शर्त यह है कि ऐसे कलाकार टिकट या पद की मांग न करें. यह टैलेंट हंट 5 फरवरी से शुरू होगा, जिसमें आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद ही चयन किया जाएगा. पार्टी का कहना है कि केवल उन्हीं को मौका मिलेगा, जिनका दिल और दल एक साथ होंगे.

एमपी में भाजपा का बजट प्रचार अभियान, जिला स्तर पर प्रेस कांफ्रेंस का ऐलान
भोपाल में भाजपा 2 फरवरी से 15 फरवरी तक बजट को लेकर विशेष प्रचार अभियान चलाएगी. अभियान के तहत जिला स्तर पर प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर पार्टी के नेता बजट की प्रमुख खूबियों को जनता तक पहुंचाएंगे. यह निर्णय कल देर शाम एमपी भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक के बाद लिया गया.
भोपाल पुलिस कमिश्नर बने संजय कुमार, हरीनारायणचारी मिश्र ने सौंपा पदभार
Bhopal News: भोपाल में संजय कुमार ने पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाल लिया है. उन्हें पदभार हरीनारायणचारी मिश्र ने सौंपा. इससे पहले हरीनारायण मिश्र भोपाल पुलिस कमिश्नर थे, अब उनकी जगह संजय कुमार को नियुक्त किया गया है.
: 6 से 15 फरवरी तक महाकालेश्वर मंदिर में महापर्व, सुरक्षा और सुव्यवस्था पर जोर
उज्जैन में 6 फरवरी से 15 फरवरी तक महाशिवरात्रि महापर्व 2026 मनाया जाएगा. इसके मद्देनजर श्री महाकालेश्वर मंदिर परिक्षेत्र और श्री महाकाल लोक में दर्शन व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने मंदिर क्षेत्र का आंतरिक और बाह्य निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए दर्शन को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उपायों की समीक्षा की.
भोपाल में साइबर गैंग का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार
भोपाल में दान के नाम पर साइबर ठगी की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के एक समाजसेवी ट्रस्ट के अध्यक्ष को भोपाल बुलाकर बंधक बना लिया और ट्रस्ट के बैंक खाते की जानकारी देने का दबाव बनाया. जानकारी देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और करीब पांच दिनों तक अलग-अलग होटलों में रखा गया. आरोपी दान के बजाय साइबर ठगी के लिए ट्रस्ट के खाते का इस्तेमाल करना चाहते थे. मामले में ईंटखेड़ी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरोह के सरगना के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी के 31 मामले दर्ज हैं.
सीएम विष्णु देव साय आज कोरबा-सरगुजा दौरे पर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कोरबा और सरगुजा के दौरे पर रहेंगे. वे दोपहर 12 बजे रायपुर से कोरबा के लिए रवाना होंगे और ग्राम रिस्ती में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 2:25 बजे अंबिकापुर पहुंचकर माता राजमोहिनी देवी भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. मुख्यमंत्री साय शाम 5:30 बजे रायपुर लौटेंगे.
गुजरात दौरे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, देर रात भोपाल लौटेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुजरात दौरे पर रहेंगे. वे सुबह 11:40 बजे भुज एयरपोर्ट से जूनागढ़ के भालछेल हेलीपैड पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 3:55 बजे बड़ोदरा एयरपोर्ट पहुंचकर वहां भी स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे. रात 9:30 बजे बड़ोदरा एयरपोर्ट से स्टेट हैंगर भोपाल के लिए रवाना होकर वापसी करेंगे.
मध्य प्रदेश में 3 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, 25 जिलों में बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम बदला रहेगा. प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. नीमच और मंदसौर में ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी-बारिश से कई इलाकों में नुकसान हुआ है. ग्वालियर और रीवा-सागर संभाग में बारिश के आसार हैं, जबकि सुबह के समय कोहरे की चेतावनी दी गई है. दतिया और खजुराहो में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई, जिससे ठंड बढ़ने के संकेत मिले हैं. भोपाल, इंदौर समेत कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. बारिश के कारण गेहूं की फसलें गिर गई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है.




