सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय माहेश्वरी समाज का मूल मंत्र
जोधपुर। जोधपुर में आयोजित तीन दिवसीय माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो के भव्य उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि माहेश्वरी समाज का मूल मंत्र “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” रहा है, जो समाज की विचारधारा और कार्यशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि माहेश्वरी समाज का इतिहास केवल व्यापार और उद्योग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण तक समाज ने हर दौर में अपनी सशक्त भूमिका निभाई है।

जोधपुर में अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी महाकुंभ का लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन में लोकसभा स्पीकर ने माहेश्वरी समाज की जमकर तारीफ की और कहा कि इस समाज ने वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज इस आयोजन में शामिल होंगे। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने अपनी कर्मठता, अनुशासन, सेवा भावना और उद्यमशीलता के बल पर देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है। शिक्षा, उद्योग, व्यापार, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। लोकसभा स्पीकर ने यह बातें शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी महाकुंभ एवं ग्लोबल एक्सपो का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में कहीं।
‘महाकुंभ समाज को संगठित करते हैं’
बिरला ने कहा कि इस प्रकार के महाकुंभ न केवल समाज को संगठित करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने माहेश्वरी महाकुंभ को सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और वैश्विक संवाद का प्रभावी मंच बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज के भीतर संवाद बढ़ता है, अनुभव साझा होते हैं और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर मिलता है।
गृह मंत्री अमित शाह आज करेंगे शिरकत
अखिल भारतीय माहेश्वरी समाज की ओर से पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में आयोजित तीन दिवसीय इस महाकुंभ के दूसरे दिन 10 जनवरी को केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शिरकत करेंगे। इसके अलावा, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी विभिन्न सत्रों में भाग लेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज जब भारत “विकसित भारत” के संकल्प के साथ तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, ऐसे समय में समाज के युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। युवाओं को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्रों में नेतृत्व करते हुए राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि आज का समय देश के लिए बलिदान का नहीं, बल्कि परिश्रम, नवाचार और जिम्मेदारी का है।

उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि देश और विदेशों में बसे माहेश्वरी समाज के युवा चिकित्सा, शिक्षा, उद्योग और तकनीक जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं और समाज के साथ-साथ देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले समाजजन भी अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं और वैश्विक अनुभवों के माध्यम से भारत के विकास में योगदान दे रहे हैं।
ओम बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो केवल व्यापार और उद्योग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह सामाजिक सरोकारों, नवाचार और राष्ट्र निर्माण पर सकारात्मक मंथन का मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि जब समाज नैतिकता, समर्पण और नए विचारों के साथ आगे बढ़ेगा, तभी भारत सामूहिक शक्ति के रूप में विश्व पटल पर अग्रणी बनेगा।





