कोलकाता
पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी मंगलवार दोपहर हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान घायल हो गईं। उन्हें बाएं कंधे, कमर और पैर में चोट पहुंचने की खबर है। इलाज के लिए उन्हें कोलकाता के SSKM अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स उनकी जांच कर रहे हैं।
लो विजिबिलिटी के कारण ममता के हेलिकॉप्टर की सिलीगुड़ी के पास सेवोक एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। वे जलपाईगुड़ी के क्रिन्टी में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद बागडोगरा जा रही थीं।
DGCA ने हादसे पर कहा कि CM ममता हेलिगो चार्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के EC-145 हेलिकॉप्टर पर सवार थीं। बागडोगरा में भारी बारिश और बादलों के काफी नीचे होने के कारण हेलिकॉप्टर को सेवोक डायवर्ट कर दिया गया। वहां सेना का हेलिकॉप्टर बेस है। वहां हेलिकॉप्टर की लैंडिंग हुई। यह प्रिकॉशनरी लैंडिंग थी।
इस घटना के बाद फैसला किया गया कि ममता सड़क मार्ग से बागडोगरा हवाई अड्डे तक जाएंगी और वहां से कोलकाता की उड़ान भरेंगी।
ममता पंचायत चुनाव प्रचार के लिए राज्य के उत्तरी हिस्से में अनेक क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं। राज्य में पंचायत चुनाव के लिए मतदान 8 जुलाई को होगा।
दो साल पहले भी घायल हुई थीं ममता

10 मार्च 2021 को ममता बनर्जी घायल हो गई थीं। उनके पैर में चोट आई थी।
इसके पहले 10 मार्च 2021 को ममता बनर्जी नंदीग्राम में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के दौरान घायल हुई थीं। ममता के पैर में चोट लग गई थी।इसके बाद उन्हें कोलकाता के SKM हॉस्पिटल में तीन दिन तक एडमिट रहना पड़ा।
डॉक्टरों ने उनके पैर पर प्लास्टर चढ़ाया था। इसके बाद ममता ने व्हीलचेयर पर बैठकर ही विधानसभा चुनाव प्रचार किया था।





