आग की लपटें, धुएं का गुबार, जली हुई गाड़ियां… ऐसा था लाल किला के पास धमाके के बाद का खौफनाक मंजर
दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे में 8 लोगों की मौत होने की खबर है. दुख की इस घड़ी में जापान, ईरान, अर्जेंटीना, बांग्लादेश और ब्रिटेन जैसे देशों ने भारत के साथ संवेदना जताई है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देते हुए घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की
दिल्ली के लाल किले पर हुए धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में कई की हालत गंभीर है और मौत तथा घायलों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और सभी को वापस बुला लिया गया है. यह एक बेहद गंभीर परिदृश्य है, जिसके चलते प्रशासन और चिकित्सा टीमें पूरी तरह से सतर्क हैं. धमाके में किस तरह के केमिकल का इस्तेमाल किया गया, इसका पता लगाने के लिए लेजर रेस तकनीक का प्रयोग कर परीक्षण किया जा रहा है..
जापान, अर्जेंटीना के राजदूतों और भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त ने सोमवार शाम दिल्ली में हुए विस्फोट पर शोक व्यक्त किया है. राजदूतों ने घायलों और मृतकों के लिए प्रार्थना की. भारत में जापानी राजदूत ओनो केइची ने कहा, दिल्ली विस्फोट में हुई दुखद मृत्यु से मुझे गहरा दुख हुआ है. मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
वहीं अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो काउसिनो ने कहा कि अर्जेंटीना की जनता और सरकार की ओर से हम लाल किला विस्फोट में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं और हम सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.












