महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने दोषी ठहराए गए एनसीपी कैबिनेट सदस्य माणिकराव कोकाटे के पास रहे मंत्रालयों का प्रभार डिप्टी सीएम अजित पवार को सौंप दिया है। बता दें कि माणिकराव कोकाटे को 1995 के एक धोखाधड़ी और जालसाजी मामले में नासिक की अदालत ने दो साल की सजा सुनाई है। वह एनसीपी के वरिष्ठ नेता हैं और खेल मंत्री थे।
धोखाधड़ी के मामले में बुरे फंसे कोकाटे
नासिक सत्र न्यायालय ने निचली अदालत के 20 फरवरी के आदेश को बरकरार रखते हुए मंगलवार को कहा था कि कोकाटे ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित फ्लैट आवंटित कराने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा किए और राज्य सरकार को धोखा दिया जबकि कोकाटे एक समृद्ध किसान हैं। वहीं इस मामले में बुधवार को उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी कर दिया गया है। इससे कोकाटे पर मंत्री पद से इस्तीफे का दबाव बना है। इसके बाद वे लीलावती अस्पताल में भर्ती हो गए हैं।
सजा के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका की दायर
माणिकराव कोकाटे ने अपनी सजा के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। अदालत इस पर शुक्रवार को सुनवाई करेगी। कोकाटे के अधिवक्ता अनिकेत निकम ने न्यायमूर्ति आर एन लड्ढा की एकलपीठ के समक्ष याचिका दायर कर तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया। पीठ ने याचिका को शुक्रवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया। पूर्व मंत्री तुकाराम दिघोले ने 1997 में कोकाटे के खिलाफ याचिका दायर की थी।
कोकाटे का विधायक पद भी खतरे में
दोषसिद्धि के बाद मणिकराव कोकाटे के विधायकी पर तलवार लटक रही है। वहीं इस पर राज्य विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने बुधवार को कहा कि उन्हें अभी तक अदालत के आदेश की प्रमाणित प्रति नहीं मिली है। वहीं, एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि पार्टी कोर्ट के फैसले पर उचित निर्णय लेगी।
महाराष्ट्र विधानसभा में रविवाव को कृषि राज्य मंत्री माणिकराव कोकाटे का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह स्मार्टफोन में रम्मी खेलते हुए दिख रहे हैं। मणिकराव राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अजित पवार गुट से विधायक हैं। रविवार को शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। जिसमें दावा किया गया कि महाराष्ट्र के मंत्री माणिकराव कोकाटे विधानसभा में फोन पर रमी गेम खेलते हुए दिखाई दिख रहे हैं। कहा कि मंत्री माणिकराव कोकाटे के पास कोई काम नहीं है। उनके पास रमी खेल खेलने का समय है। हालांकि मंत्री ने इस विवाद पर सफाई करते हुए कहा कि मेरे किसी साथी ने डाउनलोड कर दिया होगा। मैं देखने की कोशिश कर रहा था कि निचले सदन में क्या चल रहा है।
एलएलबी भी कर चुके हैं
माणिकराव कोकाटे का जन्म महाराष्ट्र के नासिक जिले में 26 सितंबर 1957 को हुआ था। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से बीएससी और एलएलबी की शिक्षा पूरी की है। वर्तमान में वह एनसीपी (अजित पवार गुट) के टिकट पर सिन्नर विधानसभा से विधायक हैं। कोकाटे सिन्नर विधानसभा से 5 बार चुनाव जीत चुके हैं। वह फिलहाल महाराष्ट्र सरकार ने कृषि राज्य मंत्री का पद संभाल रहे हैं।





