विपक्ष की एकजुटता पर MP BJP अध्यक्ष वीडी शर्मा ने तंज कसा है। उन्होंने VIDEO शेयर करते हुए तुलना रावण से की। ट्वीट में कहा- नाम बदलने से नीयत नहीं बदलती।
2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं। मंगलवार को बेंगलुरु में हुई विपक्ष की बैठक में 26 साल साथ आए। इस गठबंधन को INDIA नाम दिया गया है। यानी- इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस।
शर्मा ने जो VIDEO शेयर किया, उसमें क्या?
- वीडी शर्मा के ट्वीट किए गए VIDEO में एक व्यक्ति फोटो स्टूडियो में आता है।
- व्यक्ति फोटोग्राफर से कहता है- सुनिए भाईसाब, पासपोर्ट साइज फोटो खिंचवानी है वीजा के लिए…।
- फोटोग्राफर पूछता है- कहां जा रहे हो?
- व्यक्ति कहता है- जिनेवा, इंटरनेशनल लीडरशिप समिट के लिए।
जैसे ही स्टूडियो के अंदर फोटोग्राफर कैमरे से फोटो क्लिक करने के लिए तैयार होता है, उसे व्यक्ति के दस सिर नजर आने लगते हैं।
- फोटोग्राफ कहता है- किस पर फोकस करूं?
- व्यक्ति के दसों सिर खुद पर फोकस करने की जिद करने लगते हैं।
- फोटोग्राफर कहता है- लीडरशिप समिट में जा रहे हो और लीडर कौन है?
- देश की 130 करोड़ जनता आप जैसों को चुनेगी तो दुनिया के सामने देश की पहचान क्या रहेगी?
- नीति कैसी होगी? नीयत कैसी रहेगी और सबसे बड़ी बात नेता कौन होगा?
इसके बाद VIDEO में आवाज आती है, सिर्फ रावण का दहन किया जाता है, चयन नहीं। नेता न हो तो नीति नहीं चलती, नाम बदलने से नीयत नहीं बदलती।

वीडी शर्मा ने वीडियो ट्वीट कर विपक्षी दलों की एकजुटता पर तंज कसा
कमलनाथ ने लिखा, बेंगलुरु का संदेश INDIA जीतेगा
बेंगलुरु में हुई विपक्षी दलों की बैठक के बाद MP कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा- बेंगलुरु का संदेश ‘INDIA’ जीतेगा। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने विपक्षी दलों की बैठक के बाद ट्वीट कर लिखा- सभी विपक्षी राजनीतिक दलों को INDIA चुनने के लिए बधाई। 2024 की लड़ाई भारतीय संविधान बचाने की है। भारत का हर नागरिक एक रहेगा, तभी तो भारत आगे बढ़ेगा।

विपक्ष की अगली बैठक मुंबई में होगी
विपक्षी एकता की दूसरे दिन की बैठक मंगलवार को बेंगलुरु में हुई। 2024 के आम चुनाव में भाजपा को हराने के लिए विपक्ष के 26 दल एक साथ आए हैं। बैठक में विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम INDIA तय किया गया है। इसका ऐलान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने कहा- समन्वय के लिए 11 सदस्यों की कमेटी और एक कार्यालय जल्द बनाया जाएगा। इसकी घोषणा मुंबई में होने वाली हमारी अगली बैठक में होगी। पहली बैठक पटना में हुई थी।





