भारतीय सिनेमा के सुपर स्टार नागार्जुन का जलवा कभी कम ही नहीं हुआ। 1959 में मद्रास (अब चेन्नई ) में जन्मे नागार्जुन ने 1967 में चाइल्ड एक्टर के तौर एक्टिंग की शुरुआत की थी। 2012 और 2013 में फोर्ब्स पत्रिका ने उन्हें के टॉप 100 प्रभावशाली लोगों में चुना। नागार्जुन फिलहाल चर्चा में हैं, क्योंकि उन्होंने बिग बॉस तेलुगु होस्ट करने की घोषणा की है।करोड़ों की कारों से लेकर प्रोडक्शन हाउस, बैडमिंटन टीम और प्राइवेट जेट के मालिक नागार्जुन की लाइफ काफी लग्जरी भरी है।
तीन मंजिला संगमरमर के घर में बस चार लोग रहते हैं
नागार्जुन के घर के मुख्य द्वार को हरियाली और ग्रोथ के प्रतीकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। हैदराबाद के जुबली हील्स पर बने इस घर की भव्यता की वजह से ही नागार्जुन छुट्टियों में यहां रहना पसंद करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घर की कीमत लगभग 42 करोड़ रुपए है।

अपने परिवार के साथ दीफ जलाते हुए नागार्जुन।
घर के अंदर, बहुत सारी चौड़ी बालकनी हैं। पहले फ्लोर पर पेंट हाउस जैसी लॉबी भी घर का एक मुख्य हिस्सा है, जहां नागार्जुन का परिवार टाइम स्पेंट करता है। नागार्जुन अपनी मां, पत्नी और अपने बेटे अखिल के साथ यहां रहते हैं। अखिल खुद भी एक अभिनेता हैं।

घर के ड्राइंग रूम में बेटी के साथ नागार्जुन। इनकी बेटी अमला भी फिल्मों में सक्रिय हैं।
घर का प्रवेश द्वार क्लासिक लुक वाला है, जिसकी दीवारें मैरून और सफेद दिखने वाले महंगे पत्थरों से जड़ी हुई हैं। इसकी खासियत है कि जैसे-जैसे आप दरवाजे की ओर बढ़ते हैं, उसकी ऊंचाई बढ़ती जाती है। इसके बाद मुख्य द्वार आता है जिसे विक्टोरियन टच के साथ डिजाइन किया गया है।
नागार्जुन के घर के अंदर के इंटीरियर के साथ ही लिविंग रूम से पहली मंजिल तक जाने वाली सीढ़ियां भी खास हैं। हाथीदांत वाले सफेद संगमरमर में सुंदर घुमावदार डिजाइन वाली सीढ़ियों के लुक को पूरा करने वाली स्टील रेलिंग इसे और सुंदर बनाती है।

स्विमिंग पुल के सामने नागार्जुन के बेटे।
सफेद संगमरमर वाली यह सीढ़ी सीधे फर्स्ट फ्लोर पर बने स्विमिंग पूल की ओर ले जाती है। यहां पानी नीला और बाकी सब कुछ सफेद है। नागार्जुन ने इसे आंखों को ठंडक देने वाला बताया है।
4000 स्क्वायर फीट के इस घर में जिम, पूजा घर समेत बड़ी सी छत और एक वुडन फ्लोर वाला कॉमन एरिया है, जहां नागार्जुन पार्टियों में लोगों को होस्ट करते हैं।
पांच सेकेंड में 100 की रफ्तार पकड़ने वाली बीएमडब्ल्यू
नागार्जुन के पास 1974 मॉडल पॉर्श 911 टर्बो, डैटसन 240Z जैसी कारें और होंडा सीबीआर फायरब्लेड जैसी सुपरबाइक्स हैं। नागार्जुन के गैराज में लग्जरी कारों का जमवाड़ा है, जिसमें बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज (1.7 करोड़ रुपए), ऑडी ए7 (90.5 लाख रुपए), बीएमडब्ल्यू एम6 (1.76 करोड़ रुपए), पोर्श केयेन (2 करोड़ रुपए) जैसी गाड़ियां हैं।
प्राइवेट जेट रखने वाले देश के गिने-चुने अभिनेताओं में नागार्जुन
नागार्जुन भारत के उन चुनिंदा अभिनेताओं में से हैं, जिनके पास प्राइवेट जेट है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नागार्जुन लंबी दूरी की यात्रा के लिए इसका प्रयोग करते हैं। कई मौकों पर उन्हें पूरे परिवार के साथ सफर करते हुए देखा गया है।

‘जेट में छुट्टी मनाने बाहर जा रहा हूं’- नागार्जुन ने इस कैप्शन के साथ यह तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट की थी।
सिंतबर 2018 में नागार्जुन ने सोशल मीडिया पर प्राइवेट जेट के भीतर की एक तस्वीर शेयर की थी।
1080 एकड़ जमीन, पार्क बनाने के लिए कर दी दान
नागार्जुन ने हाल ही में हैदराबाद के वारंगल राजमार्ग स्थित उप्पल-मेडिपल्ली इलाके के चेंगिचेरला फॉरेस्ट ब्लॉक में 1080 एकड़ जंगल गोद लेकर उसके रखरखाव के लिए 2 करोड़ रुपए दान भी दिए हैं।

नागार्जुन ने जमीन दान देते वक्त कहा, ‘अक्किनेनी परिवार द्वारा चेंगिचेरला वन क्षेत्र में एएनआर अर्बन पार्क को गोद लेने और उसकी नींव रखने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।’
अभिनेता अपने पिता अक्किनेनी नागेश्वर राव के नाम पर हैदराबाद के बाहरी इलाके चेंगिचेरला वन क्षेत्र में एक पार्क बनावाना चाहते थे। बीते साल, फरवरी 2022 में इस पहल की चर्चा पूरे प्रदेश में रही।
एक फिल्म के 20 करोड़ तक लेते हैं, 900 करोड़ की संपत्ति
नागार्जुन की साल 2022 में कुल संपत्ति 900 करोड़ थी। नागार्जुन फिल्मों के लिए 12 से 20 करोड़ तक चार्ज करते हैं। इसके अलावा टीवी शो के लिए प्रति एपिसोड 5 करोड़ रुपए लेते हैं। नागार्जुन कल्याण ज्वेलर्स सहित दर्जन भर से अधिक ब्रांड एंडोर्स करते हैं, जिसके लिए उन्हें सालाना 3 से 5 करोड़ रुपए प्रति विज्ञापन मिलते हैं।
हैदराबाद के सबसे पॉश इलाके में 22 एकड़ का फिल्म स्टूडियो
नागार्जुन,एक्टर के अलावा फिल्म प्रोड्यूसर और बिजनेसमैन भी हैं। 1976 में उनके पिता ने अन्न पूर्णा स्टूडियो नाम से एक प्रोडक्शन हाउस शुरू किया था। अब नागार्जुन और उनके भाई वेंकेट उसके मालिक हैं। हैदराबाद के पॉश इलाके में बंजारा हिल्स में 22 एकड़ के इस स्टूडियो में कई तरह के काम होते हैं।

इस स्टूडियो में इफेक्ट्स, डिजिटल इंटरमीडिएट, डॉल्बी विजन/एचडीआर, स्टीरियो और नियर फील्ड मिक्सिंग, डॉल्बी एटमॉस साउंड मिक्सिंग,स्क्रीनिंग थिएटर समेत कई सुविधाएं हैं।
यहां फिल्म सेट निर्माण, आउटडोर सेट, फर्श, बैकलॉट, प्रोडक्शन, डबिंग, वीएफएक्स आदि पर काम होता है। इस स्टूडियो की कीमत लगभग 300 करोड़ है।
सुनील गावस्कर के साथ मिलकर खरीदी बैडमिंटन टीम
2013 में नागार्जुन ने इंडियन बैडमिंटन लीग में पैसे लगाए। नागार्जुन ने सुनील गावस्कर के साथ इंडियन बैडमिंटन लीग में मुंबई मास्टर्स को खरीदा है।

मुंबई में अपनी टीम के बैडमिंटन मैच के दौरान सुनील गावस्कर के साथ नागार्जुन
वहीं महेंद्र सिंह धोनी के साथ वे माही रेसिंग टीम इंडिया के भी सह-मालिक थे। केरला ब्लास्टर्स फुटबाल क्लब के एक मालिक नागार्जुन भी हैं।





