आज (21 जून 2023) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र (UN) मुख्यालय में योग सेशन को लीड करेंगे। 180 से अधिक देशों के राजनयिक, कलाकार, शिक्षाविद और उद्यमी इसमें शिरकत करेंगे। पीएम बुधवार को टेस्ला सीईओ एलन मस्क, एस्ट्रोफिजिसिस्ट नील डेग्रसे टायसन, ग्रैमी पुरस्कार विजेता फालू शाह समेत 20 से ज्यादा दिग्गज हस्तियों से मुलाकात करने वाले हैं। इधर, तमिलनाडु के मंत्री वी. सेंथिल बालाजी की चेन्नई के एक निजी अस्पताल में ‘ओपन-हार्ट सर्जरी’ की जाएगी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पिछले हफ्ते ‘कैश फॉर जॉब’ घोटाला मामले में बालाजी को गिरफ्तार किया था। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप का मुकाबला बुधवार को बेंगलुरु में खेला जाएगा। मैच बुधवार को शाम 7.30 बजे से खेला जाना है। भारत खिताब का सबसे प्रबल दावेदार है।
एक तरफ जहां राजस्थान में बिपरजॉय आने के 9 दिन बाद राजस्थान के 5 जिलों में बाढ़ आ गई। वहीं, दूसरी तरफ यूपी-बिहार सहित 8 राज्यों में हीटवेब चली। इधर, PM मोदी अमेरिका पहुंच गए हैं। वे आज यूनाइटेड नेशंस हेडक्वार्टर में 180 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के साथ योग करेंगे। हम आपको आगे बताएंगे कि चीन ने कैसे मुंबई हमले के आतंकवादी को बचाया…
आज के प्रमुख इवेंट्स,
- सुप्रीम कोर्ट में आज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार तमिलनाडु के बिजली मंत्री सेंथिल के खिलाफ सुनवाई होगी। वे 14 जून को ED की लगातार 24 घंटे की पूछताछ के दौरान सीने में दर्द की वजह से रोने लगे थे। सेंथिल पर सरकारी नौकरी के बदले पैसा लेने का आरोप है।
राजस्थान के अजमेर में 100 साल में सबसे ज्यादा बरसात, MP के 17 जिलों में तेज बारिश

अजमेर में तेज बहाव में एक बाइक सवार बह गया। मौसम विभाग ने कोटा, बारां और सवाई माधेपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में बिपरजॉय के असर से बाड़मेर, पाली, राजसमंद, भीलवाड़ा, अजमेर के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। राज्य में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। अजमेर में 24 घंटे में 131.8 एमएम बारिश के साथ 100 साल का रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले 17 जून 1917 में 119.4 एमएम बरसात एक ही दिन में हुई थी।
राजस्थान में पहली बार मानसून से पहले बाढ़ जैसे हालात हैं। चार दिन में चक्रवात बिपरजॉय से कई इलाकों में इतना पानी बरसा कि मानसून सीजन का कोटा पूरा हो गया। बाड़मेर, पाली, राजसमंद, भीलवाड़ा, अजमेर के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। बीते 24 घंटे में पाली के मुठाना में 530 मिमी यानी 21.3 इंच बारिश हो चुकी है।
पाली में भी 12 इंच बारिश हुई। बूंदी, अजमेर, भीलवाड़ा के सैकड़ों गांवों में बिजली गुल है। अब तक राज्य में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। अजमेर में बारिश का 100 साल का रिकॉर्ड टूट गया। मौसम विभाग ने कोटा, बारां-सवाई माधेपुर में मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, मंगलवार दोपहर बाद जयपुर में भी तेज बारिश हुई। इससे कई कॉलोनियों में पानी भर गया।
जयपुर में मंगलवार काे दोपहर बाद हुई बारिश के बाद अजमेर रोड पर कमला नेहरू नगर पुलिया के नीचे भरा पानी।
सीएम ने किया हवाई सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को बिपरजॉय चक्रवात से हुए नुकसान का जायजा लेने चौहटन और सांचौर पहुंचे। सांचौर में गहलोत ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया, जिसके बाद डाक बंगले में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करके उनकी समस्याओं को सुना।
मुख्यमंत्री ने कहा तूफान और बाढ़ को देखते हुए हमने 25 टीमें एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की लगा रखी है। टीमों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बेहतर काम किया।
सर्वे करवाकर दिया जाएगा मुआवजा
सीएम ने कहा कि बाढ़ की वजह से कच्चे मकान बहुत ज्यादा टूटे हैं। कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सर्वे करवाकर मुआवजा दिया जाएगा। गहलोत ने कहा कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के नियम बने हुए हैं। उसके कारण समय पर मुआवजा नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पत्र लिखा है कि नियमों को बदला जाए, ताकि सभी को तुरंत मुआवजा मिल सके। गहलोत ने कहा कि सर्वे करवाकर सभी को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। सीएम ने कहा- महंगाई राहत कैंप का पूरा फायदा उठाने की अपील की।
जयपुर के वैशालीनगर में गांधीपथ पर आस-पास की कॉलोनियों में भरा पानी।
सीएम बोले- तूफान से किसी की मौत नहीं हुई
सीएम ने कहा कि जालोर जिले के राजथल बीसलपुर गांव में सोमवार रात 62 लोगों को रेस्क्यू किया गया। बिपरजॉय चक्रवात से किसी की मौत नहीं हुई है। बरसात के बाद नदी-नालों में उफान आ जाता है। लोग तालाबों और नाड़ियों में तैरने जाते हैं… लापरवाही करते हैं, तब दिक्कत आती है।
राजसमंद में 5 लोग मर गए और बाड़मेर जिले में भी डूबने से 5 लोग मरे। लोगों से अपील है कि अभी जो बरसात हुई है वह 6 महीने की एक साथ हो गई है। किसानों को भी आराम हो गया है। नदी-तालाबों में तैरने से दूरी बनाए रखें।
अजमेर में तेज बारिश मे बाद शहर के अंदरूनी हिस्सों में तेज बहाव देखने को मिला। यहां एक बाइक सवार बह गया।
अजमेर में 105 साल का तो, जोधपुर में 12 साल का रिकॉर्ड टूटा
चक्रवात से अजमेर में बारिश का 105 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। यहां 17 जून 1917 में 119.4 मिमी बरसात एक ही दिन में हुई थी, जो अब तक जून में सर्वाधिक बारिश होने का रिकॉर्ड था। यह 19 जून को टूट गया। अजमेर में 18 जून की सुबह 8:30 से 19 जून 8:30 तक 24 घंटे के दौरान 131.8 मिमी बरसात दर्ज हुई।
अजमेर में बारिश का दौर यहीं नहीं थमा। 19 जून की सुबह 8:30 बजे से लेकर शाम 6 बजे 100 मिमी बरसात दर्ज हुई। इसी तरह, जोधपुर में भी 12 साल का रिकॉर्ड टूटा है। यहां 17 जून को 91.3 मिमी पानी गिरा, जबकि इससे पहले 28 जून 2016 में करीब 74 मिमी बरसात हुई थी।
यह तस्वीर अजमेर की है। भारी बारिश की वजह से यहां कई घरों में पानी भर गया।

अजमेर में कई जगह दो से तीन फीट पानी भर गया। लोग पानी में तैरते दिखे।
मानूसन से पहले मानसून का 24% कोटा पूरा
राज्य में चक्रवात से पिछले 4 दिन (16 से 19 जून) में राज्य में औसतन 100 मिमी बारिश हो गई, जो एक मानसून सीजन में होने वाली औसत बारिश का करीब 24% के बराबर है। राजस्थान में मानसून सीजन (जून से सितम्बर तक) में औसतन 415 मिमी बारिश होती है। शुरुआती महीने जून में औसतन 50 मिमी बारिश होती है।
वहीं, MP में भोपाल, इंदौर समेत कुल 17 जिलों में बारिश हुई। राजधानी भोपाल में डेढ़ इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, राज्य के तीन जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने आज 9 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। यूपी-बिहार सहित 8 राज्यों में हीटवेब चली। बिहार के नवादा जिले में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचकर 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
अमेरिका पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति बाइडेन और उनकी पत्नी पर्सनल डिनर होस्ट करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली स्टेट विजिट पर अमेरिका पहुंच गए हैं। वे भारत के तीसरे बड़े नेता हैं, जिन्हें अमेरिका की तरफ से इस विजिट के लिए इनवाइट किया गया है। इससे पहले 1963 में राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन और 2009 में मनमोहन सिंह स्टेट विजिट पर अमेरिका गए थे। PM आज यूनाइटेड नेशंस हेडक्वार्टर में 180 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के साथ योग करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन PM मोदी के लिए पर्सनल डिनर होस्ट करेंगे। व्हाइट हॉउस में कल PM मोदी को राजकीय सम्मान के तौर पर 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन के दौरे पर मंगलवार देर रात अमेरिका पहुंचे। न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी एयरपोर्ट पर रेड कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत किया गया। अमेरिका के चीफ प्रोटोकॉल ऑफिसर रूफस गिफर्ड, UN में भारत की राजदूत रुचिरा कंबोज और अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने उन्हें रिसीव किया।
PM मोदी के स्वागत में भारतीय मूल के लोग भी मौजूद रहे। कल PM मोदी UN के योग दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद 22 जून से अमेरिका के राजकीय मेहमान होंगे।

न्यूयॉर्क के जॉन एफ केनेडी एयरपोर्ट पर भारतीय मूल के लोगों से मिलते हुए पीएम मोदी।

तस्वीर जॉन एफ केनेडी एयरपोर्ट पर पहुंची प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्लेन की है।
PM मोदी के साथ एक ट्रेड डेलीगेशन भी पहुंचा अमेरिका
PM मोदी के साथ मंत्रियों का एक दल और ट्रेड डेलिगेशन भी अमेरिका पहुंचा है। डेलिगेशन में अलग-अलग सेक्टर्स जैसे IT, डिफेंस, एविएशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े लोग हैं।
जबकि मंत्रियों के दल में विदेश मंत्री एस जयशंकर और नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर अजीत डोभाल का होना तय माना जा रहा है।। इस दौरे पर भारत और अमेरिका के बीच डिफेंस, टेक्नोलॉजी, स्ट्रैटेजिक और बिजनेस डील होंगीं। PM मोदी 20 अमेरिकी कंपनियों के CEOs से भी मिलेंगे।
PM मोदी का ये दौरा कितना अहम है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि PM के रवाना होने से पहले 15 दिन के भीतर 2 बड़े अमेरिकी नेता भारत आ चुके हैं।
एक ओर जहां अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने राजनाथ सिंह से मुलाकात की। वहीं, नेशनल सिक्योरिटी एडवाजर जेक सुलिवन भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिले। अमेरिका के रक्षा मंत्री ने बताया था कि दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर डील हुई हैं। इनकी घोषणा PM मोदी के अमेरिका दौरे पर की जाएगी।
PM मोदी के इस दौरे की डिप्लोमैटिक और स्ट्रैटेजिक अहमियत
वित्त वर्ष 2022-2023 में भारत और अमेरिका के बीच बाइलेट्र्ल ट्रेड 128 बिलियन डॉलर पार कर चुका है। यानी इस अंतराल में भारत और अमेरिका ने 10 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का व्यापार किया।
अमेरिका उन कुछ देशों में से एक है जिनके साथ भारत का ट्रेड सरप्लस है। यानी भारत अमेरिका को ज्यादा सामान बेचता है और वहां से कम सामान खरीदता है। 2021-22 में, भारत का अमेरिका के साथ 32.8 अरब डॉलर का ट्रेड सरप्लस था। भारत इस ट्रेड सरपलस को बरकरार रखना चाहता है। इस लिहाज से PM की विजिट अहम है।
स्ट्रैटेजिक और डिप्लोमैटिक तौर पर भी ये यात्रा बेहद खास है। दरअसल, चीन के मुद्दे को लेकर भारत और अमेरिका की चिंता लगभग एक जैसी हैं। एक तरफ जहां LAC और हिंद महासागर में चीन की दखलंदाजी का भारत विरोध करता है।
वहीं, अमेरिका भी ताइवान और साउथ चाइना सी में चीन की घुसपैठ की कोशिशों का विरोध करता है। ऐसे में चीन से निपटने के लिए दोनों देशों को एक-दूसरे के साथ की जरूरत है। इसके अलावा PM के इस दौरे पर भारत को दुनिया का सबसे एडवांस्ड MQ-9 ड्रोन और फाइटर जेट के इंजन बनाने की 11 टेक्नोलॉजी अमेरिका से मिलने की संभावना है।
मोदी से पहले अमेरिका स्टेट विजिट पर गए भारतीय नेताओं का स्वागत कैसे हुआ था…
नवबंर 2009 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को स्टेट विजिट पर बुलाया था। मनमोहन सिंह अपनी पत्नी गुरुशरण कौर के साथ 23 नवंबर रविवार के दिन दोपहर 1 बजकर 2 मिनट पर एंड्रयूज एयरफोर्स बेस पर पहुंचे थे। यहां उन्हें रेड कार्पेट वेलकम दिया गया था।
मनमोहन सिंह को एयरपोर्ट पर रिसीव करने के लिए अमेरिका की तत्कालीन प्रोटोकॉल ऑफिसर कैपरिका मार्शल और अमेरिका में भारत की राजदूत मीरा शंकर पहुंची थीं। मनमोहन के फ्लाइट से उतरने के बाद अमेरिकी एयरफोर्स के बैंड ने दोनों देशों के राष्ट्रगान की धुन बजाई गई थी। वहां मनमोहन सिंह का स्वागत करने के लिए भारतीय मूल के लोग भी पहुंचे थे।

अमेरिका में 2009 में स्टेट विजिट पर पहुंचे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को रिसीव करने पहुंचीं प्रोटोकॉल ऑफिसर कैपरिका मार्शल (रेड ड्रेस में) और अमेरिका में भारत की राजदूत मीरा शंकर।

2009 में अमेरिका की स्टेट विजिट पर गए मनमोहन सिंह के सम्मान में फ्लाइट लाइन सेरेमनी के दौरान अमेरिकी एयरफोर्स के सैनिक।
वहीं, 3 जून 1963 को जब भारत के राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन अमेरिका के स्टेट विजिट पर एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें अमेरिका के चीफ प्रोटोकॉल ऑफिसर एनजियर बिडल ड्यूक ने रिसीव किया। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से व्हाइट हाऊस पहुंचे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी ने उनका स्वागत किया।

1963 में स्टेट विजिट पर पहुंचे तत्कालीन राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन का हेलिकॉप्टर व्हाइट हाउस में उतरते हुए देखा जा सकता है।

तत्कालीन राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन को रिसीव करने पहुंचे अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी
PM मोदी के पिछले 2 अमेरिकी दौरों के समय उन्हें कैसे रिसीव किया गया था?
इससे पहले सितंबर 2021 में जब PM नरेंद्र मोदी क्वाड मीटिंग में हिस्सा लेने अमेरिका पहुंचे थे। तब वॉशिंगटन के जॉइंट बेस एंड्रूयज एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव करने बाइडेन सरकार के प्रोटोकॉल अधिकारी और अमेरिका में भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू पहुंचे थे।
वहीं, सितंबर 2019 को PM नरेंद्र मोदी के स्वागत में एयरपोर्ट पर अमेरिका की चीफ प्रोटोकॉल अधिकारी कैम हैंडरसन पहुंची थीं। उनके अलावा अमेरिका में भारत के राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला भी PM मोदी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे।
क्या PM मोदी ने किसी अमेरिकी राष्ट्राध्यक्ष के स्वागत में कभी प्रोटोकॉल तोड़ा है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई मौकों पर प्रोटोकॉल तोड़कर अमेरिकी राष्ट्राध्यक्ष का स्वागत किया है। 2015 में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल का स्वागत करने मोदी खुद पालम एयरपोर्ट गए थे।
इसके अलावा 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गुजरात के अहमदाबाद आए थे। यहां PM नरेंद्र मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर सरदार वल्लभभाई पटेल एयरपोर्ट पर उन्हें खुद रिसीव करने पहुंच गए थे।
अहमदाबाद में जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान बालकनी गिरी, 1 की मौत, 38 घायल

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी रथयात्रा अहमदाबाद स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में होती है।
अहमदाबाद में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान दो मंजिला इमारत की बालकनी गिर गई। हादसें में 1 व्यक्ति की मौत और 38 लोग घायल हो गए। फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर हैं। हादसे के पीछे महानगर पालिका की लापरवाही सामने आई है।
रथ यात्रा मार्ग के जर्जर घरों को नोटिस दिया जाना था, लेकिन जांच के बाद भी इस मकान के लिए कोई नोटिस जारी नहीं किया गया। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब नगर पालिका की टीम नोटिस लेकर घर पहुंची।
चीन ने 26/11 आतंकी को बचाया, साजिद मीर को ग्लोबल टेररिस्ट डिक्लेयर किया जाना था
मुंबई में 26/11 के हमले में वांटेड लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी साजिद मीर को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने के प्रस्ताव को चीन ने रोक दिया है। अमेरिका ने यूनाइडेट नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल की 1267 अलकायदा प्रतिबंध समिति की बैठक में यह प्रस्ताव पेश किया था। अमेरिका ने भारत के समर्थन से यह प्रस्ताव रखा था।
चीन ने सितंबर 2022 में भी साजिद को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने के प्रस्ताव पर रोक लगाई थी। साजिद मीर मुंबई में हमले के दौरान अजमल कसाब और बाकी आतंकियों को फोन पर निर्देश दे रहा था। भारत ने सबूत के तौर पर 2022 में उसका ऑडियो UNSC की मीटिंग में सुनाया था। जिंदा पकड़े गए आतंकी कसाब ने भी अपने साथियों में साजिद मीर का नाम लिया था।
मुंबई में 26/11 के हमले में वांटेड लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी साजिद मीर को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने के प्रस्ताव को चीन ने रोक दिया है। अमेरिका ने यूनाइडेट नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल की 1267 अलकायदा प्रतिबंध समिति की बैठक में यह प्रस्ताव पेश किया था। भारत इसका सह प्रस्तावक था।

पहले भी चीन ने कई बार अड़ंगा लगाया
यह पहली बार नहीं है जब चीन ने किसी पाकिस्तानी आतंकी को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने में अड़ंगा लगाया हो। चीन ने पिछले साल सितंबर में भी साजिद को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने के प्रस्ताव पर रोक लगाई थी। इस बार उसने प्रस्ताव को ब्लॉक कर दिया है।
पिछले साल चीन ने पाकिस्तानी आतंकी मौलाना मसूद अजहर के भाई अबुल रऊफ असगर उर्फ अब्दुल रऊफ अजहर को संयुक्त राष्ट्र की आतंकवादियों की सूची में शामिल कराने के लिए लाए गए अमेरिका और भारत के प्रस्ताव का विरोध किया था। पिछले साल अक्टूबर में लश्कर-ए-तैयबा के चीफ हाफिज सईद के बेटे तालहा सईद को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने के लिए लाया गया प्रस्ताव भी चीन ने रोक दिया था।
अमेरिका ने 50 लाख डॉलर का इनाम रखा है
अमेरिका ने साजिद पर 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI के अनुसार आतंकी साजिद मीर लश्कर-ए-तैयबा के लिए 2001 से एक्टिव था। उसने लश्कर के साथ मिलकर कई आतंकी हमलों की योजना बनाई और उन्हें अंजाम दिया
21 अप्रैल 2011 को मीर पर यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने चार्ज लगाए थे। उस पर विदेशी सरकार की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने, आतंकवादियों को मदद देने, अमेरिका के बाहर एक नागरिक की हत्या करने और सार्वजनिक स्थानों पर बमबारी का आरोप लगाया गया था। मीर के खिलाफ अमेरिका ने 22 अप्रैल 2011 को अरेस्ट वारंट जारी किया था।
अक्टूबर 2022 में मुंबई में हुई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में भारत ने दुनिया के सामने मुंबई में हुए 26/11 हमले में पाकिस्तानी आतंकी साजिद मीर का ऑडियो प्ले किया था। ऑडियो क्लिप में आतंकी साजिद मीर फोन पर चबाड़ हाउस में मौजूद आतंकियों को निर्देश देते सुनाई दे रहा है।
पाकिस्तान ने मृत घोषित कर दिया था
पाकिस्तान ने दुनिया की आंखों में धूल झोंकने के लिए साजिद मीर को मृत घोषित कर दिया था। उसका DNA टेस्ट भी कर दिया गया, लेकिन बाद में पता चला कि वो जिंदा है। अंतरराष्ट्रीय दबाव में पाकिस्तान ने उसे अरेस्ट किया। जून में उसे आतंकवादियों को पैसा देने के आरोप में पाकिस्तान के कोर्ट ने 15 साल जेल की सजा सुनाई थी।
मीर ने आतंकियों को मुंबई हमले के लिए तैयार किया
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साजिद मीर जिस डेविड कोलमैन हेडली का हैंडलर था, उसने ही आतंकी सदस्यों को मुंबई हमले के लिए तैयार किया था। हेडली अभी अमेरिका की एक जेल में बंद है।
मुंबई हमले में 166 लोग मारे गए थे
26 नवंबर, 2008 को 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने मुंबई में कई जगहों पर हमले किए थे। ताज होटल, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, ओबेरॉय होटल, लियोपार्ड कैफे और चबाड हाउस में हुए इन हमलों में 166 लोग मारे गए थे। हमला करने वाले 10 हमलावरों में से अजमल आमिर कसाब को जिंदा पकड़ा गया था, जबकि बाकी 9 आतंकी एंटी टेरर ऑपरेशन में मारे गए थे। कसाब को 11 नवंबर 2012 को पुणे की यरवदा जेल में फांसी दी गई थी।
क्या है यूनाइडेट नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल की 1267 समिति
यूनाइडेट नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल 1267 समिति का गठन साल 1999 के प्रस्ताव-1267 (resolution 1267) के अनुसार किया गया था। इसे अलकायदा और तालिबान प्रतिबंध समिति के तौर पर भी जाना जाता है।
शुरू में इस समिति का गठन तालिबान के कब्जे वाले अफगानिस्तान पर लगाए गए प्रतिबंधों की देखरेख के लिए किया गया था। बाद में इसे और ताकतवर बनाते हुए प्रतिबंधात्मक गतिविधियों के संचालन का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा बना दिया गया। यदि किसी व्यक्ति या आतंकवादी संगठन को इस सूची में शामिल किया गया है, तो यह उसकी एक्टिविटीज को रोकने, जुर्माना लगाने और संपत्ति जब्त करने में मदद करती है।
अकेला चीन कैसे रोक लेता है प्रस्ताव
यूनाइडेट नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल 1267 समिति, सिक्योरिटी काउंसिल के सभी 15 सदस्यों से मिलकर बनी है और सर्व-सम्मति से निर्णय लेती है। यदि किसी आशय या निर्णय का एक भी सदस्य विरोध करता है तो फिर वह प्रस्ताव पारित नहीं होता। यही कारण है कि केवल चीन के विरोध करने पर ही आतंकवादियों को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने का प्रस्ताव पास नहीं हो पाता है।
बंगाल के हर जिले में होगी केंद्रीय बलों की तैनाती, SC ने हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा

बंगाल के साउथ 24 परगना जिले में 13 जून को TMC के दो गुटों में हुई झड़प के दौरान 100 से ज्यादा बमों से हमले किए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में 8 जुलाई को होने वाले पंचायत चुनाव में सेंट्रल फोर्सेस की तैनाती का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि राज्य में चुनाव के दौरान हिंसा का पुराना इतिहास रहा है। हिंसा के साथ चुनाव नहीं हो सकते। ऐसे में सेंट्रल फोर्स की तैनाती जरूरी है।
कोर्ट ने राज्य चुनाव आयोग से कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना आपकी जिम्मेदारी है। फोर्स कहां से आएगी, इसकी चिंता आपको नहीं करनी है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने 48 घंटे में हर जिले में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती का आदेश दिया था। इसके खिलाफ बंगाल सरकार और राज्य चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।
International Yoga Day 2023: मेन कार्यक्रम में 15 हजार से ज्यादा लोग हिस्सा लेंगे
9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय उत्सव का नेतृत्व भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे। बुधवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में होने वाले मेन कार्यक्रम में 15 हजार से ज्यादा लोगों की भागीदारी होगी। इस वर्ष के योग दिवस का विषय ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’ है, जो भारतीय सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत का संकेत देता है। इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ओशन रिंग ऑफ योग जैसी अनूठी विशेषता देखने को मिलेगी, जहां भारतीय नौसेना और मर्चेंट जहाज विभिन्न महासागरों में मित्र देशों के बंदरगाहों/जहाजों पर योग का आयोजन करेंगे।
सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप: आज होगी भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत
टरकॉन्टिनेंटल कप में मिली जीत से उत्साहित भारतीय फुटबॉल टीम सैफ चैंपियनशिप 2023 में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। भारत का सामना आज श्री कांतीरावा स्टेडियम पर पहले मैच में पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तानी टीम भारत के लिए बड़ी चुनौती नहीं हैं, लेकिन भारत का लक्ष्य बड़ी जीत के साथ आगाज करके दूसरी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजाना है। भारत ने पिछली पांच भिड़ंत में चार बार पाकिस्तान को हराया है। आठ बार के चैंपियन भारत को ग्रुप-ए में नेपाल, कुवैत और पाकिस्तान के साथ रखा गया है। बाकी टीमों में लेबनान, मालदीव, भूटान और बांग्लादेश ग्रुप-बी में हैं। (IANS)
पीएम मोदी अमेरिका पहुंचे, एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, सीक्रेट सर्विस ने संभाली सुरक्षा की कमान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकीय यात्रा पर अमेरिका पहुंच चुके हैं। जॉन एफ कैनेडी एयरपोर्ट पर एयर इंडिया वन के उतरते ही अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षा को अपने हाथ में ले लिया। पीएम मोदी 21 जून को संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की अगुवाई करेंगे। पीएम मोदी चार दिनों तक अमेरिका में रहेंगे।
कांग्रेस से सब पार्टियां उस बैठक (23 जून को विपक्षी दलों की बैठक) में पूछेंगी कि आप इस मुद्दे पर अपना स्टैंड बताइए। उस बैठक का सबसे पहला मुद्दा होगा अध्यादेश। मैं वहां सभी पार्टियों को समझाऊंगा कि ये अध्यादेश तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पंजाब, प. बंगाल कहीं भी आ सकता है: अरविंद केजरीवाल, दिल्ली CM (दिल्ली की सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र सरकार के अध्यादेश पर)





