इंदौर
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) पर पांच साल के प्रतिबंध लगने के बाद इंदौर पुलिस पीएफआई का दफ्तर सील करने पहुंची। जवाहर मार्ग पर मौजूद पीएफआई के इस दफ्तर को एनआईए ने एक सप्ताह पहले ही बीते गुरुवार को सील कर दिया था। एनआईए इंदौर से तीन लोगों को पकड़कर ले गई थी। तीनों को एनआईए पीएफआई के इस दफ्तर भी लाई थी। यहां से टेरर फंडिंग और हिंदू-मुस्लिम दंगा फैलाने वाले दस्तावेज भी बरामद किए थे।
ड्रग्स तस्करी करने वाले चार बदमाश पकड़े
क्राइम ब्रांच टीम ने संयोगितागंज क्षेत्र में नेहरू स्टेडियम के सामने सांची प्वाइंट के पास से ड्रग्स तस्करी करने आए दो बदमाशों को पकड़ा। दोनों ने पूछताछ में अपना नाम महेंद्र सिंह उर्फ सोनू पिता मोहनलाल तंवर निवासी वर्धमान अपार्टमेंट, मेडिकेयर हॉस्पिटल के पास, और गब्बू अली पिता मकसूद अली निवासी नुसराबाद कॉलोनी, देवास बताया है। इसी तरह ब्राउन शुगर सप्लाय करने के पहले ही पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। इनके पास से 55 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। दोनों बदमाश इंदौर के हैं। वे धार के कानवन में ब्राउन शुगर की डिलीवरी देने पहुंचे थे। लेकिन इसके पहले ही कानवन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। बाइक सवार दोनों बदमाशों को कानवन के नजदीक दत्तीगारा फाटे से गिरफ्तार किया है। धार एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के नाम छोटू व देवेंद्र है। इनसे ड्रग डीलिंग को लेकर पूछताछ की जा रही है।





