देपालपुर। इंदौर शहर के साथ-साथ अब नगर देपालपुर में भी कोरोना ने अपने पांव जमकर पसार लिए हैं। पिछले 8 दिन में कोरोना के मौत का आंकड़ा 8 हो चुका है। नगर देपालपुर इस वक्त बारूद के ढेर पर दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद भी नगर देपालपुर के नागरिकों व्यापारी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन सख्ती से नहीं कर रहे हैं। कलेक्टर मनीष सिंह ने सख्ती दिखाते हुए जिलेभर में जनता कर्फ्यू लगा दिया है आवश्यक छूट के अलावा बेवजह घूमने वाले लोगों पर धारा 151 की कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। कोरोना महामारी के साथ टाइफाइड वायरल ने भी नागरिकों की नींद हराम कर दी है। शासकीय अस्पतालों के साथ-साथ अशासकीय अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ अधिक देखी जा रही है। जहां मरीजों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए रेमडेसीविर इंजेक्शन का अभाव है वहीं दूसरी तरफ ऑक्सीजन सिलेंडर की भी कमी देखी गई है। नगर देपालपुर व आसपास के नागरिकों को ऑक्सीजन सिलेंडर के अभाव में भटकना न पड़े इस हेतु देपालपुर प्रेस क्लब द्वारा जिला प्रशासन इंदौर के सहयोग से ऑक्सीजन सिलेंडर जरूरतमंदों को निशुल्क उपलब्ध करवा रहे हैं। देपालपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने ऑक्सीजन सिलेंडर भरवाने में आ रही समस्या को लेकर जिला पंचायत इंदौर सीईओ हिमांशुचंद्र से मुलाकात कर यहां के हालातों के बारे में जानकारी दी तथा ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू रूप से हो इस हेतु क्षेत्रीय अधिकारी से चर्चा कर उन्होंने समस्या का निराकरण किया। देपालपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष दिलीप यादव एवं सचिव संदीप सेन ने बताया कि क्षेत्रीय एसडीएम रविकुमार सिंह, तहसीलदार बजरंग बहादुर सिंह के मार्गदर्शन में जरूरतमंद लोगों को निशुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाने का कार्य सतत जारी है। देपालपुर प्रेस क्लब संरक्षक अजय जैन व नगर सुरक्षा समिति के थाना संयोजक रमेशचंद्र राठौर ने बताया कि देपालपुर क्षेत्र में जिस किसी व्यक्ति को आपातकालीन परिस्थितियों में ऑक्सीजन सिलेंडर की आवश्यकता लगे तो खाली ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ वो सीधे हमसे संपर्क करें निश्चित तौर पर ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करवाई जाएगी।
कोरोनाकाल में जरूरतमंद लोगों को निशुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करा रहे





