शहर में रविवार को पुरुषार्थ भगवा यात्रा शुरू हुई। इस भगवा यात्रा में 21 रथों पर आचार्य, संत समाज विभिन्न सम्प्रदाय के प्रतिनिधि सवार हुए जबकि पूरी यात्रा में कई लोग शामिल थे। यात्रा में छह वाहिनी, जिसमें महिला वाहिनी, चार पहिया खुले वाहन, चार पहिया सामान्य वाहन, दोपहिया वाहन, डीजे वाहन भी हैं। सामाजिक एकात्मता का संदेश देने के लिए निकाली जा रही पुरुषार्थ भगवा यात्रा का विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा मंचों लगाए गए हैं।

रथों पर सवार विभिन्न सम्प्रदाय के लोग।
पुरुषार्थ भगवा यात्रा सुबह करीब 11 बजे एमआर-10 बायपास, लाभ गंगा गार्डन के सामने से शुरू हुई जो स्टार चौराहा से खजराना पुलिस थाने व रिंग रोड स्थित खजराना चौराहा पहुंचेगी। यहां से बंगाली चौराहा, वर्ल्ड कप चौराहा, पीपलीयाहाना से मूसाखेड़ी चौराहे होते हुए मूसाखेड़ी चौराहे होते हुए आजाद नगर गोल चौराहे से शिवाजी प्रतिमा पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा यहां से गीता भवन चौराहा, पलासिया चौराहा, एलआईजी से पाटनीपुरा, मालवा मिल चौराहा से वीर सावरकर प्रतिमा, हुकुमचंद घंटाघर से एमजी रोड होते हुए गांधी प्रतिमा पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा शास्त्री ब्रिज होते हुए राजवाड़ा स्थित मां अहिल्या बाई होलकर प्रतिमा पर समाप्त होगी।
संस्था पुरुषार्थ के अध्यक्ष नानूराम कुमावत ने बताया कि करीब डेढ़ हजार कार्यकर्ताओं की टीम यात्रा के दौरान व्यवस्था संभालने में जुटी हैं जो स्वागत, यात्रा मार्ग की साज सज्जा, जलपान, यातायात, स्वच्छता, सुरक्षा, अनुशासन आदि काम देख रही है। यात्रा को अलग-अलग वाहिनियों में विभाजित किया गया है जिसमें अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। स्वागत के लिए यात्रा मार्ग के विभिन्न चौराहों पर आकर्षक साज सज्जा से स्वागत द्वार लगाए गए हैं। मार्ग मे कई जगह महिलाओं द्वारा रंगोली बनाई गई है।





