-केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने इसे विकसित भारत की दिशा में अहम कदम बताया
नई दिल्ली। भारत सरकार द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य के क्षेत्र में सशक्त बनाने की पहल को दुनिया भर में सराहा जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस उपलब्धि को स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार और विकसित भारत की दिशा में एक अहम कदम बताया।
शनिवार को नड्डा ने एक्स पर पोस्ट कर स्वास्थ्य मंत्रालय को मिले तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक पहला अवार्ड एक महीने में सबसे ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण, दूसरा रिकॉर्ड एक हफ्ते में ऑनलाइन ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग के लिए सबसे ज्यादा लोगों का साइन-अप और तीसरा रिकॉर्ड एक हफ्ते में ऑनलाइन वाइटल साइन्स स्क्रीनिंग के लिए सबसे ज्यादा लोगों का साइन-अप है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस अभियान की शुरूआत पीएम मोदी ने पोषण माह के साथ 17 सितंबर को की थी, जो कि 2 अक्टूबर 2025 तक चला। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार लाना है। जेपी नड्डा ने इसे महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए एक रिकॉर्ड-तोड़ मील का पत्थर बताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक पोषण माह के साथ आयोजित इस अभियान ने महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार लाने, शुरुआती पहचान, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने और स्वस्थ भारत के लिए परिवारों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया। इस अभियान के तहत 19.7 लाख से ज्यादा स्वास्थ्य शिविर लगाए गए, जिनमें सभी जिलों में 11 करोड़ से ज्यादा लोग शामिल हुए।
रिकॉर्ड-तोड़ मील का पत्थर:स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत भारत ने बनाए 3 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड





