देपालपुर निप्र। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भले ही अपना वक्तव्य देते रहें कि प्रदेश में कोई बिजली कटौती नहीं हो रही है। लेकिन इंदौर जिलें के देपालपुर नगर में चाहे जब बिना सूचना के एक-एक, दो-दो घंटे तक बिजली कटौती की जाती रही है। साथ ही उपभोक्ताओं को इसकी कोई सूचना नहीं दी जाती है। डीपी पर फाल्ट होना सामान्य बात हो गई है। घटना कल सोमवार की है कि नगर के ठाकुर मोहल्ले स्थित डीपी फाल्ट होने से 50 घरों बिजली उपभोक्ता प्रभावित हुए उनके घरों के विद्युत उपकरण, एलईडी, टीवी, पंखे, बल्ब आदि जल गए। जिससे आर्थिक नुकसान हुआ। इसी प्रकार अरिहंत कॉलोनी में भी फाल्ट होने से कई उपभोक्ताओं के विद्युत उपकरण जलने की शिकायत मिलती रहे। ठाकुर मोहल्ले के उपभोक्ता विजय सोलंकी, अरविंद सोलंकी, त्रिलोक सोलंकी, सुभाष सोलंकी, ओम सोलंकी, शंकर गौड़, सोहन सोलंकी, विकास जाधव, विवेक सोलंकी, अखिलेश सोलंकी, संजू सोलंकी, राहुल सोलंकी, प्रदीप सोलंकी, कुणाल सोलंकी आदि ने विद्युत वितरण कंपनी पर आरोप लगाया कि अधिकारियों की लेतलाली के चलते उपभोक्ताओं को पूर्व में भी अधिक बिल देने के चक्कर में लोग बिजली कार्यालय के चक्कर काटते ही रहते हैं। वैसे ही विद्युत कटौती से भी उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी की पकड़ अपने कर्मचारियों पर कमजोर पड़ती जा रही है। विद्युत व्यवस्था अस्त-व्यस्त होती नजर आ रही है। ज्ञात रहे कि विद्युत विभाग हमेशा वर्षा ऋतु के पूर्व मेंटेनेंस का कार्य करते रहता है। लेकिन उसकी पोल अब खुलती नजर आ रही है। जिसके परिणाम स्वरूप उपभोक्ता परेशान है।
इनका कहना है:–
इस संबंध में देपालपुर के पूर्व विधायक मनोज पटेल जी को अवगत करवाएंगे और नगरवासियों की विद्युत समस्या का तुरंत निराकरण करवाएंगे। कल ही क्षेत्रीय अधिकारियों को बोलकर इस समस्या का निराकरण करवाते हैं। गोपाल कटेसरिया भाजपा नगर अध्यक्ष देपालपुर
आम जनता के हित में शिवराज सरकार निकम्मी साबित हो रही है, आए दिन लोग अपनी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं समय रहते अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो युवा कांग्रेस अधिकारियों व शिवराज सरकार के विरुद्ध आंदोलन पीछे नहीं हटेगा।
रवि सोलंकी युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष देपालपुर



