भोपाल। गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में हुई घटना को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भूमिका की जांच की मांग की है। श्री शर्मा ने गु़रुवार को प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान यह बात कही है। श्री शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने आंदोलन के दौरान कहा था कि यह खून की खेती हो रही है। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में जो कुछ हुआ, क्या यही वह खून की खेती थी, जिसकी बात राहुल गांधी कर रहे थे। दिल्ली में जो कुछ हुआ, उसमें राहुल गांधी की भूमिका क्या थी। मैं यह मांग करता हूं कि 26 जनवरी के दिन दिल्ली में जो खून खराबा करने का प्रयास हुआ, उसमें राहुल गांधी की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
गणतंत्र दिवस के दिन तिरंगे के अपमान के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि देश में तथाकथित आंदोलन के नाम पर गणतंत्र दिवस के दिन लाल किले पर जो कुछ हुआ, वह अत्यंत दुर्भाग्यजनक है। यह भारत को दुनिया में बदनाम करने के लिए कांग्रेस और वामपंथी नेताओं का प्रयास था। इसके जरिए कांग्रेस और वामपंथी नेता देश का वातावरण बिगाडऩा चाहते थे, लेकिन मैं दिल्ली पुलिस को बधाई देता हूं कि जिसने सूझबूझ के साथ उस वातावरण को बिगडऩे से बचा लिया। दिल्ली पुलिस की जितनी सराहना की जाए उतनी कम है। श्री शर्मा ने कहा कि गणतंत्र दिवस के दिन जिस प्रकार तिरंगे का अपमान हुआ, देश उसे स्वीकार नहीं करेगा और पूरा देश मिलकर उन लोगों को जवाब देगा, जिन्होंने तिरंगे का अपमान किया है।





