जबलपुर
प्रदेश में बिजली कंपनियां वित्तीय वर्ष 2022-23 में उपभोक्ताओं को जाेरदार झटका देने की तैयारी में है। बिजली कपंनियों की ओर से घरेलू बिजली में लगभग 10 प्रतिशत तो खेती-किसानी के लिए दी जाने वाली बिजली की दरों में साढ़े 10 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोत्तरी करने की याचिका लगाई है। आप चाहते हैं कि बिजली कंपनियों की मनमानी न थोपी जाए तो 21 जनवरी तक बड़ी संख्या में नियामक आयोग के समक्ष दावे-आपत्तियां पेश करना होगा।
मप्र राज्य नियामक आयोग 8 फरवरी से 10 फरवरी के बीच दावे-आपत्तियाें पर जनसुनवाई आयोजित करेगी। यदि लोगों के तर्क में दम रहा तो कंपनियों की मनमानी नहीं चलेगी। एमपी में बिजली महंगी पहले से थी। पर अब घरेलू व खेती-किसानी वाली बिजली की दरों में 10 प्रतिशत के लगभग बढ़ोत्तरी की सिफारिश की गई है। घरेलू और खेती-बारी की बिजली महंगी कर कंपनियों ने तीन हजार करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा है।

बिजली की दरें इस तरह बढ़ाने का प्रस्ताव।
इस तरह बिजली की दरों में बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव
- घरेलू बिजली-9.97%
- वाणिज्यिक बिजली-4.44%
- निम्न दाब औद्योगिक बिजली-5.11%
- कृषि बिजली-10.61%
- सप्लाई जल और पथ प्रकाश की बिजली दर-10.11
प्रदेश की तीनों कंपनियों ने 48 हजार 874 करोड़ रुपए की जरूरत
प्रदेश की तीनाें बिजली कंपनियों ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 48 हजार 874 करोड़ रुपए की जरूरत बताई है। तीनों कंपनियों ने इस दौरान 67 हजार 964 मिलियन यूनिट बिजली बेचने का अनुमान लगाया है। कंपनियों का दावा है कि वर्तमान कीमत पर बिजली बेचने पर उन्हें 44 हजार 957 करोड़ रुपए ही मिल पाएंगे। तीन हजार 915 करोड़ रुपए की भरपाई के लिए तीनों कंपनियों ने आसान उपाय निकाला है कि इसे उपभोक्ताओं की जेब से वसूला जाए। इसके लिए बिजली की औसत दरों में 8.71 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की है।
आम उपभोक्ताओं पर इस तरह बढ़ेगा बोझ
0 से 30 यूनिट-
पहले-3.25 रुपए प्रति यूनिट
अब-3.57 रुपए प्रति यूनिट
0 से 50 यूनिट-
पहले-4.13 रुपए प्रति यूनिट
अब-4.54 रुपए प्रति यूनिट
51 से 150 यूनिट-
पहले-5.05 रुपए प्रति यूनिट
अब-5.55 रुपए प्रति यूनिट
151 से 300 यूनिट-
पहले-6.45 रुपए प्रति यूनिट
अब-7.09 रुपए प्रति यूनिट
300 यूनिट से अधिक-
पहले-6.65 रुपए प्रति यूनिट
अब-7.31 रुपए प्रति यूनिट
किसानों पर इस तरह बढा़या बोझ
300 यूनिट तक-
पहले-4.69 रुपए प्रति यूनिट
अब-5.19 रुपए प्रति यूनिट
301 से 750 यूनिट-
पहले-5.72 रुपए प्रति यूनिट
अब-6.33 रुपए प्रति यूनिट
750 यूनिट तक
पहले-6.00 रुपए प्रति यूनिट
अब-6.64 रुपए प्रति यूनिट
25 एचपी तक-
पहले-5.30 रुपए प्रति यूनिट
अब-5.86 रुपए प्रति यूनिट
ई-वीकल और रेलवे की दरों में कोई बदलाव नहीं
कंपनियों ने रेलवे को बेची जाने वाली बिजली की दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। इसी तरह ई-वीकल चार्जिंग स्टेशन और व्यवसायिक ई-चार्जिंग स्टेशन की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गाय है। कंपनियों की कोशिश है कि रेलवे और बिजली खरीदे। जबकि ई-वीकल वाहनों को प्रोत्साहन देने की नीति के चलते उनकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
2019-20 की बिजली का भार अब वसूलेगी कंपनियां
लगभग दो हजार करोड़ रुपए वित्तीय वर्ष 2019-20 की ट्रू-अप याचिका के तौर पर वसूलने का प्रस्ताव दिया है। दरअसल हर साल बिजली कंपनियां टैरिफ याचिका अनुमान के आधार पर पेश करती है। फिर वित्तीय वर्ष की समाप्ति होने पर असल खर्च का पता चलता है। इसे कंपनियां सत्यापित ट्रू-अप के तौर पर उपभोक्ताओं से वसूलती हैं
एमपी में FCA चार्ज के तौर पर प्रति यूनिट 14 पैसे की बढ़ोत्तरी
मप्र में बिजली उपभोक्ताओं को नये साल महंगी बिजली का झटका मिला है। एक जनवरी से उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 14 पैसे अधिक भुगतान करना होगा। बिजली कंपनियों की याचिका पर मप्र विद्युत नियामक आयोग ने चालू वित्तीय वर्ष के अंतिम तिमाही के लिए फ्यूल कास्ट एडजस्टमेंट (एफसीए) बढ़ाने का आदेश जारी किया है। एक जनवरी ये 31 मार्च 2022 तक ये दर प्रभावी रहेगा।
बिजली कंपनियों ने इससे पहले 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर की तिमाही में 13 पैसे एफसीए बढ़ाया था। एफसीए बिजली कंपनी ईंधन या कोयले की अलग-अलग कीमत के आधार पर बिल में लागू होने वाली अतिरिक्त राशि होती है। कोयला या ईंधन की कीमत कोयले की मांग और आपूर्ति के आधार पर हर महीने बदलती है।

मप्र राज्य विद्युत नियामक आयोग ने जारी किया आदेश।
इससे बिजली उत्पादन की लागत भी बदल जाती है। बिजली उत्पादन कंपनियां इस लागत को वितरण कंपनियों पर लगाती है, जो इसे उपभोक्ताओं पर लगा देती हैं। नियामक आयोग हर तीन महीने में इसकी समीक्षा करता है। आयोग ने 30 दिसंबर को एफसीए चार्ज प्लस 7 पैसे प्रति यूनिट वसूलने का आदेश जारी किया है।
ऐसे समझें बढ़ोतरी को
• 100 यूनिट खपत पर-100 रुपए
200 यूनिट पर अभी
• ऊर्जा शुल्क-1020 रुपए
• बिजली ड्यूटी-108 रुपए लगेंगे
• कुल बिल बनेगा-1128 रुपए
अब 200 यूनिट पर लगेगा
• ऊर्जा शुल्क-1020 रुपए
• बिजली ड्यूटी-110 रुपए लगेंगे
• कुल बिल बनेगा-1152 रुपए
बिजली की दरों से एफसीए चार्ज घटाकर दी गई थी राहत
प्रदेश में बिजली की दरों में जून में 0.63 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की थी। ये बदलाव फिक्स चार्ज में 3 से 20 रुपए की बढ़ोत्तरी कर की गई थी। कोविड के बाद बिजली की कीमतों में बढ़ोत्तरी का विरोध न हो, इस कारण तब एफसीए चार्ज को माइनस 20 पैसे प्रति यूनिट कर दिया गया था। मतलब 20 पैसे की उपभोक्ताओं को छूट दी गई थी। इसे अक्टूबर से दिसंबर के लिए 13 पैसे घटा दिए गए थे। तब उपभोक्ताओं को 7 पैसे की ही छूट मिल रही थी। अब 01 जनवरी से 31 मार्च तक इस छूट को भी समाप्त करते हुए 7 पैसे प्रति यूनिट प्लस वसूलने का दर जारी कर दिया।





