नीलम ज्योति
ऑनलाइन फ्रॉड अब अमीरों और उच्च मध्यम वर्ग तक ही सीमित नहीं है बल्कि बहुत सारे मजदूर मेहनतकश साथियों, कॉलेज में पढ़ रहे युवाओं और निम्न मध्यम वर्गीय लोगों तक को भी अपनी चपेट में ले रहा है।
इससे बचने का कोई एक बना बनाया तरीका तो नहीं हो सकता पर फिर भी अगर आप यह लेख पढ़ेंगे तो आपको पता चल जाएगा कि यह किस तरह से फ्रॉड करते हैं।
गौर करें, इनमें से कोई भी फ्रॉड मेरे साथ नहीं हुआ है और यह लेख भी मेरा लिखा नहीं है. ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के लिए मैं इसे आप तक शेयर कर रही हूँ. आप भी लोक हित में इसे मैक्सिमम शेयर करें.
________
केस 1.
पिछले महीने मेरे साथ 1000/- का फ़्रॉड हुआ, फ्लिपकार्ट सेल चल रही थी, facebook पर भी इसी तरह के एड आ रहे थे भारी डिस्काउंट दे रहे थे। मैंने app से खरीदने के बजाय facebook page पर फ्लिपकार्ट के page से खरीदारी कर ली। एक trimmer और एयरपोड ख़रीदे। जब payment कटा तब phonepe पर कृष्णा general स्टोर लिखा आया, और प्रोडक्ट की कोई डिटेल नहीं आई जैसे ऑडर कन्फर्म, शिपमेंट कब हो रहा है, डिलीवरी कब तक होगी कुछ नहीं आया। खैर रकम कम थी तो इतना दिल नहीं दुखा, इसलिए हमेशा original app से खरीदना चाहिए facebook पर बिलकुल ditto same page बना रखे हैं फ़्रॉड लोगों ने।
केस 2.
कई साल पहले बेटे ने अपना पुराना लैपटॉप 20,000 में Olx पर बेचने के लिए डाला था। उसके पास कई कॉल आई, सौदा जमा नहीं। एक और कॉल आई, कॉल करने वाले के Whatsapp और Google प्रोफाइल पर भारतीय सेना के जवान की फोटो थी। बेटा इंप्रेस होकर उससे बातचीत करने लगा। फिर सब कुछ वैसा हुआ, जैसी घटना गत दिनों आपके साथ बीती। बेटे ने पिन डाल दिया और उसके खाते से 20,000 ट्रांसफर। ये घटना उसने बहुत दिन बाद मुझे बताया. आज आपकी पोस्ट पढ़ कर फिर से याद आ गया।
केस 3.
ऐसी ही घटना मेरे एक परिचित के साथ अभी हाल में हुई है, उन्होंने गूगल से हॉस्पिटल का नंबर search किया और उस नंबर पर कॉल किया, लेकिन नंबर बंद आ रहा था, तुरन्त ही उधर से कॉल back आया, और मरीज़ का डिटेल्स पूछने के बाद कहा कि एक लिंक भेज रहे हैं उस पर rs 1 भेज दीजिए, आपका registration हो जाएगा, जैसे ही उन्होंने payment किया उनके खाते से 5-5 हजार करके 30k cut कर लिया।
केस 4.
मेरी एक सहेली ने सोफा बेचने के लिए डाला, उसके पास भी ऐसे ही कॉल आया, 15 हज़ार में सौदा तय हुआ। उन लोगो ने भी पहले 1 रुपया भेजने की बात कही। लेकिन 15 हज़ार रुपए सहेली के अकाउंट से कट गए… जब उसने ये बात उन लोगों से कही तो वो बोले गलती हो गई और बोले आपको 30 हज़ार का पेमेंट करते हैं, हिसाब बराबर हो जायेगा। इस बार उन्होंने 30 हज़ार का Qr भेजा लेकिन उसके अकाउंट से काट लिए। टोटल 45 हज़ार का चूना लगाया, उसके बाद सहेली के अकाउंट में पैसे नहीं बचे थे, लेकिन उन्होंने ऐसा दिमाग़ काट रखा था कि उसे लग रहा था वो लोग पैसे लौटा देंगे। बड़ी मुश्किल से उसे आगे उन लोगों से बात करने से रोका।
केस 5.
मेरे साथ जुलाई 2022 में राजस्थान से किसी ने एक पार्सल भेजा था, ब्ल्यू डार्ट से ही। मैने एक बार पार्सल ट्रैक किया, फिर मुझे एक कॉल आया कि आपका एड्रेस मिसप्लेस हो गया है, एक लिंक भेज रहा हूं आप इस पर 5 रुपए भेजो, मैने जैसे ही पिन डाला होगा पूरा अकाउंट खाली। लास्ट में जो 256 रुपए बचे थे उसने जोमैटो से खाना ऑर्डर कर लिया। मैने हर जगह कंप्लेन किया लोकल साइबर सेल लेकिन कुछ नहीं हुआ। और हिम्मत उसकी कि वो अगले चार दिन तक नंबर बदल बदल कर फोन करता रहा लेकिन साइबर सेल भी कुछ नहीं कर पाई, दो साल बाद एक दिन मैसेज आय कि आपका केस क्लोज कर दिया गया है।
केस 6.
मेरी एक कज़न हैँ वह बैंक गईं थी Kyc के लिए लेकिन वहाँ पर उनका काम नहीं हो पाया उस दिन तो वह घर लौट आईं
घर आते ही उनके पास एक कॉल आई कि मैडम अभी आप बैंक आई थीं Kyc के लिए तो आप कुछ जानकारी मुझे दीजिए, मैं बैंक से बोल रहा हुँ और अभी आपका kyc हो जाएगा.
उन्होंने जैसे ही डिटेल दिया.. उनके अकाउंट से तीन लाख रूपये कट गए. बाद में पता चला कि उनके साथ फ्रॉड हुआ है.
——–
ठगी की कहानियां अलग अलग हो सकती हैं किन्तु ऑब्जेक्टिवली एनालिसिस किया जाए तो इनके तरीके में एक विशेष पैटर्न निकल कर आता है। इस पैटर्न को समझ लेने के बाद इनसे बचने के उपाय भी मिल जायेंगे जैसे –
1. कभी भी पैसा रिसीव करने के लिए अपना पिन न डालें। पिन डालने का मतलब है पैसा आपके अकाउंट से कटेगा न कि आपको पेमेंट मिलेगा।
2. कभी भी किसी कस्टमर केयर का नंबर गूगल पर सर्च ना करें । वो स्कैमर का नंबर ही टॉप पर आता है । चाहे रेलवे हो या बैंक या गूगल पे, पेटीएम या कोई भी सर्विस । फिर वो बंदा आपसे किसी गूगल डॉक में अकाउंट डिटेल फिल करवायेगा या कोई थर्ड पार्टी ऐप डाउनलोड करवायेगा लाइक एनीडेस्क या टीम व्यूअर और आपसे अकाउंट डिटेल्स फिल के लिए कहा जाएगा। आपकी स्क्रीन उसके साथ शेयर हो रही होगी तो सारा डिटेल वह भी देख रहा होगा। एक स्टेप और आगे बढ़के वह आपके फोन को दूर से ऑपरेट कर लेगा, आप कुछ नहीं कर पायेंगे। आपको किसी से भी कहने से कोई ऐप डाउनलोड नहीं करना है।
3. कभी फ्री या सस्ते का लालच ना करें और सोशल माडिया में एड के रूप में आने वाली वेबसाइट्स से कभी खरीदारी न करें, हमेशा ऑथेंटिक वेबसाइट पर जाकर या authorised ऐप से ही खरीदारी करें।
4. आपसे कोई होटल, पार्लर, या एप्लायंस सर्विस बुक कर रहे हों, आपसे पेमेंट मांगी गई 400 की किंतु आपके पास ओटीपी आ रहा 4000 पेमेंट या किसी अन्य अमाउंट का, तो बातचीत फौरन रोक दें। पक्का फ्रॉड हैं उधर। सबूत के लिए कभी भी अपने फोन में आए मेसेज का स्क्रीनशॉट न भेजें। अन्यथा स्क्रीनशॉट के साथ ओटीपी भी पहुंचेगा और बिना आपके ओटीपी भरे ओटीपी उसके पास पहुंच जायेगा।
5. आपने जो सामान ऑर्डर नहीं किया फिर भी “आपके नाम से पार्सल आया है” की जानकारी आपको दी जा रही है। पूछने पर कह दिया जा रहा आपके फलां दोस्त ने गिफ्ट भेजा है, या विदेश से पार्सल आया है, मोबाइल नंबर कन्फर्मेशन के लिए 5 रुपए भेजें आदि आदि। तो पहले अपने दोस्त से कंफर्म करें। एक्साइटमेंट में फोनकर्ता के कहने पर न चलने लगें।
6. बैंक के KYC के लिए कभी भी किसी बंदे को फोन पर डॉक्यूमेंट न दें, कोई भी भेजा हुआ फॉर्म न भरें। KYC हमेशा बैंक जाकर या ऑथराइज्ड ऐप/ वेबसाइट से ही करें। बैंक अब बार बार मैसेज भी भेजते रहते हैं कि वे कोई भी डॉक्यूमेंट फोन पर नहीं मांगते हैं।





