राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार ने शनिवार शाम को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. उन्होंने अपने पति और पूर्व डिप्टी सीएम अजीत पवार की जगह ली है, जिनका दो दिन पहले एक विमान दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था. मुंबई के लोक भवन में आयोजित इस गरिमामय समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे. सुनेत्रा को राज्य एक्साइज ड्यूटी, खेल और युवा कल्याण, अल्पसंख्यक विकास और औकाफ विभाग मिले हैं. प्लानिंग और फाइनेंस विभाग, जो पहले अजित के पास थे, अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास हैं.
इससे पहले, दोपहर को एक बैठक में सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया था. यह फैसला दक्षिण मुंबई के विधान भवन परिसर में हुई एक अहम बैठक में लिया गया. इस दौरान वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन छगन भुजबल ने किया.
अजित पवार के आकस्मिक निधन के तीन दिन बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी आन पड़ी है. विधान भवन के उसी ऑफिस में यह बैठक हुई जहां कभी अजित पवार बैठा करते थे. बैठक की शुरुआत में सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की. इस मौके पर उनके छोटे बेटे जय पवार भी मौजूद रहे. बैठक का माहौल काफी गमगीन था और कई मंत्री व विधायक अपने आंसू नहीं रोक पाए.
इस बीच, एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार के एक बयान ने सबको चौंका दिया है. उन्होंने बारामती में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उन्हें सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण की कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने मीडिया से कहा, ‘हमें इस बारे में खबरों से पता चला. उनके दल ने क्या फैसला लिया, इसमें हमारी कोई सलाह नहीं ली गई.’ शरद पवार ने यह भी दावा किया कि अजित पवार दोनों गुटों के विलय के पक्ष में थे. उनके मुताबिक 12 फरवरी को पार्टी के एक होने का एलान होना था, लेकिन विमान हादसे ने सब बदल दिया
.
दुख की घड़ी में सुनेत्रा पवार का संकल्प, अजित पवार के सपनों का महाराष्ट्र बनाने का ऐलान
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने भावुक ट्वीट किया. उन्होंने कहा, ‘आदरणीय अजित पवार ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और वंचितों के लिए पूरी जिंदगी जीने का मंत्र दिया’. सुनेत्रा पवार ने साफ किया कि वे न्यायपूर्ण, समानता आधारित और विकसित महाराष्ट्र के सपने को साकार करने के लिए ईमानदारी से काम करती रहेंगी. उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में महाराष्ट्र की जनता का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.
अजित पवार की पत्नी और महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा का जन्म 18 अक्टूबर, 1963 को ओसमानाबाद में हुआ था.वह राजनीतिक पृष्ठभूमि से आती हैं और उनके परिवार का राजनीति से पुराना नाता रहा है. उनके पिता पद्मसिंह पाटिल पूर्व राज्यमंत्री और लोकसभा सांसद रह चुके हैं…
सुनेत्रा पवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग, राज्य उत्पाद शुल्क एवं अल्पसंख्यक विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. हालांकि, अजित पवार के पास मौजूद वित्त विभाग सुनेत्रा को नहीं दिया गया है.
वहीं बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस विभाग को अपने पास रखेंगे. लेकिन, यह भी सामने आया है कि एनसीपी नेता इस विभाग को अपनी पार्टी को सौंपने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल दोनों ही दलों के प्रमुख नेताओं की तरफ से इस पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है. हालांकि चर्चा चल रही थी कि जो विभाग अजित पवार के पास थे वो सभी सुनेत्रा को मिलेंगे.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपराज्यपाल को पत्र लिखकर मंत्रालय की जानकारी दे दी है. बताया जा रहा है कि सुनेत्रा पवार से वार्ता के बाद ही इस पर फैसला लिया गया है. अब वित्त मंत्रालय के साथ-साथ प्लानिंग विभाग भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास ही रहेगा. इस साल यानी कि 2026 में वही बजट पेश करेंगे. माना जा रहा है कि अनुभव के चलते फडणवीस ने फिलहाल इस मंत्रालय को अपने पास रखेगा. क्योंकि उन्हें ही इस साल पेश होने वाले बजट को लेकर तैयारी करनी है. बता दें कि फडणवीस के पास 2023 में भी फाइनेंस पोर्टफोलियो था.





