ग्वालियर: बिग बॉस फेम तान्या मित्तल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मगर इस बार चर्चा की वजह कोई रियलिटी शो या मनोरंजन नहीं, बल्कि एक विवादित वीडियो है। पोटाश (कार्बाइड) गन चलाने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्वालियर में शिकायत दर्ज की गई है।
ग्वालियर निवासी शिशुपाल सिंह कंषाना ने यह शिकायत एएसपी अनु बेनीवाल को सौंपते हुए एफआईआर की मांग की है। शिकायत में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों और कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा हाल ही में जारी आदेशों का हवाला दिया है, जिनमें जिले में कार्बाइड गन के उपयोग, खरीद और प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। यह प्रतिबंध धारा 163 के तहत लगाया गया है, क्योंकि प्रदेश में अब तक 200 से अधिक लोग इन खतरनाक गनों के कारण आंखों की रोशनी खोने की स्थिति में पहुंच चुके हैं।
पुलिस ने कहा- कार्रवाई होगी
एएसपी अनु बेनीवाल ने मामले पर कहा कि वायरल वीडियो की जांच के लिए साइबर टीम को निर्देशित कर दिया गया है और शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
सोशल मीडिया स्टंट भी हो सकता है
आपको बता दें कि तान्या मित्तल इन दिनों “बिग शो” में नजर आ रही हैं, वहीं वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सुरक्षा और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठा रहे हैं। कई यूज़र्स ने तान्या पर सोशल आइकॉन होने के बावजूद गलत संदेश देने का आरोप लगाया है, जबकि कुछ लोग इसे सोशल मीडिया के नाम पर किया गया स्टंट बता रहे हैं।





