अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास भीषण विमान हादसा हुआ है। मेघाणीनगर में एयरपोर्ट के पास 242 यात्रियों वाली एअर इंडिया फ्लाइट क्रैश हुई है।
- अहमदाबाद में उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
- यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई शामिल थे।
- विमान डॉक्टरों के छात्रावास पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
- यह विमान AI171 था जो लंदन गैटविक जा रहा था।

गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। वहीं अहमदाबाद पुलिस के हवाले ने रायटर्स ने लिखा है कि- अहमदाबाद के एक अस्पताल में 240 से ज्यादा लोगों के शव लाए गए हैं। बता दें कि, 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 गुरुवार दोपहर भीषण हादसे का शिकार हो गई। अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के महज 5 मिनट बाद, यह विमान मेघाणी नगर इलाके में एक रिहायशी बिल्डिंग से टकराकर क्रैश हो गया। हादसे में अब तक 133 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे की भयावह तस्वीरें आईं सामने
क्रैश के बाद की जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, वे दिल दहला देने वाले हैं। मौके पर मलबे में तब्दील हो चुकी बिल्डिंग, जलता हुआ मलबा, और हवा में उठता घना काला धुआं साफ तौर पर इस हादसे की भयावहता को बयां कर रहे हैं।
सीधे इमारत से जा टकराया विमान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान बहुत कम ऊंचाई पर उड़ता दिखा और फिर भारी आवाज के साथ सीधा एक पांच मंजिला इमारत से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इमारत का एक बड़ा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के कई मकानों की खिड़कियां और दीवारें भी टूट गईं।
राहत कार्य जारी, मलबे में फंसे हो सकते हैं लोग
दमकल, NDRF और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर जुटी हुई हैं। क्रेन और कटिंग उपकरणों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। आशंका है कि बिल्डिंग के भीतर भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। घायलों को शहर के बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
कौन थे पायलट और कितने लोग थे सवार?
विमान को कैप्टन सुमीत सभरवाल उड़ा रहे थे, जिनके पास 8200 घंटे का उड़ान अनुभव था। फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे — जिनमें 230 वयस्क यात्री, 11 बच्चे, 2 नवजात, 10 क्रू और 2 पायलट शामिल थे।
विजय रूपाणी भी थे फ्लाइट में सवार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस विमान में सवार थे। वह लंदन में रह रही बेटी से मिलने जा रहे थे। उनकी स्थिति को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
किसी के बचने की संभावना नहीं- पुलिस आयुक्त
एपी ने अहमदाबाद आयुक्त जीएस मलिक के हवाले से बताया, ‘ऐसा प्रतीत होता है कि विमान दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है।’ उन्होंने कहा कि चूंकि विमान आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जहां कार्यालय भी थे, इसलिए ‘कुछ स्थानीय लोग भी मारे गए होंगे।’ उन्होंने कहा, ‘हताहतों की सटीक संख्या का पता लगाया जा रहा है।’ बता दें कि, एअर इंडिया का ये विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 240 से अधिक लोग सवार थे।
विमान दुर्घटना में घायल हुए 25 लोगों की सूची जारी
अहमदाबाद पुलिस ने अहमदाबाद में विमान दुर्घटना में घायल हुए 25 लोगों की सूची जारी की है। गुजरात स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा, ‘अहमदाबाद सिविल अस्पताल के छात्र छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवासीय क्षेत्र उस क्षेत्र में स्थित हैं जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घायलों में से लगभग 50 को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में लाया गया है।’
हरियाणा के सीएम ने हादसे पर जताया गहरा दुख
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि विमान ने उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया। यह एक बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि सरकार हर संभव मदद करेगी। साथ ही कहा कि इसकी पूरी जांच की जाएगी।
इलाज के भारत आई थी लेकिन..
अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर हुए भयावह विमान हादसे ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इसी सिलसिले में AI-171 यात्री के एक रिश्तेदार ने कहा कि इस घटना में मेरी भाभी की मौत हो गई है। वह लंदन में रहती हैं और इलाज के लिए भारत आई थीं।
भारत में विमान हादसे पर अमेरिका की बड़ी प्रतिक्रिया, ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी बोले- जांच में देंगे हरसंभव मदद
अमेरिका के परिवहन सचिव शॉन डफी ने भारत में हुए एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर दुख जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में हुई दुर्घटना से हम बहुत दुखी हैं…हम दुर्घटना की जांच में भारत की सहायता के लिए राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड के साथ काम कर रहे हैं। संघीय उड्डयन प्रशासन के जांचकर्ता दुर्घटना स्थल पर तैनात हैं। हम उड़ान भरने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक डेटा प्राप्त करने के लिए अतिरिक्त संसाधन भेजने के लिए तैयार हैं। FAA ने जांच के हिस्से के रूप में किसी भी आवश्यक जानकारी की समीक्षा करने के लिए बोइंग और GE को पहले ही शामिल कर लिया है। चूंकि NTSB जांच का नेतृत्व कर रहा है, इसलिए हम किसी भी सुरक्षा अनुशंसा को लागू करने में संकोच नहीं करेंगे। हम तथ्यों का पालन करेंगे और सुरक्षा को सबसे पहले रखेंगे
एयर इंडिया ने दी पुष्टि: 242 में से 241 की मौत, एकमात्र जीवित बचा यात्री अस्पताल में भर्ती
एयर इंडिया ने अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर एक बयान जारी किया है। ट्वीट में एयरलाइन ने बताया कि हादसे के समय विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सिर्फ एक यात्री जीवित बच पाया है, जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
पीएम नरेंद्र मोदी आज कर सकते अहमदाबाद का दौरा
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद देशभर में दुख का माहौल है। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद का दौरा कर सकते है। संभावना इस बात की तेज है कि पीएम मोदी घटना स्थल का दौरा भी कर सकते है।
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद ब्रिटिश उच्चायोग के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे।
अहमदाबाद विमान हादसे की जांच में मदद करेगा अमेरिका
अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया के बोइंग 787 विमान हादसे की जांच में अब अमेरिका की राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) भी शामिल होगी। NTSB ने अपने आधिकारिक ट्वीट में जानकारी दी है कि वह एक विशेषज्ञों की टीम भारत भेज रही है, जो भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के साथ मिलकर इस गंभीर हादसे की जांच में सहयोग करेगी।
अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे पर सेनाध्यक्ष और नौसेना प्रमुख ने जताया शोक
अहमदाबाद विमान हादसे को पर भारतीय सशस्त्र बलों के प्रमुख (CDS) जनरल अनिल चौहान और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने गहरा दुख जताया है। जनरल चौहान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पर पोस्ट कर कहा कि मैं और भारतीय सशस्त्र बल के सभी जवान अहमदाबाद में हुए इस दुखद एयर इंडिया विमान हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम पीड़ित परिवारों के लिए प्रार्थना करते हैं कि उन्हें यह दुख सहने की शक्ति मिले।
झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास बोले – यह पूरे देश के लिए बड़ा दुख
अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के कुछ ही देर बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना के बाद पूरे देश में दुख का माहौल है। इसी बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रघुवर दास ने हादसे पर गहरा शोक जताया।
उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि मैं बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। यह दिल दहला देने वाली घटना पूरे देश को झकझोर गई है। हमें मिलकर इन परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए।
आग से घटनास्थल का पारा हुआ 1000° सेल्सियस, जानवर-पक्षी जो जद में आए सब खाक
अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद विचलित करने वाला मंजर सामने आया है। अहमदाबाद के मेघाणीनगर में हुए इस हादसे में अब तक 265 लोगों के शव अहमदाबाद सिविल अस्पताल ले जाए जा चुके हैं। वहीं, विमानन कंपनी एयर इंडिया ने भी पुष्टि की है कि हादसे का शिकार हुए विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो चुकी है। वहीं, जीवित बचे एक मात्र शख्स का इलाज चल रहा है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सड़कों पर शव बिखरे पड़े थे। ज्यादातर शव बुरी तरह से झुलस गए। उनकी पहचान भी नहीं हो पा रही है। वहीं, हादसे के बाद से लगातार राहत और बचाव कार्य चल रहा है। इस बीच सामने आया है कि हादसे के कारण घटनास्थल का तापमान इतना ज्यादा बढ गया कि बचाव कार्य बेहद कठिनता से हो पा रहा है।

जानवर-पक्षी जो जद में आए सब जल गए
विस्फोट के बाद दुर्घटनाग्रस्त विमान के आसपास तापमान 1000 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार देर रात बताया कि घटनास्थल पर ताप इतना बढ़ गया कि यहां तक कि जानवरों और पक्षियों तक को भागने का मौका नहीं मिला और सभी जलकर खाक हो गए।

आठ सालों में नहीं देखी ऐसी आपदा
राज्य आपदा मोचन बल के एक सदस्य ने कहा कि वह करीब आठ साल से आपदा की स्थिति को देख रहे हैं, लेकिन ऐसी आपदा कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा, हम यहां पीपीई किट के साथ पहुंचे, लेकिन तापमान इतना ज्यादा था कि बचाव कार्य मुश्किल हो गया।
ऐसे हुआ हादसा
गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान उडान भरते ही भयावह हादसे में कैश हो गया और डॉक्टरों के छोत्रावास व नर्सिंग स्टाफ के आवासीय परिसर से टकरा गया। हादसे में कुल 266 लोगों की मौत हो गई। विमान में चालक देख समेत कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 लोगों की मौत हो गई। विमान से कूद जाने के कारण सिर्फ एक यात्री जिंदा बचा है। विमान में सवार गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई। 1996 के बाद देश में यह दूसरा बडा विमान हादसा है। हादसे की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो करेगा।
एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 बृहस्पतिवार को अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी। विमान ने अहमदाबाद के रनवे-23 से 13:39 बजे उड़ान भरी थी। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे। विमान में दो पायलट एवं 10 केबिन क्रू थे। दो इंजन वाला यह विमान उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही तेजी से नीचे की ओर आने लगा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास मेघानीनगर के सिविल अस्पत्ताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के पांच मंजिला छात्रावास पर गिर गया।

हादसे के वक्त विमान में था 1,26,907 लीटर ईंधन
हादसे के वक्त विमान में 1,26,907 लीटर ईंधन था। उड़ान के समय उसकी ऊंचाई 625 फीट थी। विमान क्रैश होते ही उसके ईंधन ने आग पकड़ ली। तेज धमाके से उसके परखच्चे उड़ गए, विमान ज्वालामुखी की तरह धधक उठा। घने काले धुएं का गुबार काफी दूर तक देखा गया। भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सड़कों पर शव बिखरे पड़े थे। ज्यादातर शव बुरी तरह से झुलस गए। उनकी पहचान भी नहीं हो पा रही है।





