लखनऊ/नई दिल्ली
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह 8:16 बजे निधन हो गया। 82 साल के मुलायम का गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में 50 दिन से इलाज चल रहा था। यूरिन और बीपी की प्रॉब्लम बढ़ने के बाद 2 अक्टूबर को उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ती गई।
निधन के बाद बेटे अखिलेश यादव ने जानकारी दी कि मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेताजी नहीं रहे।

मेदांता में सोमवार सुबह पिता मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते अखिलेश यादव।
मुलायम के निधन पर उत्तर प्रदेश में 3 दिन और बिहार में एक दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया गया है। अंतिम संस्कार के लिए मुलायम की पार्थिव देह सैफई स्थित पैतृक निवास लाई गई है। मंगलवार दोपहर 3 बजे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शाम को सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। ह

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम को सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी भी मौजूद रहेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को श्रद्धांजलि देने के लिए मेदांता भी पहुंचे थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राजद चीफ लालू यादव समेत सभी बड़े नेताओं ने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रह चुके मुलायम को श्रद्धांजलि दी है।
मोदी ने गुजरात की रैली में सबसे पहले मुलायम को याद किया
PM नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के भरुच में जनसभा कर रहे थे। यहां भी उन्होंने सबसे पहले मुलायम सिंह यादव को याद किया। कहा, “मुलायमजी का जाना देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मेरा मुलायमजी के साथ नाता विशेष प्रकार का रहा। हम दोनों मुख्यमंत्री के तौर पर मिला करते थे, वे भी और मैं भी दोनों के प्रति एक अपनत्व का भाव अनुभव करते थे।
2014 में जब भाजपा ने मुझे प्रधानमंत्री पद के लिए चुना तो मैंने विपक्ष में अपने परिचित लोगों को फोन करके आशीर्वाद लिया था। उस दिन मुलायमजी का वह आशीर्वाद, सलाह के दो शब्द आज भी मेरी अमानत हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर मुलायम सिंह यादव के साथ 8 तस्वीरें शेयर की…. उनमें से दो तस्वीरों में देखिए मोदी के मुलायम

यह तस्वीर भी तब की है, जब मोदी गुजरात और मुलायम यूपी के मुख्यमंत्री थे। अपने ट्वीट में PM मोदी ने इन मुलाकातों का जिक्र किया है।

यह तस्वीर मोदी के उत्तर प्रदेश दौरे की है, जब मुलायम ने बेटे अखिलेश के साथ उनकी अगुआनी की थी।
मुलायम की पब्लिक अपीयरेंस की आखिरी तस्वीर…

तबीयत खराब होने के बावजूद मुलायम ने राष्ट्रपति के चुनाव में हिस्सा लिया। वे 18 जुलाई को व्हील चेयर पर वोट डालने के लिए पहुंचे थे। ये उनकी आखिरी पब्लिक अपीयरेंस थी।
मुलायम पिछले दो साल से बीमार चल रहे थे, 26 सितंबर से मेदांता में भर्ती थे
मुलायम सिंह यादव दो साल से बीमार चल रहे थे। परेशानी अधिक बढ़ने पर उन्हें अक्सर हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाता रहा। पिछले साल उन्हें कोरोना भी हुआ था। 26 सितंबर 2022 को आखिरी बार चेकअप के लिए मुलायम सिंह यादव मेदांता गुरुग्राम पहुंचे थे। तब से आखिर तक वे वहीं भर्ती थे।
5 सितंबर 2022 को भी मुलायम सिंह को मेदांता में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। अक्टूबर 2020 में मुलायम कोरोना पॉजिटिव भी हो गए थे, हालांकि उन्होंने वैक्सीन लगवाई थी। अगस्त 2020 में पेट दर्द के चलते मेदांता में भर्ती कराए गए थे। जांच में यूरिन इन्फेक्शन का पता चला था।

यह फोटो 6 सितंबर की है। नीतीश कुमार जब मुलायम सिंह का हाल जानने मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। साथ में मौजूद थे अखिलेश यादव।
आज की कुछ और तस्वीरें देखिए…

गृह मंत्री अमित शाह ने मेदांता पहुंचकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।

मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश और उनके भाई शिवपाल से संवेदना जाहिर करते अमित शाह।

मेदांता से मुुलायम सिंह की पार्थिव देह दोपहर को सैफई ले जाई गई।

सैफई में मंगलवार दोपहर 3 बजे मुलायम का अंतिम संस्कार होगा। यहां तैयारियां शुरू हो गई हैं।
इतिहास से मुलायम सिंह यादव की कुछ तस्वीरें…

1996 से 1998 के बीच मुलायम देवेगौड़ा सरकार में रक्षा मंत्री रहे। टैंक पर मुलायम की तस्वीर उसी दौरान की है। मुलायम सिंह यादव के कारण ही शहीदों के शव राजकीय सम्मान के साथ उनके घर जाने शुरू हुए ताकि परिजन उनके अंतिम दर्शन कर सकें।

यह तस्वीर जुलाई 2015 में यूपी में हुई एक रोजा इफ्तार पार्टी की है। तब अखिलेश मुख्यमंत्री थे और उनके साथ हैं बेहद करीबी रहे अमर सिंह।

फरवरी 2002 की इस फोटो में मुलायम सिंह के साथ नजर आ रहे हैं अमिताभ बच्चन और उनकी पत्नी जया बच्चन। यह लखनऊ में हुई एक चुनावी रैली की फोटो है।

यह तस्वीर अगस्त 2005 की है। तब प्रधानमंत्री पद पर थे मनमोहन सिंह। मुलायम सिंह तब महिला आरक्षण को लेकर यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी से मुलाकात करने पहुंचे थे।

22 नवंबर 2018 को खींची गई ये तस्वीर मुलायम के जन्मदिन की है। तब लखनऊ में मुलायम का 80वां बर्थडे मनाया गया था।

समाजवादी पार्टी दफ्तर में ली गई मुलायम की इस तस्वीर में बेटे अखिलेश यादव उनके पैर छूते नजर आ रहे हैं।
तीन बार UP के मुख्यमंत्री और सात बार सांसद रहे
जवानी के दिनों में पहलवानी का शौक रखने वाले मुलायम सिंह ने 55 साल तक राजनीति की। मुलायम सिंह 1967 में 28 साल की उम्र में जसवंतनगर से पहली बार विधायक बने। जबकि उनके परिवार का कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं था। 5 दिसंबर 1989 को मुलायम पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। बाद में वे दो बार और प्रदेश के CM रहे। उन्होंने केंद्र में देवगौड़ा और गुजराल सरकार में रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। नेताजी के नाम से मशहूर मुलायम सिंह सात बार लोकसभा सांसद और नौ बार विधायक चुने गए।





