सीकर
भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने किसान आंदोलन और राकेश टिकैत पर हमला बोला है। सीकर के लक्ष्मणगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि आंदोलन करने किसान नहीं है। वे तो खालिस्तानी, आतंकवादी है। उन्होंने राकेश टिकैत के लिए कहा कि जब चुनाव में लोगों ने उन पर भरोसा नहीं किया तो वे अब किसान आंदोलन के नाम से जमीन तैयार कर रहे हैं। साक्षी महाराज का राजस्थान के चूरू में सालासर हनुमान जी के दर्शन कर दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।
किसान आंदोलन राजनीतिक स्टंट
उत्तर प्रदेश के उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि कांग्रेस से मिलकर साजिश के तहत आंदोलन किया जा रहा है। तभी तो पंजाब से आंदोलनकारियों को समर्थन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राकेश टिकैत ने 2014 में अजीतसिंह की पार्टी से चुनाव लड़ा था। उनको 9 हजार वोट भी नहीं मिले थे। अब जमीन तलाशने के लिए किसान आंदोलन खड़ा कर दिया। ये राजनीतिक स्टंट है। किसान तो खेत में काम कर रहा है। एमएसपी को लेकर जो आरोप लगा रहे हैं वे खिसियानी बिल्ली खंभा नोचें वाले हैं।
पीएम मोदी असंभव को संभव कर रहे हैं
सांसद ने कहा कि कल्पना युग से बाहर जाकर पीएम मोदी असंभव को संभव कर रहे हैं। इससे विपक्ष के पास कुछ बचा ही नहीं। इसलिए यही विपक्ष का रोना है। पेट्रोल और रसोई गैस की कीमत बढ़ी है। इस बात को नकारा नहीं जा सकता। लेकिन 65 साल में 13 करोड़ और 5 साल में 15 करोड़ गैस कनेक्शन भी दिए हैं।इस देश में अब बहुत कुछ पहली बार हो रहा है। धारा-370 हटाकर कश्मीर को बचा लिया। अयोध्या में राम मंदिर बगैर किसी विरोध के बन रहा है। मोदी देश की राजनीति करते हैं। कुछ लोग एक परिवार की राजनीति करते हैं। कुछ लोग हैं जो एक जाति की राजनीति करते हैं। हमारे लिए राष्ट्र पहले है। इसलिए राजनीति करते हैं। वोटो की राजनीति नहीं करते हैं।
काशी-मथुरा के सवाल पर कहा- मोदी हैं तो मुमकिन है
राम मंदिर के बाद काशी और मथुरा को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में साक्षी महाराज ने कहा-मोदी है तो मुमकिन है। इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। मुझे लगता है कि शांतिपूर्ण इसका हल होगा तो जरूर होना चाहिए।उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। कांग्रेस की तरह नहीं है कि कभी बेटा अध्यक्ष बने तो कभी मां। फिर बेटा और फिर मां। वो एक परिवार से बाहर नहीं निकलते हैं।





