- श्रद्धा मर्डर केस: 100 सवालों से होगा अफताब का सामना
- श्रद्धा हत्याकांड में आरोपी आफताब पूनावाला का नार्को टेस्ट पुलिस हिरासत खत्म होने से एक दिन पहले सोमवार को हो सकता है। बताया जाता है कि पॉलीग्राफ टेस्ट एफएसएल रोहिणी में और नार्को टेस्ट आंबेडकर हॉस्पिटल में पुलिस, डॉक्टर, मनोवैज्ञानिक और एफएसएल के एक्सपर्ट के सामने होगा। इसमें आफताब से करीब 100 सवाल पूछे जाएंगे। कोर्ट ने 17 नवंबर को आरोपी का ‘नार्को टेस्ट’ करने की अनुमति दी थी।
- मैंने प्रधानमंत्री जी का एक भाषण सुना उन्होंने एक नया शब्द (आदिवासियों के लिए) इस्तेमाल किया ‘वनवासी’। इन दोनों शब्द का मतलब बिलकुल अलग है। ‘आदिवासी’ कहता है कि आप लोग हिंदुस्तान के असली मालिक हो। ‘वनवासी’ कहता है कि आप जंगल में रहते हो। इसका मतलब कि ‘वनवासी’ शहर में नहीं हर सकता, ‘वनवासी’ हवाई जहाज में नहीं उड़ सकता, उनका बेटा इंजिनियर नहीं बन सकता, उनकी बेटी डॉक्टर नहीं बन सकती।
- राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद (भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के जलगांव जामोद में)
- वैशाली हादसा: राष्ट्रपति, पीएम, सीएम ने जताया शोक
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में हुई सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री ने मृतक के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सड़क हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को अनुग्रह अनुदान देने और घायलों के इलाज के निर्देश दिए हैं।
- चीन में 6 महीने बाद कोविड से मौत
- चीन में 6 महीने बाद कोरोना से पहली मौत हुई है। पेइचिंग में 87 वर्षीय शख्स की इस वायरस में जान गई है। चीन में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए कठोर जीरो कोविड पॉलिसी लागू है। लेकिन यह मौत ऐसे समय हुई है, जब केस फिर से बढ़ रहे हैं। चौबीस घंटों में इस देश में 24 हजार से ज्यादा केस आए हैं। सबसे खराब हालत ग्वांग्झू में है। वहां 2.5 लाख लोगों के लिए क्वारंटीन रूम बनाने की तैयारी है। हालांकि अब भी केस अमेरिका और अन्य देशों की तुलना में कम हैं, लेकिन चीन सरकार हर मरीज को क्वारंटीन कर इन्फेक्शन को रोकने की नीति पर चल रही है।
- महंगा हुआ मदर डेयरी का दूध, नई कीमतें आज से लागू
- मदर डेयरी ने अपने फुल क्रीम दूध के एक लीटर वाले पैकेट और टोकन वाले दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। फुल क्रीम दूध के दाम में एक रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। अब फुल क्रीम दूध का 1 लीटर वाला पैकेट 63 रुपये के बजाय 64 रुपये में मिलेगा। टोकन मिल्क के दामों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी किए जाने की वजह से यह दूध 48 के बजाय 50 रुपये लीटर मिलेगा। नई कीमतें सोमवार से पूरे दिल्ली-एनसीआर में लागू हो जाएंगी। फुल क्रीम दूध के 500 एमएल यानी आधा लीटर वाले पैकेट की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। इस बढ़ोतरी के पीछे मुख्य वजह लागत में बढ़ोतरी को बताया जा रहा है।
- डीलक्स होटलों में कुंद्रा ने शुरू किया था पॉर्न
- !महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने बॉलिवुड ऐक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इसमें कुंद्रा समेत अन्य पर कुछ डीलक्स होटलों में पोर्नोग्राफी कंटेंट बनाने का आरोप लगाया गया है, जिन्हें ओटीटी प्लैटफॉर्म द्वारा धन संबंधी लाभ के लिए वितरित किया गया।
- नेपाल में पड़े वोट, नतीजे 8 दिन में
- नेपाल में नई संसद और प्रांतीय विधानसभाओं के सदस्यों के लिए रविवार को चुनाव हुआ। चुनाव में लगभग 60% मतदान दर्ज किया गया। चुनावी हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वोटों की गिनती रात में ही शुरू हो गई। नतीजे 8 दिन में आने की उम्मीद है।
- जुड़वां बच्चो की मां बनीं ईशा अंबानी
- देश के दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी की बेटी ईशा ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है। इन जुड़वां बच्चों में एक लड़का और एक लड़की है। बच्चों का नाम आदिया और कृष्णा रखा गया है।
आज के सार समाचार





